अर्जेंटीना बना भारत का सबसे बड़ा खाद्य तेल निर्यातक; इंडोनेशिया तीसरे स्थान पर खिसका

वर्ष 2025-26 में अर्जेंटीना भारत का सबसे बड़ा वनस्पति तेल आपूर्तिकर्ता बन गया है, जबकि मलेशिया दूसरे और दशकों तक शीर्ष स्थान पर रहा इंडोनेशिया तीसरे स्थान पर खिसक गया है। जैव ईंधन नीतियों और वैश्विक कीमतों में बदलाव से आयात के समीकरण बदल रहे हैं।

भारत के खाद्य तेल आयात बाजार में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अर्जेंटीना अब भारत को सबसे अधिक वनस्पति तेल निर्यात करने वाला देश बन गया है, जबकि मलेशिया दूसरे स्थान पर है। दशकों तक भारत को सबसे अधिक वनस्पति तेल की आपूर्ति करने वाला इंडोनेशिया अब तीसरे स्थान पर खिसक गया है।

अमेरिका के कृषि विभाग (USDA) की नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, मार्केटिंग ईयर 2025-26 (अक्टूबर-सितंबर) में अर्जेंटीना और मलेशिया ने भारत के वनस्पति तेल आयात में इंडोनेशिया को पीछे छोड़ दिया है।

यह बदलाव केवल भारत के आयात स्रोतों में आए परिवर्तन को नहीं दर्शाता, बल्कि वैश्विक खाद्य तेल व्यापार पर जैव ईंधन नीतियों, उत्पादन और अंतरराष्ट्रीय कीमतों के बढ़ते प्रभाव को भी उजागर करता है।

11 महीनों में अर्जेंटीना से 34.4 लाख टन खाद्य तेल आयात

भारत के खाद्य तेल आयात में अर्जेंटीना की बढ़ती हिस्सेदारी को सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) के आंकड़े भी दर्शाते हैं। नवंबर 2025 से सितंबर 2026 के दौरान भारत ने अर्जेंटीना से करीब 34.4 लाख टन खाद्य तेल का आयात किया। इस अवधि में मलेशिया से 29.8 लाख टन और इंडोनेशिया से 29.1 लाख टन खाद्य तेल आयात किया गया।

इस तरह इन तीनों देशों में अर्जेंटीना सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता रहा। इसी अवधि में भारत का कुल खाद्य तेल आयात लगभग 151.6 लाख टन रहा।

इंडोनेशिया से आयात घटने के पीछे बायोडीजल

इंडोनेशिया से भारत को खाद्य तेल की आपूर्ति में गिरावट का एक प्रमुख कारण उसकी घरेलू बायोडीजल नीति है। इंडोनेशिया सरकार ने डीजल में पाम ऑयल आधारित बायोडीजल के मिश्रण का दायरा बढ़ाया है। इसके चलते देश में पाम ऑयल की घरेलू खपत बढ़ी है और निर्यात के लिए उपलब्ध मात्रा पर दबाव पड़ा है।

इंडोनेशिया में पाम ऑयल की घरेलू खपत 2022-23 में 191.3 लाख टन थी, जो 2025-26 में बढ़कर 228.3 लाख टन हो गई। USDA ने 2026-27 में इसके 233.8 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान लगाया है। इसके विपरीत, इंडोनेशिया का पाम ऑयल निर्यात 2025-26 के 250.3 लाख टन से घटकर 2026-27 में 216 लाख टन रहने का अनुमान है।

अर्जेंटीना के सोयाबीन तेल का आयात बढ़ा

भारत के खाद्य तेल बाजार में अर्जेंटीना की बढ़ती हिस्सेदारी के पीछे मुख्य रूप से सोयाबीन तेल की आपूर्ति है। USDA के मुताबिक, अर्जेंटीना में निर्यात करों में हालिया कटौती से वहां के सोयाबीन तेल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ी है।

इसके अलावा, भारत के सूरजमुखी तेल आयात में भी अर्जेंटीना की भूमिका बढ़ी है। रूस और यूक्रेन से आपूर्ति में कमी के बीच अर्जेंटीना ने इस कमी की भरपाई की है। जुलाई 2026 से अर्जेंटीना भारत के लिए सूरजमुखी तेल का प्रमुख आपूर्तिकर्ता बन गया है। प्रतिस्पर्धी कीमतों के चलते भारत ने पिछले साल की तुलना में अर्जेंटीना से सूरजमुखी तेल की खरीद दोगुनी कर दी है।

मलेशिया और थाईलैंड ने भी बढ़ाई हिस्सेदारी

भारत के पाम ऑयल आयात में मलेशिया और थाईलैंड की हिस्सेदारी बढ़ी है। USDA के अनुसार, इन दोनों देशों में पिछले साल की तुलना में बेहतर उत्पादन और इंडोनेशिया के मुकाबले प्रतिस्पर्धी कीमतों के चलते भारत को इनकी आपूर्ति बढ़ी है।

इसके साथ ही, चीन सोयाबीन तेल के एक महत्वपूर्ण स्रोत के रूप में उभर रहा है। वहीं, नेपाल भी भारत के बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहा है। नेपाल को दक्षिण एशियाई मुक्त व्यापार समझौते (SAFTA) के तहत रिफाइंड तेल के शुल्क-मुक्त आयात-निर्यात का लाभ मिलता है। नेपाल से भारत आने वाले सोयाबीन तेल का बड़ा हिस्सा वास्तव में अर्जेंटीना का तेल होता है, जिसे नेपाल में रिफाइन करने के बाद भारत भेजा जाता है।

2026-27 में रिकॉर्ड खाद्य तेल आयात का अनुमान

भारत दुनिया का सबसे बड़ा वनस्पति तेल आयातक है और घरेलू मांग पूरी करने के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार पर काफी निर्भर है। 

USDA ने भारत के वनस्पति तेल आयात में बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मार्केटिंग वर्ष 2026-27 में भारत का कुल वनस्पति तेल आयात बढ़कर 173.9 लाख टन तक पहुंच सकता है, जबकि 2025-26 में यह 168.5 लाख टन रहने का अनुमान है।

2026-27 के लिए पाम ऑयल आयात 84 लाख टन, सोयाबीन तेल आयात 50 लाख टन और सूरजमुखी तेल आयात 38.5 लाख टन रहने का अनुमान है। सोयाबीन तेल के आयात में कमी की आशंका वैश्विक बाजार में निर्यात के लिए इसकी कम उपलब्धता के कारण है। वहीं, सूरजमुखी तेल की वैश्विक उपलब्धता बढ़ने से इसके आयात में वृद्धि की उम्मीद है।