जम्मू-कश्मीर के तीन जिलों में आधुनिक फल-सब्जी मंडियों के लिए 40 एकड़ जमीन आवंटित
जम्मू-कश्मीर सरकार ने कुलगाम, बारामूला और पुलवामा में आधुनिक फल-सब्जी मंडियां स्थापित करने के लिए 40 एकड़ जमीन हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है। राज्य सरकार का कहना है कि इससे किसानों की बाजार तक पहुंच बढ़ेगी, उचित मूल्य मिलेगा, उपज का नुकसान घटेगा और रोजगार के अवसर बनेंगे।
जम्मू-कश्मीर सरकार ने कुलगाम, बारामूला और पुलवामा जिलों में आधुनिक फल एवं सब्जी मंडियां स्थापित करने के लिए कृषि उत्पादन विभाग को 320 कनाल (40 एकड़) जमीन हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है। इस कदम का उद्देश्य कृषि विपणन ढांचे को मजबूत करना और किसानों की बाजारों तक पहुंच बेहतर बनाना है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, मंगलवार को इस संबंध में निर्णय लिया गया। प्रस्तावित मंडियों से किसानों को संगठित मार्केटिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने, कीमतों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, हार्वेस्टिंग के बाद होने वाले नुकसान को कम करने तथा मूल्य संवर्धन और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम और पुलवामा तथा उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले कृषि एवं बागवानी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इन जिलों में प्रस्तावित मंडियों से स्थानीय स्तर पर उत्पादन वाले फल और सब्जियों की मार्केटिंग को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। यहां उपज के संग्रह, छंटाई, भंडारण और बिक्री के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इन मंडियों से किसानों को संगठित बाजारों तक पहुंच मिलेगी और उनकी मोलभाव करने की क्षमता बढ़ेगी। कृषि उपज के कारोबार में अधिक पारदर्शिता से किसानों को उचित कीमत मिलने की संभावना बढ़ेगी। साथ ही, बिचौलियों पर उनकी निर्भरता कम होगी और उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा।
यह पहल जम्मू-कश्मीर के बागवानी क्षेत्र, विशेषकर सेब उत्पादन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। बागवानी इस क्षेत्र में हजारों किसान परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है। हालांकि, हार्वेस्टिंग के बाद उपज के प्रबंधन, भंडारण, परिवहन और संगठित विपणन सुविधाओं की कमी इस क्षेत्र की प्रमुख चुनौतियां बनी हुई हैं।

Join the RuralVoice whatsapp group



















