अप्रैल में छह माह में सबसे ज्यादा 1.14 लाख ट्रैक्टरों की बिक्री, निर्यात भी 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ा

भारतीय ट्रैक्टर उद्योग ने अप्रैल 2026 में छह माह का सर्वाधिक प्रदर्शन दर्ज किया। ट्रैक्टर बिक्री 27 प्रतिशत बढ़कर 1.14 लाख यूनिट पहुंच गई, जबकि निर्यात में 30 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई। बेहतर ग्रामीण मांग और कृषि मशीनीकरण के चलते उत्पादन, घरेलू बिक्री और निर्यात तीनों में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई।

भारतीय ट्रैक्टर कंपनियों ने अप्रैल 2026 में 1,14,725 ट्रैक्टरों की बिक्री की है। ट्रैक्टर बिक्री का यह आंकड़ा पिछले छह महीने में सबसे ज्यादा है। अप्रैल से पहले अक्टूबर 2025 में 1,73,635 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई थी। ट्रैक्टर बिक्री में 27 प्रतिशत और निर्यात में 30 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।

ट्रैक्टर और मेकैनाइजेशन एसोसिएशन (टीएमए) की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले महीने कुल 1,10,261 ट्रैक्टरों का उत्पादन हुआ, 1,14,725 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई, जिसमें से 9704 ट्रैक्टरों का निर्यात किया गया। निर्यात का आंकड़ा भी बीते चार महीने में सबसे अधिक है। 

अप्रैल 2025 में उत्पादन 93,369 यूनिट का हुआ था और कुल बिक्री 90,280 यूनिट की थी। तब भारतीय कंपनियों ने 7,441 ट्रैक्टरों का निर्यात किया था। इस तरह पिछले महीने सालाना आधार पर उत्पादन में 18.09 प्रतिशत, बिक्री में 27.07 प्रतिशत और निर्यात में 30.41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

वर्ष 2026 के पहले चार महीने में देखें तो जनवरी से अप्रैल तक भारतीय कंपनियों ने कुल 4,45,164 ट्रैक्टर का उत्पादन किया। उन्होंने कुल 4,13,462 ट्रैक्टर की बिक्री की जिसमें से 37,825 यूनिट का निर्यात किया गया। इस तरह जनवरी से अप्रैल के दौरान ट्रैक्टर कंपनियों का उत्पादन 1,07,651 यूनिट यानी 31.89% बढ़ा। उनकी बिक्री में 29.8 प्रतिशत यानी 94,982 यूनिट का इजाफा हुआ तथा निर्यात में 2850 यूनिट यानी 8.15% की वृद्धि हुई।