भारत ने अफ्रीका और एशिया में कृषि अनुसंधान, प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इस दिशा में 12 से 14 नवंबर, 2026 तक जाम्बिया की राजधानी लुसाका में आयोजित अफ्रो-एशियन रूरल डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (AARDO) की तकनीकी कार्यक्रम समिति (TPC) की सातवीं बैठक में भारत ने कृषि सहयोग बढ़ाने की पहल को रेखांकित किया।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और AARDO के बीच 17 वर्षों की साझेदारी का उल्लेख करते हुए ICAR के सहायक महानिदेशक (अंतरराष्ट्रीय संबंध) डॉ. नवीन पी. सिंह ने इस सहयोग के तहत अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ICAR के 11 संस्थानों के माध्यम से 51 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनसे AARDO के सदस्य देशों के 900 से अधिक प्रतिभागियों को लाभ मिला है।
बैठक का एक प्रमुख आकर्षण ICAR और AARDO के बीच प्रस्तावित समझौता ज्ञापन (MoU) रहा। इसके माध्यम से मौजूदा सहयोग को प्रशिक्षण कार्यक्रमों से आगे बढ़ाकर संयुक्त अनुसंधान, विशेषज्ञों के आदान-प्रदान, जर्मप्लाज्म (आनुवंशिक संसाधनों) की साझेदारी, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और अकादमिक सहयोग तक विस्तारित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए आठ प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की गई है।
ICAR ने इस साझेदारी को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए एक कार्ययोजना भी प्रस्तावित की। इसमें प्रत्येक देश में राष्ट्रीय स्तर पर संपर्क अधिकारियों की नियुक्ति, संयुक्त कार्ययोजनाएं तैयार करना, वर्ष 2027 का प्रशिक्षण कैलेंडर बनाना और प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए एक संयुक्त कार्य समूह का गठन शामिल है।
इस साझेदारी का उद्देश्य भारत के कृषि इनोवेशन और संस्थागत विशेषज्ञता का लाभ अफ्रीका और एशिया के देशों तक पहुंचाना है। इससे जलवायु एवं अन्य चुनौतियों के प्रति सक्षम कृषि व्यवस्था विकसित करने, ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने और दोनों क्षेत्रों के बीच दक्षिण-दक्षिण सहयोग को गति देने में मदद मिलने की उम्मीद है।