ओडिशा में मूंग-सरसों समेत पांच फसलों की एमएसपी पर खरीद को केंद्र की मंजूरी

केंद्र सरकार ने ओडिशा में मूंग, उड़द, मूंगफली, सूरजमुखी और सरसों की एमएसपी पर खरीद को मंजूरी दी है। कुल 1,428.31 करोड़ रुपये की खरीद प्रस्तावित है। यह प्रक्रिया पीएम-आशा योजना के तहत 90 दिनों में पूरी होगी, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य और बाजार सुरक्षा मिलेगी।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा में मूंग, उड़द, मूंगफली, सूरजमुखी और सरसों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करने को मंजूरी दी। बुधवार को ओडिशा के उप मुख्यमंत्री एवं कृषि व किसान सशक्तीकरण मंत्री कनक वर्धन सिंह के साथ हुई वर्चुअल बैठक में उन्होंने यह मंजूरी दी। इन फसलों की कुल लगभग 1,428.31 करोड़ रुपये की खरीद की जाएगी।

राज्य में 34,492 मीट्रिक टन मूंग की खरीद को स्वीकृति दी गई, जिसका एमएसपी मूल्य 302.42 करोड़ रुपये है। उड़द के लिए 1,19,387 मीट्रिक टन की मांग को मंजूरी दी गई, जिसका एमएसपी मूल्य 931.21 करोड़ रुपये बैठता है। इसी तरह मूंगफली के लिए 20,219 मीट्रिक टन की स्वीकृति दी गई, जिसका समर्थन मूल्य 146.85 करोड़ रुपये है।

सूरजमुखी के लिए 2,210 मीट्रिक टन की मांग को सही मानते हुए केंद्रीय मंत्री ने मंजूरी प्रदान की, जिसका एमएसपी मूल्य 17.06 करोड़ रुपये है। सरसों के मामले में भी चौहान ने ओडिशा की 4,964 मीट्रिक टन की मांग को स्वीकृत किया, जिसका एमएसपी मूल्य 30.77 करोड़ रुपये बैठता है।

पूरी प्रक्रिया पीएम-आशा के तहत 90 दिनों की अवधि के लिए प्रस्तावित है और राज्य सरकार पहले से ही पीओएस आधारित खरीद व्यवस्था पर काम कर रही है। बैठक के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने विशेष रूप से सूरजमुखी की खेती को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि यह फसल कई क्षेत्रों से धीरे-धीरे समाप्त हो रही थी, ऐसे में ओडिशा में इसका बना रहना और बढ़ना उत्साहजनक है। उन्होंने राज्य सरकार को भरोसा दिलाया कि सूरजमुखी के रकबे और उत्पादन को बढ़ाने के लिए केंद्र हरसंभव सहयोग देगा तथा आवश्यकता पड़ने पर वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।