खाद्य तेल आयात पर निर्भरता घटाने के लिए SEA की राष्ट्रीय रणनीति की मांग, मिशनों का बजट बढ़ाने और अलग कोष का भी सुझाव

प्रधानमंत्री को भेजे गए एक ज्ञापन में SEA ने नौ प्रमुख नीतिगत सुझाव दिए हैं। इनमें राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (NMEO) के तहत बजटीय आवंटन में उल्लेखनीय वृद्धि, समर्पित तिलहन विकास कोष की स्थापना और तिलहन उत्पादन में सालाना कम से कम 5% वृद्धि का लक्ष्य शामिल है।

सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) ने देश में तिलहन उत्पादन बढ़ाने और खाद्य तेलों के आयात पर निर्भरता घटाने के लिए सरकार से व्यापक राष्ट्रीय रणनीति अपनाने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री को भेजे गए एक ज्ञापन में उद्योग संगठन ने इस दिशा में नौ प्रमुख नीतिगत सुझाव दिए हैं। इनमें राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (NMEO) के तहत बजटीय आवंटन में उल्लेखनीय वृद्धि, समर्पित तिलहन विकास कोष की स्थापना और तिलहन उत्पादन में सालाना कम से कम 5% वृद्धि का लक्ष्य शामिल है।

ये सुझाव आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के तहत खाद्य तेलों के मामले में आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के उद्देश्य से दिए गए हैं। SEA ने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार, अनुसंधान संस्थानों, उद्योग और किसानों के बीच समन्वित प्रयासों की जरूरत बताई है।

खाद्य तेलों की मौजूदा स्थिति

भारत फिलहाल हर साल करीब 170 लाख टन खाद्य तेलों का आयात करता है, जिससे घरेलू खपत की लगभग 60% जरूरत पूरी होती है। इस पर सालाना करीब 2 लाख करोड़ रुपये (21 अरब डॉलर) खर्च होते हैं। इससे विदेशी मुद्रा का बड़ा हिस्सा बाहर जाता है। यही नहीं, घरेलू बाजार अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उतार-चढ़ाव तथा वैश्विक आपूर्ति में व्यवधान के प्रति संवेदनशील बना रहता है।

SEA के आकलन के अनुसार, भारत में खाद्य तेलों की मांग 2025 के लगभग 260 लाख टन से बढ़कर 2047 तक 439 से 544 लाख टन के बीच पहुंच सकती है। यह वृद्धि प्रति व्यक्ति खपत में बढ़ोतरी पर निर्भर करेगी। पिछले दो दशकों में तिलहन उत्पादन की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) 3.24% रही है। यदि यही रफ्तार जारी रहती है तो 2047 तक घरेलू वनस्पति तेल की उपलब्धता केवल 225 लाख टन होगी। तिलहन उत्पादन की सालाना वृद्धि दर 5% तक पहुंचने पर भी उपलब्धता लगभग 327 लाख टन ही रहने का अनुमान है। ऐसे में मांग और घरेलू आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर बना रहेगा।

बजट कम उपयोग पर चिंता

SEA ने मौजूदा राष्ट्रीय मिशनों के तहत बजट के कम उपयोग पर भी चिंता जताई है। वर्ष 2021-22 से 2025-26 के दौरान राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-तिलहन (NMEO-Oilseeds) के तहत 2,890.35 करोड़ रुपये के आवंटन में से केवल 1,452 करोड़ रुपये खर्च हुए। वहीं, राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-पाम ऑयल (NMEO-Oil Palm) के तहत 1,252.35 करोड़ रुपये के आवंटन के मुकाबले खर्च सिर्फ 288.30 करोड़ रुपये रहा। इस तरह दोनों मिशनों में बजट उपयोग क्रमशः करीब 50% और 23% रहा। संगठन ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और धनराशि जारी करने की व्यवस्था की समीक्षा के साथ निगरानी एवं जवाबदेही मजबूत करने की मांग की है।

SEA के नौ सुझावों में 2030-31 के बाद भी दोनों मिशनों के बजटीय आवंटन में पर्याप्त वृद्धि करना शामिल है। इसके अलावा, खाद्य तेलों के आयात पर लगने वाले सीमा शुल्क और कृषि अवसंरचना एवं विकास उपकर (AIDC) की राशि के एक हिस्से से समर्पित तिलहन विकास कोष बनाने का प्रस्ताव दिया गया है।

अन्य सुझावों में घरेलू तिलहन किसानों के संरक्षण के लिए स्थिर और पूर्वानुमान योग्य आयात शुल्क नीति, अधिक उपज देने वाले और जलवायु अनुकूल बीजों के विकास के लिए अनुसंधान साझेदारी, किसानों को लाभकारी मूल्य और खरीद सहायता तथा प्रसंस्करण एवं फसल हार्वेस्टिंग के बाद के बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण शामिल है। संगठन ने चावल की भूसी, कपास के बीज और पौधा आधारित तिलहन जैसे वैकल्पिक स्रोतों के उपयोग को बढ़ावा देने का भी सुझाव दिया है। इसके अलावा, तिलहन उत्पादकता कार्यक्रम के समन्वय और निगरानी के लिए पांच वर्ष के कार्यकाल वाला समर्पित राष्ट्रीय नेतृत्व तंत्र गठित करने की मांग की गई है।

SEA प्रेसिडेंट अंग्शु मलिक ने कहा कि भारत को छोटे-मोटे सुधारों से आगे बढ़कर पर्याप्त वित्तपोषण, तकनीक और ठोस परिणामों पर आधारित राष्ट्रीय तिलहन रणनीति अपनानी होगी। संगठन ने सरकार से अपने सुझावों पर चर्चा के लिए बैठक का समय देने और खाद्य तेलों के आयात पर निर्भरता घटाने के लिए व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने का भी आग्रह किया है।