राजस्थान सरकार ने रबी विपणन वर्ष 2026 के लिए सरसों एवं चना की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद के लिए पंजीकरण और खरीद की तारीखों की घोषणा की है। राज्य के क्षेत्रीय कार्यालयों के मुताबिक पंजीकरण और खरीद की तारीखें अलग-अलग निर्धारित की गई हैं। कोटा, अजमेर, भरतपुर और श्रीगंगानगर क्षेत्रीय कार्यालयों के तहत आने वाले जिलों में 15 मार्च से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हो रहा है। इन जिलों में 25 मार्च से खरीद प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और बीकानेर क्षेत्रीय कार्यालयों के तहत आने वाले जिलों में 20 मार्च से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। वहां दोनों फसलों की खरीद 1 अप्रैल से शुरू होगी।
राज्य में राजफेड के माध्यम से समर्थन मूल्य पर खरीद होगी। इसके लिए किसानों को पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा, जिसके बाद वे निर्धारित केन्द्रों पर अपनी फसल बेच सकेंगे। एमएसपी पर खरीद किसानों की बायोमीट्रिक पहचान के माध्यम से ही की जाएगी।
केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 के लिए सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 6,200 रुपये प्रति क्विंटल तथा चना का 5,875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। राज्य में सरसों की 13.78 लाख टन और चना की 5.53 लाख टन खरीद की सीमा तय की गई है।
उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां जयपुर ग्रामीण, उदय दीप सिंह राठौड़ ने बताया कि किसानों की सुविधा तथा खरीद से संबंधित किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-180-6001 भी उपलब्ध कराया गया है। जयपुर जिले में किसानों की सुविधा के लिए कुल 42 खरीद केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहां सरसों एवं चना की खरीद की जाएगी।
उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां जयपुर ग्रामीण, शिरीष वी. चान्दे ने कहा, पंजीकृत किसानों से अनुरोध है कि वे अपने मोबाइल पर प्राप्त संदेश के अनुसार निर्धारित तिथि पर ही अपनी एफएक्यू मापदण्ड की उपज संबंधित खरीद केन्द्र पर लेकर आएं। किसानों को यह भी ध्यान रखना होगा कि निर्धारित तिथि से अधिकतम 10 दिन के भीतर ही उपज की तुलाई करवाई जा सकती है, ताकि समय पर उपज का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।