भारत का खाद्य तेल आयात 2025-26 के तेल वर्ष (नवंबर 2025 से अक्टूबर 2026) में बढ़कर करीब 2 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। इस दौरान देश ने 169.23 लाख टन खाद्य तेलों का आयात किया, जो पिछले तेल वर्ष 2024-25 के 160.1 लाख टन के मुकाबले 5.68 फीसदी अधिक है। वहीं, आयात पर खर्च 24 फीसदी बढ़कर 1.99 लाख करोड़ रुपये (21 अरब डॉलर) से अधिक हो गया, जबकि पिछले साल यह 1.61 लाख करोड़ रुपये (18.30 अरब डॉलर) था।
भारतीय तेल उद्योग के संगठन सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, खाद्य तेलों के आयात में बढ़ोतरी मुख्य रूप से पाम ऑयल और सोयाबीन तेल के अधिक आयात तथा त्योहारी सीजन में बढ़ी मांग के कारण हुई। SEA के कार्यकारी निदेशक बी. वी. मेहता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद्य तेलों की कीमतों में बढ़ोतरी और रुपये के कमजोर होने से भी आयात बिल बढ़ा है।
इन आंकड़ों से खाद्य तेलों के मामले में भारत की आयात पर बढ़ती निर्भरता का पता चलता है। 1990 के दशक से भारत घरेलू मांग और आपूर्ति के बीच के अंतर को पूरा करने के लिए खाद्य तेलों का आयात करता रहा है। पिछले दो दशकों (2005-06 से 2025-26) के दौरान खाद्य तेलों के आयात की मात्रा करीब 2.8 गुना बढ़ी है, जबकि आयात पर होने वाला खर्च लगभग 15 गुना बढ़ गया।
अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बढ़ोतरी और रुपये की कमजोरी का असर
खाद्य तेलों के आयात में बढ़ोतरी के पीछे पाम और सोयाबीन तेल के आयात में उछाल के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेजी और रुपये का अवमूल्यन भी प्रमुख कारण रहे हैं।
SEA के अनुसार, 2025-26 के तेल वर्ष में आरबीडी पामोलीन की औसत कीमत 7 फीसदी बढ़कर 1,182 डॉलर प्रति टन हो गई, जो पिछले साल 1,106 डॉलर प्रति टन थी। क्रूड पाम ऑयल की कीमत भी 8 फीसदी बढ़कर 1,242 डॉलर प्रति टन पहुंच गई, जबकि पिछले साल यह 1,148 डॉलर प्रति टन थी। इसी तरह, क्रूड सोयाबीन तेल की कीमत 12 फीसदी बढ़कर 1,319 डॉलर प्रति टन और क्रूड सूरजमुखी तेल की कीमत 12 फीसदी बढ़कर 1,483 डॉलर प्रति टन हो गई।
दूसरी ओर, इस अवधि में रुपये की विनिमय दर भी 88.37 रुपये प्रति डॉलर से बढ़कर 95.52 रुपये प्रति डॉलर हो गई। यानी डॉलर के मुकाबले रुपये में करीब 8.1 फीसदी की गिरावट आई। इससे आयातित खाद्य तेलों की लागत और बढ़ गई।
अक्टूबर में दो साल का सबसे ज्यादा आयात
त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य तेलों की मांग में तेजी आने से अक्टूबर 2026 में भारत ने 17.59 लाख टन खाद्य तेलों का आयात किया, जबकि सितंबर में यह मात्रा 15.44 लाख टन थी। इस तरह एक महीने में आयात 13.92 फीसदी बढ़ गया।
SEA के मुताबिक, अक्टूबर में खाद्य तेलों का आयात दो साल के सबसे ऊंचे स्तर पर रहा। अक्टूबर 2026 में देश का कुल वनस्पति तेल आयात (खाद्य एवं गैर-खाद्य तेल) 17.82 लाख टन रहा, जो अक्टूबर 2025 के 13.32 लाख टन से 34 फीसदी अधिक है।
गौरतलब है कि सितंबर 2026 में केंद्र सरकार ने त्योहारी सीजन से पहले घरेलू बाजार में खाद्य तेलों की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए क्रूड और रिफाइंड खाद्य तेलों पर मूल आयात शुल्क में कटौती की थी। इससे भी आयात को बढ़ावा मिला।
अक्टूबर 2026 में सोयाबीन तेल का आयात रिकॉर्ड 6.60 लाख टन रहा। वहीं, सितंबर में घटकर 1.08 लाख टन रह गया सूरजमुखी तेल का आयात अक्टूबर में दोगुने से अधिक बढ़कर 2.24 लाख टन हो गया।
पाम ऑयल और सोयाबीन तेल के आयात में बढ़ोतरी
खाद्य तेलों के कुल आयात में पाम ऑयल की सबसे बड़ी हिस्सेदारी रही। 2025-26 में पाम ऑयल का आयात 82.27 लाख टन रहा, जो पिछले साल के 75.83 लाख टन से 8.5 फीसदी अधिक है। सोयाबीन तेल का आयात भी 54.69 लाख टन से बढ़कर 58.37 लाख टन हो गया। इसके विपरीत, सूरजमुखी तेल का आयात घटकर 28.48 लाख टन रह गया, जबकि पिछले तेल वर्ष में यह 29.37 लाख टन था।
कुल खाद्य तेल आयात में पाम ऑयल की हिस्सेदारी पिछले साल के 47 फीसदी से बढ़कर 49 फीसदी हो गई, जबकि सॉफ्ट ऑयल (सोयाबीन, सूरजमुखी आदि) की हिस्सेदारी 53 फीसदी से घटकर 51 फीसदी रह गई।
पाम ऑयल की हिस्सेदारी बढ़ने की प्रमुख वजह अन्य प्रतिस्पर्धी सॉफ्ट ऑयल की तुलना में इसकी कम कीमत और रिफाइनिंग उद्योग की मजबूत मांग रही। 2025-26 के तेल वर्ष की पहली छमाही में पाम ऑयल का आयात पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब दोगुना हो गया था।
रिफाइंड तेलों का आयात घटा, क्रूड तेलों की हिस्सेदारी 95 फीसदी
भारत के खाद्य तेल आयात में रिफाइंड तेलों की हिस्सेदारी में उल्लेखनीय गिरावट आई है। नवंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के दौरान रिफाइंड खाद्य तेलों का आयात घटकर 8.17 लाख टन रह गया, जबकि पिछले तेल वर्ष में यह 17.37 लाख टन था। कुल आयात में रिफाइंड तेलों की हिस्सेदारी 11 फीसदी से घटकर 5 फीसदी रह गई।
इसके विपरीत, क्रूड खाद्य तेलों का आयात 142.74 लाख टन से बढ़कर 161.06 लाख टन हो गया। कुल आयात में इनकी हिस्सेदारी 89 फीसदी से बढ़कर 95 फीसदी पहुंच गई। SEA के अनुसार, इंडोनेशिया और मलेशिया से रिफाइंड पामोलीन का आयात लगभग नगण्य रहने और उसकी जगह क्रूड पाम ऑयल के अधिक आयात ने इस बदलाव में अहम भूमिका निभाई।
अर्जेंटीना खाद्य तेलों का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता
अर्जेंटीना 2025-26 के तेल वर्ष में भारत को खाद्य तेलों का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता रहा। वहां से कुल 39.67 लाख टन खाद्य तेलों का आयात हुआ, जिसमें 30.96 लाख टन क्रूड सोयाबीन तेल और 8.70 लाख टन क्रूड सूरजमुखी तेल शामिल था।
इंडोनेशिया से भारत ने करीब 33 लाख टन और मलेशिया से 32.56 लाख टन पाम ऑयल का आयात किया। ब्राजील से 14.24 लाख टन खाद्य तेलों का आयात हुआ, जबकि रूस से 13.16 लाख टन खाद्य तेल आया।
नेपाल से भी भारत को खाद्य तेलों का आयात बढ़ा है। दक्षिण एशियाई मुक्त व्यापार क्षेत्र (SAFTA) समझौते के तहत शून्य आयात शुल्क का लाभ उठाते हुए नेपाल ने भारत को करीब 7.55 लाख टन खाद्य तेलों का निर्यात किया। इसमें 6.74 लाख टन रिफाइंड सोयाबीन तेल शामिल था। भारत में आने वाला अधिकांश रिफाइंड ऑयल अब नेपाल के रास्ते आ रहा है।
खाद्य तेलों की जरूरत का 55-60 फीसदी आयात पर निर्भर
SEA के अनुसार, भारत अपनी कुल खाद्य तेल जरूरतों का करीब 55-60 फीसदी आयात से पूरा करता है। पाम ऑयल के लिए भारत मुख्य रूप से इंडोनेशिया और मलेशिया पर निर्भर है, जबकि सोयाबीन और सूरजमुखी जैसे सॉफ्ट ऑयल का आयात अर्जेंटीना, ब्राजील, रूस और यूक्रेन से होता है।
खाद्य तेलों के आयात में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब केंद्र सरकार खाद्य तेलों के मामले में आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर जोर दे रही है। वर्ष 2025-26 के तीसरे अग्रिम अनुमानों में कृषि मंत्रालय ने देश में तिलहन उत्पादन बढ़कर 430.59 लाख टन होने का अनुमान लगाया है। इसमें मूंगफली और सरसों के रिकॉर्ड उत्पादन की संभावना जताई गई है। हालांकि, खाद्य तेलों के आयात में लगातार बढ़ोतरी घरेलू तिलहन उत्पादन और खाद्य तेलों की मांग के बीच बड़े अंतर को भी उजागर करती है।