ट्रैक्टर की बिक्री में जुलाई में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। जून के 1,35,950 ट्रैक्टरों की तुलना में पिछले महीने सिर्फ 86,262 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई है। इसमें निर्यात किए गए ट्रैक्टर भी शामिल हैं। बिक्री का यह आंकड़ा 2026 में सबसे कम है। जून की तुलना में इसमें 36.5 प्रतिशत की गिरावट आई है। हालांकि जुलाई 2025 के 72,797 की तुलना में इसमें 18.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
ट्रैक्टर एंड मेकैनाइजेशन एसोसिएशन (टीएमए) के मुताबिक निर्यात का आंकड़ा भी मौजूदा कैलेंडर वर्ष में सबसे कम है। जून के 9,909 की तुलना में जुलाई में 8,780 ट्रैक्टरों का निर्यात किया गया। इसमें 11.4 प्रतिशत की गिरावट आई है। जुलाई 2025 के 8,477 की तुलना में पिछले माह 3.5 प्रतिशत अधिक निर्यात हुआ है।
टीएमए की वेबसाइट पर वर्ष 2018 से उपलब्ध आंकड़े बताते हैं कि ट्रैक्टर बिक्री के लिहाज से जुलाई और अगस्त पारंपरिक रूप से सुस्त महीने होते हैं। इसलिए जुलाई 2026 में बिक्री में गिरावट भी चौंकाने वाला नहीं है। हाल के महीनों में ट्रैक्टर की रिकॉर्ड बिक्री अक्टूबर 2025 में हुई थी, जब 7,490 निर्यात समेत कुल 1,73,635 ट्रैक्टर बिके थे।
वर्ष 2026 में जनवरी से जुलाई तक कुल 7,54,068 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई है, जिसमें 66,679 ट्रैक्टरों का निर्यात शामिल है। पिछले वर्ष जनवरी से जुलाई तक 61,318 निर्यात समेत कुल 6,12,320 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई थी। इस तरह साल के पहले सात महीने में निर्यात में 8.7 प्रतिशत और कुल बिक्री में 23 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।