रात के अनुकूल तापमान से कश्मीर में केसर उत्पादन पिछले साल से 5-6 गुना बढ़ने की उम्मीद

कश्मीर के पांपोर में इस साल केसर उत्पादन पिछले वर्ष के मुकाबले पांच से छह गुना बढ़कर 4,000-5,000 किलोग्राम पहुंचने का अनुमान है। रात के तापमान में गिरावट से फसल को फायदा हुआ है। हालांकि, किसानों के सामने उचित मूल्य, नकदी की कमी, कंदों को नुकसान और कृषि भूमि पर निर्माण का दबाव जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं।

फोटो सौजन्यः रियाज अहमद मीर

कश्मीर के पांपोर में इस साल केसर की फसल पिछले वर्ष के मुकाबले बेहतर है। रात के तापमान में गिरावट ने फूलों के खिलने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाईं। हालांकि, बारिश कम होने के कारण फूलों की संख्या पर कुछ असर पड़ा है। इसके बावजूद किसानों को पिछले साल के मुकाबले पांच से छह गुना अधिक उत्पादन की उम्मीद है। पांपोर के केसर उत्पादक और एग्रो फार्मर्स कंपनी के निदेशक रियाज अहमद मीर के मुताबिक, इस साल क्षेत्र में केसर का कुल उत्पादन 4,000 से 5,000 किलोग्राम तक पहुंच सकता है।

रियाज मीर के परिवार की पांच पीढ़ियां करीब 200 वर्षों से केसर की खेती कर रही है। वे बताते हैं कि केसर की फसल के लिए दिन के तापमान से ज्यादा रात का तापमान महत्वपूर्ण होता है। केसर के फूल मुख्य रूप से रात के समय खिलते हैं। इसलिए रात में ठंडक होना जरूरी है। इस साल रात के तापमान में गिरावट से फूलों के खिलने की प्रक्रिया बेहतर हुई है। हालांकि, बारिश कम होने के कारण फूलों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। उनका कहना है कि मौसम की परिस्थितियों के बावजूद इस बार फसल पिछले वर्ष से काफी अच्छी है।

15 दिनों में चार बार होती है कटाई

केसर की खेती और फूलों की तुड़ाई की प्रक्रिया दूसरी फसलों से अलग है। इसकी फसल का प्रमुख समय अक्टूबर के अंत से नवंबर के पहले-दूसरे सप्ताह तक रहता है। फूलों की तुड़ाई का पूरा दौर लगभग 15 दिनों का होता है। इस दौरान एक ही खेत में अलग-अलग समय पर फूल खिलते हैं और किसानों को चार बार तक उनकी तुड़ाई करने का मौका मिलता है। हर चार दिन बाद एक तुड़ाई होती है। जब रियाज मीर से बात हुई, तब तक वे तीन तुड़ाई कर चुके थे। फूलों से केसर के लाल रेशे अलग करने और उन्हें सुखाने के बाद ही वास्तविक उत्पादन का आकलन होता है।

मीर के अनुसार, एक कनाल जमीन से औसतन करीब 500 ग्राम सूखा केसर प्राप्त हो सकता है। हालांकि उत्पादन खेत की स्थिति, बीज की गुणवत्ता और मौसम पर निर्भर करता है। कहीं यह मात्रा कम तो कहीं अधिक भी हो सकती है। केसर की खेती में बीज (कंद) की गुणवत्ता भी अहम भूमिका निभाती है। बड़े और स्वस्थ कंद से चार से छह तक फूल निकल सकते हैं, जबकि छोटे कंद से शुरुआती वर्षों में उत्पादन कम रहता है। सामान्यतः कंद लगाने के करीब तीन साल बाद बेहतर उत्पादन मिलने लगता है।

केसर के कंद अगस्त-सितंबर में जमीन में लगाए जाते हैं। एक बार लगाया गया कंद पांच से सात साल तक फसल देता है। इस दौरान उससे नए कंद भी विकसित होते रहते हैं, जिन्हें निकालकर दूसरी जमीन में लगाया जा सकता है। तुड़ाई के बाद खेत की सफाई और कंदों की उचित देखभाल जरूरी होती है। कंद जमीन में करीब दो-तीन इंच की गहराई पर रहते हैं।

तीन लाख रुपये किलो से अधिक भाव के आसार

उत्पादन में सुधार के बावजूद किसानों को केसर के बेहतर दाम मिलने की चुनौती बनी हुई है। मीर के मुताबिक, इस बार किसानों को केसर का भाव तीन लाख रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक मिलने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त जीआई टैग वाले उत्पाद के रूप में इसकी बिक्री पर लगभग पांच प्रतिशत का अतिरिक्त मूल्य मिलने की संभावना भी है।

हालांकि, किसानों के सामने तत्काल नकदी की जरूरत एक बड़ी समस्या है। कई किसानों को पारिवारिक जरूरतों, शादी-ब्याह और अन्य खर्चों के लिए तुरंत पैसे की जरूरत होती है। ऐसे में वे जीआई टैग के तहत निर्धारित प्रक्रिया और बिक्री के इंतजार के बजाय तत्काल भुगतान देने वाले खरीदारों को अपना उत्पाद बेच देते हैं। इससे उन्हें बेहतर मूल्य हासिल करने का अवसर नहीं मिल पाता।

खेती पर घट रहा किसानों का भरोसा

मीर का कहना है कि पिछले दो-तीन वर्षों में कम उत्पादन और अपेक्षित आमदनी नहीं मिलने के कारण कुछ किसानों का केसर की खेती से मोहभंग हुआ है। कई किसानों ने केसर के कंद निकालकर दूसरी फसलों की खेती शुरू कर दी है। हालांकि, इस साल उत्पादन में सुधार से किसानों का भरोसा दोबारा बढ़ने की उम्मीद है। उनके मुताबिक, पांपोर में करीब 8,000-9,000 किसान केसर की खेती से जुड़े हैं और उनके पास अलग-अलग आकार की जमीन है।

उन्होंने खेती के सामने दो प्रमुख चुनौतियों की ओर ध्यान दिलाया। पहली, खुले खेतों में चूहों और कीटों से कंदों को नुकसान पहुंचता है। इसके लिए कृषि विभाग की नियमित निगरानी और किसानों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की जरूरत है। दूसरी चुनौती केसर के खेतों में आवासीय और व्यावसायिक निर्माण का बढ़ता दबाव है। मीर का कहना है कि केसर की जमीन पर मकान और दुकानें बनने से खेती का क्षेत्र घट रहा है। साथ ही, निर्माण गतिविधियों से प्रदूषण और कृषि भूमि के स्वरूप में बदलाव का खतरा भी है।

उनके मुताबिक, पांपोर की पहचान केसर की खेती से है और इस कृषि विरासत को बचाने के लिए केसर उत्पादक क्षेत्रों में अनियंत्रित निर्माण पर रोक लगाने तथा कृषि भूमि के संरक्षण की जरूरत है।