रूफटॉप सोलर में गुजरात को पीछे छोड़कर यूपी नंबर वन, 8.85 लाख से ज्यादा सोलर सिस्टम लगे स्थापित

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन में उत्तर प्रदेश देश में नंबर वन हो गया है। प्रदेश में 8.85 लाख से अधिक सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं जिनकी कुल स्थापित क्षमता 2,970 मेगावाट से अधिक हो गई है। सितंबर में ही यूपी में करीब 74,800 रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए गये।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर लगाने में उत्तर प्रदेश देश का नंबर वन राज्य बन गया है। प्रदेश में 8.85 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं और कुल इंस्टॉलेशन के मामले में गुजरात को पीछे छोड़ दिया है। यह उपलब्धि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में यूपी के बढ़ते कदमों को दर्शाती है।

उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) के अधिकारियों-कर्मचारियों और प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन की शुरुआत हुई थी। आज सौर ऊर्जा जन-जन तक पहुंच रही है और उत्तर प्रदेश इस अभियान में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन केवल बिजली की जरूरतों को पूरा करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। सौर ऊर्जा को अपनाना वास्तव में प्रकृति की सेवा भी है।

यूपीनेडा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, निदेशक यूपीनेडा रविन्द्र कुमार, सचिव पंकज सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सोलर क्षेत्र से जुड़े स्टेकहोल्डर्स उपस्थित रहे।

रंग लाए यूपी के प्रयास

उत्तर प्रदेश में रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के साथ-साथ राज्य स्तर पर भी प्रयास किए जा रहे हैं। इससे लाखों परिवारों को बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ प्रदेश की ऊर्जा अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

उत्तर प्रदेश में पिछले कई महीनों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के 15 जनपद देश के टॉप 100 में शामिल हैं, जिनमें लखनऊ देश में प्रथम और वाराणसी 10वें स्थान पर है। योजना के तहत कार्यों की नियमित समीक्षा, निगरानी एवं समन्वय के जरिए लंबित प्रकरणों के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। यूपीनेडा ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लिए 8,000 से अधिक वेंडर्स को इंपैनल किया है।

सितंबर में यूपी सबसे आगे

सितंबर 2026 में उत्तर प्रदेश ने रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में देश के सभी राज्यों को पीछे छोड़ दिया। महीने के दौरान यूपी में 74,796 रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए। इस तरह सितंबर में यूपी में प्रतिदिन औसतन 2,493 रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए गए।

2,970 मेगावाट से ज्यादा क्षमता

30 सितंबर तक उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत कुल 8,67,755 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन हो चुके थे। इनकी कुल स्थापित क्षमता 2,911.39 मेगावाट थी। इसके बाद अक्टूबर के शुरुआती दिनों में भी इंस्टॉलेशन की रफ्तार तेज रही। उपलब्ध राष्ट्रीय पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, 8 अक्टूबर तक यूपी में इंस्टॉलेशन की संख्या 8.85 लाख से अधिक पहुंच गई और कुल स्थापित क्षमता 2,970 मेगावाट हो गई है।

30 सितंबर तक संचयी इंस्टॉलेशन के मामले में गुजरात 8,70,152 इंस्टॉलेशन के साथ यूपी से थोड़ा आगे था। लेकिन अक्टूबर के शुरुआती दिनों में उत्तर प्रदेश ने उसे पीछे छोड़ दिया। महाराष्ट्र 8,27,182 इंस्टॉलेशन के साथ तीसरे स्थान पर था।

देश में तेजी से बढ़ रहा रूफटॉप सोलर

केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना देश में रूफटॉप सोलर को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने वाली प्रमुख योजना है। योजना के तहत देशभर में 51 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं और स्थापित क्षमता 17.97 गीगावाट हो चुकी है। योजना का कुल परिव्यय 75,021 करोड़ रुपये है।

रूफटॉप सोलर के लिए कितनी सब्सिडी?

योजना के तहत घरों में 2 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम के लिए 30,000 रुपये प्रति किलोवाट तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता वाले सोलर सिस्टम के लिए अधिकतम 78,000 रुपये की सब्सिडी उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा, रूफटॉप सोलर को किफायती बनाने के लिए कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी दी जा रही है।