अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए, बढ़ती लागत को बताया वजह

अमूल ने 14 मई से पूरे देश में दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने का फैसला किया है। दूध उत्पादन की लागत में लगातार वृद्धि, पशु चारे की महंगाई, परिवहन खर्च और संचालन लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है।

अमूल ब्रांड से उत्पादों की बिक्री करने वाली गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) और मदर डेयरी ने देश भर में दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। बढ़ती इनपुट लागत के कारण 14 मई से पूरे भारत में अमूल और मदर डेयरी के दूध की कीमतें बढ़ जाएंगी।

GCMMF की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि उसने 14 मई 2026 से पूरे भारत में प्रमुख ताजा पाउच दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है, जो करीब 2.5 से 3.5 फीसदी के आसपास है। GCMMF का कहना है कि दूध उत्पादन की लागत में लगातार वृद्धि, पशु चारे की महंगाई, परिवहन खर्च और संचालन लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है। अमूल ने कहा कि किसानों को बेहतर भुगतान सुनिश्चित करने और दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया था। इससे पहले अमूल ने 1 मई 2025 को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी।

मदर डेयरी की ओर जारी बयान के मुताबिक, “मदर डेयरी अपने लिक्विड मिल्क वेरिएंट्स की कंज्यूमर कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करेगी, जो 14 मई, 2026 से लागू होगी। यह बदलाव इसलिए ज़रूरी हो गया है क्योंकि पिछले एक साल में किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में लगभग 6% की लगातार बढ़ोतरी हुई है, जबकि कंज्यूमर्स पर इसका असर कम करने की लगातार कोशिशें की जा रही हैं। यह बदलाव बढ़ी हुई लागत का सिर्फ़ एक हिस्सा है और इसका मकसद किसानों की भलाई और कंज्यूमर के हितों के बीच सही बैलेंस बनाए रखना है। यह ध्यान देने वाली बात है कि मदर डेयरी अपनी दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का लगभग 75 – 80% किसानों और दूध खरीदने वालों को देती है, जिससे उनकी रोज़ी-रोटी चलती है और कंज्यूमर्स को अच्छी क्वालिटी का दूध लगातार मिलता रहता है।”

अमूल और मदर डेयरी के बाद अन्य सहकारी संस्थाएं और डेयरी कंपनियां भी दूध के दाम बढ़ा सकती हैं। दूध की कीमतों में बढ़ोतरी से खाने की चीज़ों की महंगाई और आम जनता के रसोई बजट पर असर पड़ेगा। 

गर्मी के मौसम में दूध की मांग बढ़ने और पशु आहार की लागत ऊंची रहने के कारण आमतौर पर डेयरी कंपनियां दूध की कीमतों में वृद्धि करती हैं।

मदर डेयरी द्वारा बढ़ाए गये दूध के दाम