भारत में बागवानी फसलों के क्षेत्रफल में गिरावट, फिर भी उत्पादन 4.36% बढ़ने का अनुमान

कृषि मंत्रालय के तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार, वर्ष 2025-26 में देश का कुल बागवानी उत्पादन 4.36 फीसदी बढ़कर 38.69 करोड़ टन रहने की संभावना है। कम रकबे के बावजूद फल, सब्जियों, फूलों और रोपण फसलों के उत्पादन में बढ़ोतरी का अनुमान है।

भारत में बागवानी फसलों के क्षेत्रफल में गिरावट, फिर भी उत्पादन 4.36% बढ़ने का अनुमान

देश में बागवानी फसलों के कुल क्षेत्रफल में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद उत्पादन में अच्छी बढ़ोतरी का अनुमान है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी बागवानी फसलों के तीसरे अग्रिम अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में बागवानी फसलों का कुल क्षेत्रफल लगभग 297.21 लाख हेक्टेयर रहने की संभावना है, जबकि 2024-25 में यह 301.36 लाख हेक्टेयर था। 

अग्रिम अनुमान के अनुसार, वर्ष 2025-26 में देश का कुल बागवानी उत्पादन रिकॉर्ड 38.69 करोड़ टन तक पहुंचने की उम्मीद है, जो वर्ष 2024-25 के 37.07 करोड़ टन के मुकाबले 161.77 लाख टन यानी 4.36 फीसदी अधिक है। यानी कम रकबे के बावजूद बागवानी उत्पादन में बढ़ोतरी का अनुमान है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन अनुमानों को जारी करते हुए कहा कि बागवानी क्षेत्र में रिकॉर्ड उत्पादन किसानों की मेहनत और सरकार की किसान हितैषी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इससे देश की पोषण सुरक्षा मजबूत होगी और बागवानी किसानों की आमदनी बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, भारतीय कृषि में विविधीकरण का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। किसान पारंपरिक फसलों के साथ फल, सब्जियों, फूलों, मसालों, रोपण फसलों तथा सुगंधित एवं औषधीय पौधों की खेती की ओर रुख कर रहे हैं। इससे किसानों के लिए आय के नए स्रोत खुल रहे हैं और कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की संभावनाएं बढ़ रही हैं। 

फलों का उत्पादन 4.60 फीसदी बढ़ने का अनुमान

तीसरे अग्रिम अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में फलों का उत्पादन 12.31 करोड़ टन रहने की संभावना है, जो पिछले वर्ष के 11.77 करोड़ टन से 54.18 लाख टन यानी 4.60 फीसदी अधिक है। केला, आम, पपीता, सेब, अनार और कटहल के बेहतर उत्पादन से इसमें बढ़ोतरी का अनुमान है।

सब्जियों का उत्पादन 22.73 करोड़ टन पहुंचने की उम्मीद

सब्जियों के उत्पादन में भी अच्छी वृद्धि का अनुमान है। वर्ष 2025-26 में सब्जियों का उत्पादन 22.73 करोड़ टन रहने की संभावना है, जो पिछले वर्ष के 21.78 करोड़ टन से 4.35 फीसदी अधिक है। इस दौरान सब्जियों का रकबा भी 117.91 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 119.31 लाख हेक्टेयर होने का अनुमान है।

आलू और टमाटर के उत्पादन में विशेष बढ़ोतरी की संभावना है। आलू का उत्पादन पिछले वर्ष के 585.71 लाख टन की तुलना में 11.95 फीसदी बढ़कर 655.70 लाख टन रहने का अनुमान है। वहीं, टमाटर का उत्पादन 205.99 लाख टन से बढ़कर 214.11 लाख टन होने की संभावना है। प्याज का उत्पादन 288.96 लाख टन रहने का अनुमान है। इसके अलावा बैंगन, लौकी, खीरा, गोभी, फलियों और मटर के उत्पादन में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है।

फूलों के उत्पादन में 14.45 फीसदी वृद्धि

फूलों की खेती में भी उल्लेखनीय विस्तार का अनुमान है। वर्ष 2025-26 में फूलों का उत्पादन 48.82 लाख टन रहने की संभावना है, जो पिछले वर्ष के 42.65 लाख टन से करीब 14.45 फीसदी अधिक है। फूलों की खेती का क्षेत्रफल भी बढ़कर 4.10 लाख हेक्टेयर होने का अनुमान है।

रोपण फसलों और मसालों का उत्पादन बढ़ेगा

रोपण फसलों के उत्पादन में भी अच्छी वृद्धि की संभावना है। सुपारी, नारियल, काजू, पान के पत्ते और कोको जैसी फसलों का कुल उत्पादन 7.56 फीसदी बढ़कर 182.64 लाख टन रहने का अनुमान है। वहीं, सुगंधित एवं औषधीय पौधों का उत्पादन पिछले वर्ष के 9.01 लाख टन से बढ़कर 9.28 लाख टन होने की संभावना है।

सुपारी एवं मसाला विकास निदेशालय के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025-26 में मसालों का कुल क्षेत्रफल 47.56 लाख हेक्टेयर और उत्पादन 123.54 लाख टन रहने का अनुमान है। हल्दी, लहसुन, करी पत्ता और इलायची की बेहतर पैदावार से मसालों के उत्पादन में बढ़ोतरी की उम्मीद है।

केंद्रीय मंत्री चौहान के अनुसार, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और अन्य सरकारी एजेंसियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जारी इन आंकड़ों की सबसे खास बात यह है कि कम क्षेत्रफल में भी रिकॉर्ड पैदावार दर्ज की जा रही है। 

Subscribe Rural Voice Newsletter