National Milk Day: राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर सरकार जारी करेगी पशुधन उत्पादन के आंकड़े, जलवायु अनुकूल रोडमैप भी होगा लांच
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर पटना में सरकार BAHS 2026 जारी करने के साथ पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र के लिए जलवायु अनुकूल रोडमैप भी लॉन्च करेगी। इस अवसर पर डेयरी अवसंरचना परियोजनाएं, राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार और कई नई पहल की भी घोषणा की जाएगी।
मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय 26 नवंबर को पटना में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस समारोह के दौरान बेसिक एनिमल हसबेंड्री स्टैटिस्टिक्स (BAHS) 2026 जारी करेगा। इसके साथ ही भारत के पशुधन और डेयरी क्षेत्र के लिए 'विकसित भारत @2047' के लक्ष्य के अनुरूप जलवायु अनुकूल रोडमैप भी लांच किया जाएगा।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग (DAHD) बिहार के पटना स्थित बापू सभागार में इस कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहा है। BAHS 2026 में 1 मार्च 2025 से 28 फरवरी 2026 के दौरान किए गए नमूना सर्वेक्षण के आधार पर दूध, अंडा, मांस और ऊन उत्पादन के विस्तृत आंकड़े प्रस्तुत किए जाएंगे। इसमें प्रमुख पशुधन उत्पादों के राज्यवार उत्पादन अनुमान और प्रति व्यक्ति उपलब्धता के आंकड़े भी शामिल होंगे।
ये आंकड़े नीतियां बनाने, क्षेत्रीय योजनाओं और निर्णय प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण आधार उपलब्ध कराएंगे। वहीं, जलवायु अनुकूल रोडमैप में भारत के पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र की उत्पादकता, टिकाऊ विकास और जलवायु परिवर्तन से निपटने की क्षमता बढ़ाने की रणनीति प्रस्तुत की जाएगी।
केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल और बिहार के डेयरी, मत्स्यपालन एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
डेयरी ढांचे से जुड़ी परियोजनाएं
कार्यक्रम के दौरान डेयरी क्षेत्र की कई इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इनमें राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (NPDD) के तहत दुग्ध सहकारी समितियों के लिए स्वीकृत डाटा प्रोसेसिंग एवं मिल्क कलेक्शन यूनिट (DPMCU), पटना स्थित वीपीएमयू और मुजफ्फरपुर स्थित तिमुल में मिनरल मिक्सचर प्लांट तथा समस्तीपुर स्थित मिथिला मिल्क यूनियन में एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट शामिल हैं।
इसके अलावा, पटना के बिहटा स्थित सिकंदरपुर में नमस्ते इंडिया के 2 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इस संयंत्र की स्थापना पशुपालन अवसंरचना विकास निधि (AHIDF) की सहायता से की गई है।
डेयरी सहकारी समितियों और दुग्ध उत्पादक संगठनों की रेटिंग एवं ग्रेडिंग के लिए मानक संचालन प्रक्रियाएं (SOP) और ऑनलाइन आवेदन पोर्टल भी लांच किया जाएगा। इन पहलों का उद्देश्य संस्थागत कार्यक्षमता, पारदर्शिता और प्रदर्शन में सुधार करना है।
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार और नई पहल
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 के तहत स्वदेशी गाय और भैंस की नस्लों के संरक्षण, डेयरी विकास तथा पशुधन उत्पादकता बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा। ये पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे। इनमें स्वदेशी नस्लों के पशुपालक, कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन और डेयरी सहकारी समितियां अथवा दुग्ध उत्पादक संगठन शामिल हैं। समारोह में प्रगतिशील डेयरी किसानों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित होगा। इसके अलावा, सुधा ब्रांड की मखाना खीर और रबड़ी भी लॉन्च की जाएगी।
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 26 नवंबर को मनाया जाता है। यह दिन भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।

Join the RuralVoice whatsapp group



















