अभिनेता विजय की TVK का तमिलनाडु में धमाकेदार डेब्यू, कोलाथुर सीट पर मुख्यमंत्री स्टालिन की हार के आसार

अभिनेता विजय की TVK ने तमिलनाडु में अपने पहले चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाई है। मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन कोलाथुर से हार की ओर बढ़ रहे हैं। हालांकि TVK को अभी तक अकेले दम पर बहुमत मिलता नहीं दिख रहा है।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने चौंकाने वाला प्रदर्शन करते हुए राज्य की पारंपरिक द्रविड़ राजनीति को बड़ा झटका दिया है। अपने पहले ही चुनाव में TVK सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिख रही है।

अधिकांश एग्जिट पोल जहां सत्तारूढ़ DMK के पक्ष में थे, वहीं TVK ने 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाकर सभी अनुमानों को गलत साबित कर दिया। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, शाम 5.30 बजे तक पार्टी 18 सीटें जीत चुकी थी और 91 पर आगे थी। 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटें चाहिे। विजय स्वयं पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली (पूर्व) सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

इस चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की संभावित हार है। स्टालिन कोलाथुर सीट से पीछे चल रहे हैं, जिसे वह 2011 से प्रतिनिधित्व कर रहे थे। TVK उम्मीदवार वी.एस. बाबू, जो पहले DMK के नेता रह चुके हैं और नॉर्थ चेन्नई के जिला सचिव भी रहे हैं, उनसे आगे हैं। बाबू 2006 में पुरासवक्कम से विधायक भी चुने गए थे। यदि ऐसा होता है तो स्टालिन तमिलनाडु में उन चुनिंदा मौजूदा मुख्यमंत्रियों में शामिल हो जाएंगे जो विधानसभा चुनाव हार गए।

TVK के प्रभावशाली प्रदर्शन के पीछे उसके जनकल्याणकारी वादों को भी अहम माना जा रहा है। पार्टी ने महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की सहायता, विवाह के लिए 8 ग्राम सोना, हर साल छह मुफ्त LPG सिलिंडर, और महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देने का वादा किया है। इसके अलावा, सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के परिवारों को ड्रॉपआउट रोकने के लिए सालाना 15,000 रुपये देने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

निर्वाचन आयोग द्वारा शाम 5:30 बजे तक जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, DMK 60 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है या बढ़त बनाए हुए है, जबकि AIADMK 45 सीटों पर आगे चल रही है। PMK 5 सीटों पर बढ़त में है और कांग्रेस भी 5 सीटों पर आगे है। इसके अलावा, IUML, CPI और CPM को 2-2 सीटों पर बढ़त मिली हुई है, जबकि BJP और DMDK एक-एक सीट पर आगे हैं।

पुडुचेरी में बन सकती है NDA की सरकार 

पुडुचेरी में ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) से मिलकर बना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 12 सीटें जीत चुका है और 3 अन्य सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के नेतृत्व वाला कांग्रेस-डीएमके गठबंधन 6 सीटों पर आगे चल रहा है। तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) और नाम तमिलर कच्ची (NTK) मिलकर 3 सीटों पर काबिज हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों ने 3 सीटें जीती हैं, जबकि लोक जनशक्ति पार्टी (कैलाश) ने 1 सीट हासिल की है।