देश में चीनी की कीमतों पर काबू पाने और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चीनी मिलों में पेराई जल्द शुरू करने की कोशिशों को आंशिक सफलता मिली है। अभी तक देशभर में पिछले साल के मुकाबले कम चीनी मिलों में पेराई शुरू हुई है, हालांकि चीनी उत्पादन बढ़ाने में सफलता मिली है।
नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज (NFCSF) की 15 नवंबर 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार, देश में अब तक 314 चीनी मिलों में पेराई शुरू हुई है, जबकि पिछले साल इसी तारीख तक 342 मिलें संचालित हो चुकी थीं।
हालांकि, इस अवधि में देश में गन्ने की कुल पेराई 290.53 लाख टन तक पहुंच गई है, जो पिछले साल की समान अवधि के 200.90 लाख टन के मुकाबले 44.61 फीसदी अधिक है। इसी तरह चीनी उत्पादन भी बढ़कर 24.21 लाख टन हो गया है, जबकि पिछले साल 15 नवंबर तक 15.57 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था।
अक्टूबर के दौरान हुई बेमौसम बारिश के चलते चीनी मिलों में पेराई कार्य शुरू होने में देरी हुई और अधिकांश चीनी मिलों में नए सीजन का संचालन नवंबर के पहले सप्ताह के बाद शुरू हो पाया।
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा पेराई और उत्पादन
चालू सीजन में महाराष्ट्र चीनी उत्पादन के मामले में सबसे आगे है। राज्य में 15 नवंबर तक 155 चीनी मिलों में पेराई शुरू हो चुकी थी, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 168 मिलें संचालित थीं। इसके बावजूद महाराष्ट्र में गन्ने की पेराई 216.76 लाख टन तक पहुंच गई है, जो पिछले साल की समान अवधि के 103.25 लाख टन से 110 फीसदी से अधिक है।
महाराष्ट्र में चीनी उत्पादन भी पिछले साल के 7.95 लाख टन से बढ़कर 18.75 लाख टन हो गया है। राज्य की औसत चीनी रिकवरी 8.65 फीसदी रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 7.70 फीसदी थी।
उत्तर प्रदेश में पेराई और रिकवरी कम
देश के दूसरे सबसे बड़े चीनी उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में चालू सीजन में पेराई की रफ्तार पिछले साल के मुकाबले धीमी है। राज्य में 15 नवंबर तक 75 चीनी मिलों में पेराई शुरू हुई थी, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 86 मिलें संचालित थीं।
उत्तर प्रदेश में 15 नवंबर तक 17.34 लाख टन गन्ने की पेराई हुई है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 40 लाख टन था। इसी तरह चीनी उत्पादन भी पिछले साल के 3.50 लाख टन के मुकाबले घटकर 1.50 लाख टन रह गया है। राज्य में औसत चीनी रिकवरी 8.65 फीसदी दर्ज की गई, जो पिछले साल की समान अवधि के 8.75 फीसदी से कम है। यूपी में कम रिकवरी चीनी मिलों के लिए चिंता का विषय है।
पश्चिमी यूपी की एक शुगर मिल के वरिष्ठ अधिकारी ने रूरल वॉयस को बताया कि अक्टूबर के आखिर में तेजी बारिश और आंधी के कारण गन्ने की फसल प्रभावित हुई और शुगर कंटेंट पूरा नहीं बन पाया है। इसलिए अभी रिकवरी कम है। अगले एक-दो सप्ताह में ठंड बढ़ने के साथ गन्ने में मिठास बढ़ने और रिकवरी बेहतर होने की उम्मीद है।
कर्नाटक और गुजरात में भी उत्पादन कम
कर्नाटक में 15 नवंबर तक 60 चीनी मिलों में पेराई शुरू हो चुकी थी, जबकि पिछले साल 65 मिलें संचालित थीं। राज्य में अब तक 31.43 लाख टन गन्ने की पेराई और 2.20 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। पिछले साल इसी अवधि में 34.51 लाख टन गन्ने की पेराई से 2.45 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। राज्य की औसत रिकवरी 7 फीसदी रही, जबकि पिछले साल यह 7.10 फीसदी थी।
गुजरात में 12 चीनी मिलों में पेराई शुरू हुई है और राज्य में औसत रिकवरी 6.30 फीसदी दर्ज की गई, जो पिछले साल के 7.10 फीसदी से कम है।
देश में औसत चीनी रिकवरी 8.33 फीसदी
NFCSF की रिपोर्ट के मुताबिक, 15 नवंबर तक देश में औसत चीनी रिकवरी 8.33 फीसदी रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 7.75 फीसदी थी। इस तरह राष्ट्रीय स्तर पर रिकवरी पिछले साल के मुकाबले बेहतर दिख रही है। ऐसा महाराष्ट्र में बेहतर रिकवरी के चलते हुआ है। जबकि उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में रिकवरी पिछले साल से कम है।
हालांकि, फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि महाराष्ट्र में इस सीजन में कई चीनी मिलों ने पिछले साल के मुकाबले पहले ही पेराई शुरू कर दी है। इसलिए पिछले सीजन की इसी तारीख के चीनी रिकवरी के आंकड़ों से चालू सीजन के आंकड़ों की सीधी तुलना करना उचित नहीं होगा। इसके अलावा, कुछ चीनी मिलों ने हाल ही में पेराई शुरू की है और वे अभी शुरुआती चरण में हैं। ऐसे में इन मिलों के चीनी उत्पादन और रिकवरी के आंकड़े अभी उनके सामान्य परिचालन स्तर को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं।
चालू चीनी सीजन 2026-27 में इथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी डायवर्ट करने की अनुमति नहीं दी गई है। वहीं, पिछले सीजन 2025-26 के रिकवरी आंकड़ों की तुलना के लिए इथेनॉल उत्पादन में डायवर्ट की गई चीनी को घटाकर नेट शुगर रिकवरी के आधार पर गणना की गई है।