पश्चिम बंगाल में पहली भाजपा सरकार का गठन 9 मई को, तमिलनाडु में विजय ने पेश किया दावा
पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद अब सरकार बनाने की बारी है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन को समाप्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी 9 मई को सरकार बनाने जा रही है। असम में 11 मई को नई सरकार का गठन होने की उम्मीद है। तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी टीवीके के नेता जोसफ विजय ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा किया है।
पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद अब सरकार बनाने की बारी है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन को समाप्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी 9 मई को सरकार बनाने जा रही है। असम में 11 मई को नई सरकार का गठन होने की उम्मीद है। तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी टीवीके के नेता जोसफ विजय ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा किया है, हालांकि उनकी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है।
पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने बताया कि 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार शपथ लेगी। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के भी भाग लेने की उम्मीद है।
इस बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राज्य के अधिकारियों को चुनाव बाद हिंसा में शामिल लोगों को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि नतीजे आने के बाद 5 मई को राज्य में हुई हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई। अनेक जगहों पर तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई। यहां तक कि कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में बुलडोजर से दुकानों को तोड़ा गया।
पश्चिम बंगाल के अलावा असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव हुए थे। असम में भारतीय जनता पार्टी ने वापसी की है। यहां मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ इस्तीफा दे दिया ताकि नई सरकार का गठन किया जा सके। हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि नई सरकार के लिए शपथ ग्रहण समारोह 11 मई को हो सकता है।
तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आरलेकर से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया। टीवीके इस चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी है लेकिन बहुमत से पीछे है। कांग्रेस ने टीवीके का समर्थन करने की घोषणा की है। जोसेफ विजय वीसीके तथा दो वामपंथी दलों से भी सहयोग की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडनकर ने कहा कि विजय की तरफ से समर्थन का औपचारिक आग्रह आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने समर्थन देने का निर्णय लिया है। इसी के साथ तमिलनाडु में डीएमके और कांग्रेस का दो दशक से पुराना रिश्ता टूट गया है। दोनों पार्टियों ने वर्ष 2004 में लोकसभा चुनाव के समय मिलकर लड़ा था। तब से दोनों दलों का गठबंधन कुल मिलाकर बना हुआ था।

Join the RuralVoice whatsapp group















