जॉन डियर इंडिया ने एक साल में 1 लाख ट्रैक्टरों की बिक्री का आंकड़ा पार किया

जॉन डियर इंडिया ने एक डीयर वित्त वर्ष में 1 लाख से अधिक ट्रैक्टरों की बिक्री का आंकड़ा पार किया है। यह उपलब्धि किसानों के भरोसे, मजबूत डीलर नेटवर्क और कृषि मशीनीकरण में बढ़ती मांग को दर्शाती है। भारत से कंपनी 110 से अधिक देशों में उत्पादों का निर्यात करती है।

जॉन डियर इंडिया ने एक साल में 1 लाख ट्रैक्टरों की बिक्री का आंकड़ा पार किया

जॉन डियर इंडिया ने एक वित्त वर्ष (नवंबर-अक्टूबर) के दौरान भारत में एक लाख से अधिक ट्रैक्टरों की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। कंपनी ने 3 नवंबर 2026 को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह आंकड़ा उसके उत्पादों, तकनीक और ग्राहक सेवा नेटवर्क में भारतीय किसानों और कृषि उद्यमियों के विश्वास को रेखांकित करता है।

कृषि उत्पादकता और कार्यक्षमता बढ़ाने में कृषि मशीनीकरण की भूमिका लगातार बढ़ रही है। जॉन डियर ने कहा कि वह विभिन्न फसलों, खेती के तरीकों और कृषि-जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए उत्पादों और समाधानों के जरिए भारतीय कृषि की बदलती आवश्यकताओं को पूरा कर रही है।

जॉन डियर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं कंट्री मैनेजर तथा कंस्ट्रक्शन एंड फॉरेस्ट्री वर्ल्डवाइड के प्रेसिडेंट के रणनीतिक सलाहकार राजेश सिन्हा ने कहा, "एक साल में 1 लाख से अधिक ट्रैक्टरों की बिक्री केवल कारोबारी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह भारतीय किसानों और हमारे डीलर भागीदारों के जॉन डियर पर भरोसे का प्रतिबिंब है।" उन्होंने कहा कि कंपनी विश्वसनीय मशीनरी, उन्नत तकनीक और ऐसे समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जो किसानों की उत्पादकता, लाभप्रदता और टिकाऊ खेती को बढ़ावा दें।

जॉन डियर पिछले 28 वर्षों से अधिक समय से भारत में कारोबार कर रही है। देश में मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, तकनीक और वितरण से जुड़े कारोबार का व्यापक नेटवर्क है। कंपनी के ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग संयंत्र महाराष्ट्र के पुणे और मध्य प्रदेश के देवास में स्थित हैं। इसकी इंजीनियरिंग और एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी से जुड़ी गतिविधियां पुणे में संचालित होती हैं। कंपनी की ग्लोबल आईटी गतिविधियां पुणे और बेंगलुरु में हैं। नागपुर और इंदौर में उसके पार्ट्स वितरण केंद्र तथा पुणे में वित्तीय सेवा कारोबार का संचालन होता है।

भारत जॉन डियर के वैश्विक कारोबार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कंपनी भारत में निर्मित उत्पादों का 110 से अधिक देशों में निर्यात करती है।

कंपनी के अनुसार, यह उपलब्धि उसके कर्मचारियों, डीलरों, आपूर्तिकर्ताओं और कारोबारी भागीदारों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। कंपनी ने कहा कि वह कृषि की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए तकनीक आधारित समाधान विकसित करने पर अपना ध्यान जारी रखेगी।

Subscribe Rural Voice Newsletter