BITS पिलानी हैदराबाद ने विकसित की खाद्य अपशिष्ट को प्रोटीनयुक्त पशु आहार में बदलने की तकनीक
BITS पिलानी हैदराबाद के शोधकर्ताओं ने ब्लैक सोल्जर फ्लाई के लार्वा की मदद से जैविक कचरे को प्रोटीनयुक्त पशु आहार में बदलने वाली कम लागत की तकनीक विकसित की है। प्रति यूनिट लागत 2,500 रुपये है। यह प्रणाली करीब दो सप्ताह में गीले कचरे का प्रसंस्करण करती है और मिट्टी के लिए उपयोगी जैविक अवशेष भी तैयार करती है।
BITS पिलानी के हैदराबाद कैम्पस के शोधकर्ताओं ने कम लागत वाली ऐसी प्रणाली विकसित की है, जो ब्लैक सोल्जर फ्लाई (एक प्रकार की मक्खी) के लार्वा का इस्तेमाल कर खाद्य कचरे को प्रोटीनयुक्त पशु आहार में बदल सकती है। संस्थान के अनुसार, इस प्रणाली की लागत प्रति यूनिट केवल 2,500 रुपये है। यह संसाधनों के कुशल उपयोग के साथ खाद्य अपशिष्ट प्रबंधन का एक नया समाधान प्रस्तुत करती है।
ब्लैक सोल्जर फ्लाई के लार्वा में लगभग 20 फीसदी प्रोटीन और 25 फीसदी वसा होती है। इस वजह से इन्हें पोल्ट्री, सूकर पालन और मत्स्य पालन (एक्वाकल्चर) क्षेत्रों में पशु आहार के वैकल्पिक घटक के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। प्रसंस्करण के बाद बचने वाले जैविक पदार्थ, जिसे फ्रास (Frass) कहा जाता है, का उपयोग मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने वाले जैविक पदार्थ के रूप में भी किया जा सकता है।
यह प्रणाली ब्लैक सोल्जर फ्लाई की प्राकृतिक रूप से कचरा खाने की क्षमता का उपयोग करती है। इसके लार्वा सब्जियों, फलों और पके हुए भोजन के कचरे को खाते हैं और लगभग दो सप्ताह के फीडिंग चक्र में जैविक कचरे को पोषक तत्वों से भरपूर बायोमास में बदल देते हैं।
जैविक विज्ञान विभाग के प्रोफेसर शंकर गणेश पलानी के अनुसार, यह तकनीक पारंपरिक कंपोस्टिंग प्रक्रिया का तेज विकल्प उपलब्ध कराती है, जिसमें कई सप्ताह या महीने लग सकते हैं। इसे उन्होंने अपने शोधार्थी डॉ. अतुन रॉय चौधरी के साथ मिलकर विकसित किया है।
संस्थान के अनुसार, भारत में टिकाऊ कचरा प्रबंधन और संसाधनों के दोबारा उपयोग पर बढ़ते जोर के बीच इस तकनीक का इस्तेमाल होटलों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, आवासीय सोसायटियों और अन्य ऐसे स्थानों पर किया जा सकता है। इससे गीले कचरे का उसके स्रोत के नजदीक ही प्रसंस्करण संभव होगा और उपयोगी सह-उत्पाद भी प्राप्त किए जा सकेंगे।
कैसे काम करती है यह प्रणाली?
डॉ. अतुन रॉय के अनुसार, "ब्लैक सोल्जर फ्लाई एक हानिरहित कीट है, जिसके लार्वा सब्जियों और फलों के कचरे, पके हुए भोजन तथा गोबर को खाते हैं। लार्वा अवस्था के लगभग दो सप्ताह के दौरान वे सबसे अधिक भोजन करते हैं और गर्म रक्त वाले जीवों की तुलना में कहीं अधिक कुशलता से कचरे को अपने शरीर के बायोमास में बदलते हैं।"
हार्डवेयर की दुकानों पर आसानी से उपलब्ध सामग्री से तैयार इस प्रणाली में अंडे देने और उनके फूटने के लिए एक पात्र तथा लार्वा एकत्र करने के लिए एक बाल्टी होती है। इसमें नारियल के रेशे (कॉयर) और रेत की 7-8 सेंटीमीटर मोटी परत बनाई जाती है, जो कचरे से निकलने वाले तरल पदार्थ (लीचेट) को छानने का काम करती है।
छने हुए तरल को दोबारा प्रणाली में प्रवाहित किया जाता है, जिससे नमी का स्तर 50-60 फीसदी बनाए रखने में मदद मिलती है। इससे परिपक्व लार्वा आसानी से हार्वेस्टिंग बकेट में पहुंच जाते हैं और उन्हें हाथ से अलग करने की जरूरत कम होती है। शोधकर्ताओं के शुरुआती परीक्षणों में 20 दिनों की अवधि के दौरान प्रतिदिन लगभग 2 किलोग्राम लार्वा उत्पादन दर्ज किया गया है।
संस्थान के अनुसार, यह प्रणाली किफायती होने के साथ कम जगह घेरती है। इसका बंद डिजाइन जैविक कचरे के स्थानीय प्रसंस्करण से जुड़ी दुर्गंध की समस्या को भी दूर करने में मदद करता है, जो इस तरह की प्रणालियों के सामने आने वाली प्रमुख चुनौतियों में से एक है।

Join the RuralVoice whatsapp group



















