मई में कई क्षेत्रों में बढ़ेंगे हीटवेव वाले दिन, लेकिन देश में औसत बारिश सामान्य से अधिक रहने की संभावना

मौसम विभाग के मई 2026 आउटलुक के अनुसार देश के कई हिस्सों में हीटवेव के दिनों में बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि, पूरे देश में औसत बारिश सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मई 2026 के लिए तापमान और वर्षा का मासिक आउटलुक जारी किया है। इस अवधि के दौरान देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने और न्यूनतम तापमान के सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों के साथ-साथ मध्य भारत के कुछ हिस्सों, उससे लगे हुए प्रायद्वीपीय भारत के क्षेत्रों तथा उत्तर-पूर्व भारत के दक्षिणी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से कम रहने के संकेत हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, मई 2026 में हिमालय की तलहटी के कुछ हिस्सों, पूर्वी तटीय राज्यों, गुजरात और महाराष्ट्र में हीटवेव (लू) वाले दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रह सकती है। हालांकि, इस दौरान देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रहने से गर्मी के असर (हीट स्ट्रेस) को कुछ हद तक कम करने में मदद मिल सकती है।

इसी अवधि में दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों, उत्तर-पूर्व के कुछ क्षेत्रों और उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

राहत की बात यह है कि मई 2026 के दौरान पूरे देश में औसत वर्षा सामान्य से अधिक रहने की सबसे अधिक संभावना है। देश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा सामान्य या सामान्य से अधिक रह सकती है। हालांकि, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत तथा पूर्वी-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।

इस वर्ष अल नीनो प्रभाव के चलते मानसून सीजन के दौरान सामान्य से कम बारिश की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में तटस्थ स्थितियां (ENSO) अल नीनो स्थितियों की ओर बढ़ रही हैं। नवीनतम पूर्वानुमानों से संकेत मिलता है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन के दौरान अल नीनो स्थितियां विकसित होने की संभावना है।