अखिलेश यादव के प्रण पत्र में किसानों की कर्जमाफी, 25 लाख नौकरियों और बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना देने का वादा

पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां, बेरोजगार स्नातकों को हर महीने 5,000 रुपये और बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये पेंशन देने का ऐलान

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को लखनऊ में जारी इस घोषणापत्र को 'सत्ताइस का संकल्प: PDA का प्रणपत्र' और 'जन-मन का मैनिफेस्टो' नाम दिया गया है। इसमें किसानों की कर्जमाफी, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, युवाओं के लिए रोजगार और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को प्रमुखता दी गई है। 

सपा ने अपने चुनावी वादों के जरिए किसानों, युवाओं, महिलाओं, पिछड़े वर्गों, दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीब परिवारों को केंद्र में रखा है। कृषि क्षेत्र के लिए कर्जमाफी और प्रदेश में पैदा होने वाली 23 फसलों तथा दूध के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी का वादा किया गया है। वहीं, रोजगार के मोर्चे पर पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और अन्य क्षेत्रों में दो से तीन करोड़ रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। 

कृषि क्षेत्र की प्रमुख घोषणाएं

किसानों के लिए सपा ने अपने प्रण पत्र में कई बड़े वादे किए हैं। इनमें किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण कर्ज की माफी और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी देने का प्रस्ताव है। पार्टी ने सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर किसानों के 100 प्रतिशत कृषि कर्ज माफ करने का वादा किया है। साथ ही उत्तर प्रदेश में पैदा होने वाली 23 फसलों और दूध के लिए कानूनी रूप से एमएसपी सुनिश्चित करने का वादा किया गया है।

गन्ना किसानों के लिए भी पार्टी ने विशेष घोषणा की है। गन्ने का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने के लिए 15,000 करोड़ रुपये का फंड बनाने का वादा किया गया है। इसके साथ ही गन्ने का राज्य परामर्शित मूल्य (SAP) हर साल किसानों की वास्तविक उत्पादन लागत के आधार पर बढ़ाने की बात कही गई है।

कृषि क्षेत्र के लिए अन्य प्रमुख घोषणाओं में सिंचाई के लिए किसानों को मुफ्त बिजली देना शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का वादा भी किया गया है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये की व्यवस्था करने का प्रस्ताव है।

25 लाख सरकारी नौकरियों का वादा

युवाओं और बेरोजगारी का मुद्दा भी सपा के प्रण पत्र में प्रमुखता से शामिल है। पार्टी ने अगले पांच वर्षों में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा निजी क्षेत्र और अन्य क्षेत्रों में दो से तीन करोड़ रोजगार के अवसर पैदा करने का वादा किया गया है।

बेरोजगार स्नातक युवाओं को नौकरी या रोजगार मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये का पोषण भत्ता देने की घोषणा की गई है। पार्टी का कहना है कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से भरा जाएगा और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने का प्रस्ताव है। जिन भर्तियों में केवल एक परीक्षा होगी, उन्हें तीन महीने में और एक से अधिक परीक्षाओं वाली भर्ती प्रक्रिया को छह महीने में पूरा करने का वादा है। भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं को रोकने तथा इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और मंत्रियों की जवाबदेही तय करने की बात भी कही गई है।

बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना 

महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए सपा ने बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये पेंशन देने का वादा किया है। इसके अलावा मजदूरों, महिला श्रमिकों और कारीगरों के लिए भी सालाना 40,000 रुपये की आर्थिक सहायता का प्रस्ताव है। पार्टी ने बेटियों की शिक्षा KG से PG तक मुफ्त करने का वादा किया है। इसके अलावा बेटी के जन्म पर उसके नाम पर 10 ग्राम तक सोना देने की घोषणा भी की गई है।

विधवा, दिव्यांग और अनाथ लड़कियों की शादी के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। गरीबों, महिलाओं और श्रमिकों के लिए समाजवादी कैंटीन खोलने की बात भी कही गई है, जहां पांच रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध कराने का वादा है।

पुरानी पेंशन बहाली 

सरकारी कर्मचारियों को साधने के लिए सपा ने 2005 से पहले लागू पुरानी पेंशन योजना (OPS) को फिर से बहाल करने का वादा किया है। इसके साथ ही सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की बात कही गई है। 

शिक्षा के क्षेत्र में पार्टी ने बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोलने और 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की योजना फिर शुरू करने का वादा किया है। शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के हितों की रक्षा तथा शिक्षा विभाग के रिक्त पदों को भरने का भी प्रस्ताव है।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की व्यवस्था करने की घोषणा की गई है। लखनऊ स्थित सुपर स्पेशियलिटी कैंसर अस्पताल को पूरी तरह संचालित करने तथा गरीब मरीजों को वहां मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने का भी वादा किया गया है।

PDA के विकास पर जोर

सपा ने सामाजिक न्याय के अपने राजनीतिक एजेंडे को भी प्रण पत्र में प्रमुख स्थान दिया है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में जातिगत जनगणना कराने का वादा किया है, ताकि विभिन्न सामाजिक वर्गों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति का आकलन किया जा सके।

अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के विकास के लिए बजट का 20 प्रतिशत खर्च करने तथा सरकारी सेवाओं में खाली पड़े आरक्षित पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में PDA और दलित वर्गों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की गई है। वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाने तथा उन्हें सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का भी वादा किया गया है।