डीएपी की बिक्री बढ़ी, यूरिया और एनपीके की घटी; सब्सिडी 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान

चालू वित्त वर्ष 2026-27 में डीएपी को छोड़कर प्रमुख उर्वरकों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। अप्रैल-अक्टूबर के दौरान यूरिया की बिक्री 3.7 फीसदी और एनपी/एनपीके की बिक्री 25.5 फीसदी घटी है। इस साल उर्वरक सब्सिडी का बिल 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।

कमजोर मानसून और अल-नीनो के प्रभाव की आशंकाओं के बीच खरीफ के बाद रबी सीजन में भी उर्वरकों की खपत प्रभावित होने के संकेत मिल रहे हैं। भारत में डाई-अमोनियम फॉस्फेट (DAP) को छोड़कर प्रमुख उर्वरकों-यूरिया, एनपी/एनपीके, एसएसपी और एमओपी की बिक्री में गिरावट आई है। इससे सरकार को उर्वरक सब्सिडी के मद में कुछ बचत हो सकती है, लेकिन देश के कृषि और बागवानी उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। इसके साथ ही उर्वरकों के संतुलित उपयोग की समस्या भी बढ़ती जा रही है।

चालू वित्त वर्ष 2026-27 में उर्वरक सब्सिडी का खर्च करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। पहले इसके 3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा था, जबकि केंद्रीय बजट में इसके लिए 1.71 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था।

फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) के चेयरमैन एस. शंकरसुब्रमण्यन ने सोमवार को बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में उर्वरक सब्सिडी का बिल करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। इससे पहले उर्वरक सब्सिडी का सबसे ऊंचा स्तर वित्त वर्ष 2022-23 में करीब 2.55 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। मौजूदा अनुमान भी इसी स्तर के करीब पहुंच रहा है, जो पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में दर्ज 1.86 लाख करोड़ रुपये की उर्वरक सब्सिडी से काफी अधिक है।

FAI के सह-अधक्ष सिबा प्रसाद मोहंती के अनुसार, रबी सीजन की जरूरतों को पूरा करने के लिए देश में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता रहेगी। उर्वरकों का घरेलू उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काफी प्रयास किए जा रहे हैं। 

अल-नीनो और कम बारिश से खपत पर असर

FAI के चेयरमैन के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में देश की कुल उर्वरक खपत घटकर 6.5 से 6.7 करोड़ टन रह सकती है, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 में यह करीब 7 करोड़ टन थी। इसके पीछे कॉम्प्लेक्स उर्वरकों की कमजोर मांग और अल-नीनो के प्रभाव से कम बारिश को प्रमुख कारण माना जा रहा है। 

यूरिया की बिक्री घटी, डीएपी की बढ़ी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूरिया की कीमतों में गिरावट से उर्वरक सब्सिडी के अनुमान में कुछ कमी आई है। मई 2026 में युद्ध के बाद यूरिया की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 947 डॉलर प्रति टन तक पहुंच गई थी, जो अब घटकर लगभग 357 डॉलर प्रति टन रह गई है।

FAI के आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान यूरिया की बिक्री 3.7 फीसदी घटकर 208.5 लाख टन रह गई। दूसरी ओर, यूरिया का घरेलू उत्पादन 3.1 फीसदी बढ़कर 176.7 लाख टन हो गया। इस दौरान यूरिया के आयात में करीब 22.9 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 72 लाख टन तक पहुंच गया।

FAI के चेयरमैन का अनुमान है कि चालू वित्त वर्ष में यूरिया का आयात पिछले साल के बराबर रह सकता है या इसमें कुछ कमी आ सकती है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने रिकॉर्ड 103.5 लाख टन यूरिया का आयात किया था।

यूरिया के घरेलू उत्पादन और आयात में बढ़ोतरी के बावजूद इसकी बिक्री में करीब 4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। इसके पीछे खरीफ सीजन और रबी की बुवाई पर अल-नीनो के संभावित प्रभाव के साथ-साथ किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने में आ रही तकनीकी दिक्कतों को भी एक कारण माना जा रहा है।

इसके विपरीत, डीएपी की बिक्री में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। अप्रैल से अक्टूबर के दौरान डीएपी की बिक्री 1.6 फीसदी बढ़कर 58.1 लाख टन हो गई, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह 57.2 लाख टन थी। डीएपी का घरेलू उत्पादन 4.6 फीसदी बढ़कर 24.2 लाख टन तक पहुंच गया, जबकि इसका आयात 5.8 फीसदी घटकर करीब 44 लाख टन रह गया।

एनपीके और एमओपी की बिक्री में गिरावट

सबसे अधिक गिरावट कॉम्प्लेक्स उर्वरकों (NP/NPK) की बिक्री में आई है। अप्रैल से अक्टूबर के दौरान इनकी बिक्री पिछले साल की समान अवधि के 89.2 लाख टन से करीब 25.5 फीसदी घटकर 66.5 लाख टन रह गई। सिंगल सुपर फॉस्फेट (SSP) की बिक्री में भी 5.5 फीसदी की गिरावट आई और यह 32.9 लाख टन रही। वहीं, म्यूरेट ऑफ पोटाश (MOP) की बिक्री 10.7 फीसदी घटकर 11.6 लाख टन रह गई।

कॉम्प्लेक्स उर्वरकों की बिक्री में गिरावट के साथ इनके घरेलू उत्पादन और आयात में भी कमी आई है। अप्रैल से अक्टूबर के दौरान एनपी/एनपीके उर्वरकों का घरेलू उत्पादन 36.1 फीसदी घटकर 45 लाख टन और आयात 32.6 फीसदी घटकर 15.6 लाख टन रह गया। इसके विपरीत, एमओपी का आयात 36.2 फीसदी बढ़कर 21.4 लाख टन हो गया।

उर्वरकों का असंतुलित उपयोग बढ़ा

देश में उर्वरकों की बिक्री के ताजा आंकड़े इनके असंतुलित उपयोग की समस्या बढ़ने की ओर इशारा करते हैं। सरकारी सब्सिडी के चलते डीएपी अपेक्षाकृत सस्ता होने से इसकी खपत बढ़ी है, जबकि अधिक कीमत वाले कॉम्प्लेक्स उर्वरकों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है।

उर्वरकों के असंतुलित उपयोग पर चिंता जताते हुए FAI के प्रतिनिधियों ने यूरिया को भी न्यूट्रिएंट बेस्ड सब्सिडी (NBS) व्यवस्था के तहत लाने की वकालत की है। फिलहाल डीएपी, एमओपी और अन्य फॉस्फेटिक एवं पोटाशिक उर्वरकों पर एनबीएस व्यवस्था लागू है, जबकि यूरिया की कीमत सरकार द्वारा नियंत्रित की जाती है।

26 से 28 नवंबर तक FAI का वार्षिक सम्मेलन

फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) का वार्षिक सेमिनार 2026 नई दिल्ली में 26 से 28 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष सेमिनार की थीम 'सतत कृषि के लिए उर्वरकों के भविष्य को सुरक्षित करना' रखी गई है।

भारत के उर्वरक क्षेत्र के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक ओर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे माल और प्राकृतिक गैस की कीमतों के कारण सरकारी सब्सिडी का खर्च बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर महंगे उर्वरकों, कम बारिश और कमजोर मांग के कारण इनकी खपत में गिरावट आ रही है। ऐसे में किसानों को उचित कीमत पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ घरेलू उत्पादन बढ़ाना और पोषक तत्वों के संतुलित इस्तेमाल को प्रोत्साहित करना महत्वपूर्ण होगा।