भारत का पोल्ट्री उद्योग पिछले पांच दशकों के सबसे बड़े संकट का सामना कर रहा है। पशु आहार की कीमतों में भारी बढ़ोतरी, मक्का और सोयाबीन की उपलब्धता को लेकर चिंता तथा लगातार बढ़ते वित्तीय नुकसान ने देशभर के पोल्ट्री किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उद्योग ने चेतावनी दी है कि लागत में लगातार वृद्धि से और अधिक पोल्ट्री फार्म बंद हो सकते हैं तथा चिकन और अंडों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट बहादुर अली ने कहा कि पोल्ट्री पशु आहार की कीमतों में करीब 15,000 रुपये प्रति टन की वृद्धि हुई है। इससे उत्पादन लगातार घाटे का सौदा बनता जा रहा है। उन्होंने मक्का और सोयाबीन की कृत्रिम किल्लत तथा जमाखोरी को कीमतों में तेजी का प्रमुख कारण बताया। उनका कहना है कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार इन दोनों फसलों का उत्पादन पर्याप्त है, इसलिए मौजूदा संकट वास्तविक उत्पादन की कमी के बजाय बाजार में आपूर्ति संबंधी समस्याओं का परिणाम है।
उद्योग के अनुमान के मुताबिक, पोल्ट्री पशु आहार संयंत्रों का उत्पादन और मांग 15–20% तक घट गई है, जबकि करीब 20-25% पोल्ट्री फार्म बंद हो चुके हैं या बंद होने की कगार पर हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और उत्तर भारत के प्रमुख पोल्ट्री उत्पादक क्षेत्रों में संकट का असर अधिक दिखाई दे रहा है।
पशु आहार की महंगी कीमतों के मुकाबले चिकन के बिक्री मूल्य में पर्याप्त वृद्धि नहीं होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उद्योग के अनुसार, पोल्ट्री किसानों को प्रति किलोग्राम 40-50 रुपये तक का घाटा हो रहा है। एकीकृत पोल्ट्री कंपनियों की स्थिति भी गंभीर है। अप्रैल से अक्टूबर के बीच अर्जित उनका मुनाफा नवंबर तक खत्म हो जाने की बात कही जा रही है।
इस संकट का असर उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है। पशु आहार की कीमतें ऊंची बनी रहने और आपूर्ति में अनिश्चितता जारी रहने पर चिकन 40-50 रुपये प्रति किलोग्राम तक महंगा हो सकता है तथा अंडे की कीमत में 3-4 रुपये प्रति अंडे की वृद्धि के आसार हैं।
एसोसिएशन के अनुसार, मक्का की ऊंची कीमतों का असर एथेनॉल उद्योग पर भी पड़ा है और कई संयंत्रों के बंद होने की खबर है। उद्योग को जनवरी तक मक्का और सोयाबीन की कीमतों में कुछ नरमी आने की उम्मीद है, लेकिन निकट भविष्य की स्थिति अनिश्चित बनी हुई है।
सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए बहादुर अली ने मक्का और सोयाबीन की जमाखोरी रोकने तथा बाजार में आपूर्ति सामान्य करने के लिए स्टॉक सीमा लागू करने का आग्रह किया है। उन्होंने एथेनॉल निर्माताओं को दी गई सहायता की तर्ज पर पोल्ट्री उद्योग को सरकार की तरफ से रियायती दरों पर 30 लाख टन मक्का उपलब्ध कराने की मांग भी की है।
अली ने चेतावनी दी कि आपूर्ति में व्यवधान और लागत में लगातार वृद्धि से पोल्ट्री एवं डेयरी व्यवसायों से जुड़े लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। उन्होंने उद्योग को गहरे संकट से बचाने और पोल्ट्री फार्मों की और बंदी रोकने के लिए सरकार से समय रहते कदम उठाने की अपील की।