खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर FSSAI की चार कंपनियों के खिलाफ अभियोजन को मंजूरी

FSSAI ने असुरक्षित, घटिया गुणवत्ता और गलत लेबलिंग वाले खाद्य उत्पादों के मामले में चार कंपनियों के खिलाफ अभियोजन को मंजूरी दी है। जांच में मसालों में कीटनाशक अवशेष, हल्दी में टिन, कुकीज में अनधिकृत रंग और अखरोट में खराबी मिली।

AI image

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने असुरक्षित, घटिया गुणवत्ता वाले और गलत लेबलिंग के साथ बेचे जा रहे खाद्य उत्पादों के मामले में चार खाद्य निर्माता कंपनियों के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दी है। प्रयोगशाला जांच में इन कंपनियों के उत्पादों में निर्धारित सीमा से अधिक कीटनाशक अवशेष, भारी धातुओं का प्रदूषण, अनधिकृत खाद्य रंग, पोषण संबंधी गलत जानकारी और खाद्य पदार्थों के खराब होने जैसी गड़बड़ियां पाई गईं।

इस कार्रवाई के दायरे में आशा कन्फेक्शनरी, मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, टिट बिट फूड्स इंडिया प्रा.लि. और वसंत मसाला प्रा.लि. शामिल हैं। इन कंपनियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन की मंजूरी दी गई है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ओर से लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच में ये उल्लंघन सामने आए। जिन मामलों में खाद्य कारोबारियों ने शुरुआती जांच के निष्कर्षों को चुनौती दी, उनमें नमूनों को दोबारा जांच के लिए रेफरल खाद्य प्रयोगशाला (Referral Food Laboratory) भेजा गया। वहां भी पहले की जांच में सामने आई गड़बड़ियों की पुष्टि हुई।

मिर्च पाउडर में तय सीमा से अधिक कीटनाशक अवशेष

दो मसाला निर्माता कंपनियों, वसंत मसाला और टिट-बिट फूड्स के उत्पादों में निर्धारित सीमा से अधिक कीटनाशक अवशेष पाए गए। वसंत मसाला के परिसर से लिए गए 'चिली पाउडर (कुमठी कश्मीरी)' के नमूने में डाइफेनोकोनाजोल (Difenoconazole) नामक कीटनाशक के अवशेष निर्धारित अधिकतम सीमा से अधिक पाए गए। कंपनी की अपील के बाद नमूने की जांच रेफरल प्रयोगशाला में कराई गई। वहां भी शुरुआती जांच के निष्कर्ष सही पाए गए और उत्पाद को खाद्य सुरक्षा एवं मानक (संदूषक, विषाक्त पदार्थ एवं अवशेष) विनियम, 2011 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।

टिट-बिट फूड्स के 'प्री-पैक्ड चिली पाउडर सांकेश्वरी' में भी कीटनाशक अवशेष निर्धारित सीमा से अधिक पाए गए। इसके चलते उत्पाद को उपभोग के लिए असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी के खिलाफ एक अन्य मामला उसके पैक्ड हल्दी पाउडर से जुड़ा है। इसकी जांच में टिन की मात्रा 0.014 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम पाई गई, जबकि निर्धारित अधिकतम सीमा 0.01 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम है। भारी धातु की अधिक मात्रा के कारण इस उत्पाद को भी असुरक्षित घोषित किया गया।

चॉकलेट कुकीज में गलत लेबलिंग और प्रतिबंधित खाद्य रंग

आशा कन्फेक्शनरी के 'प्री-पैक्ड चॉकलेट फिल्स कुकीज' को गलत लेबलिंग, घटिया गुणवत्ता और असुरक्षित होने के आधार पर कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। प्रयोगशाला जांच में पैकेट पर दी गई कुल शर्करा और अतिरिक्त शर्करा की मात्रा तथा वास्तविक जांच के परिणामों में अंतर पाया गया। इसके अलावा, लेबल पर अनिवार्य रूप से घोषित किए जाने वाले अवयवों की जानकारी नहीं दी गई थी। 

जांच में उत्पाद के भीतर कृत्रिम खाद्य रंग कार्मोसिन (Carmosine) भी पाया गया, जिसका उल्लेख लेबल पर नहीं था। जांच में टार्ट्राजिन (Tartrazine) नामक खाद्य रंग की मात्रा भी निर्धारित सीमा से अधिक मिली। इसके अलावा, सनसेट येलो एफसीएफ (Sunset Yellow FCF) भी पाया गया, जिसके संबंधित खाद्य श्रेणी में इस्तेमाल की अनुमति नहीं है।

अखरोट की गिरी में खराबी और कीटों से नुकसान

मीमांसा इंडस्ट्रीज के खिलाफ अखरोट की गिरी (Walnut Kernels) के नमूने में गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा संबंधी कई कमियां मिलने पर अभियोजन की मंजूरी दी गई है। शुरुआती जांच में कीटों से क्षतिग्रस्त अखरोट की गिरी और कुल खराब इकाइयों की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। कंपनी की अपील के बाद रेफरल खाद्य प्रयोगशाला ने दोबारा जांच की और इन गड़बड़ियों की पुष्टि की।

दोबारा जांच में नमी की मात्रा और वसा की अम्लता भी निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। इसके अलावा, अखरोट की गिरी में बासीपन और खराब होने के स्पष्ट संकेत मिले। इसके आधार पर उत्पाद को घटिया गुणवत्ता वाला और असुरक्षित, दोनों श्रेणियों में रखा गया।