प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस एयरपोर्ट की शुरुआत को भारत के वैश्विक एविएशन हब बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस एयरपोर्ट की शुरुआत को भारत के वैश्विक एविएशन हब बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के लिए एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गेटवे के रूप में परिकल्पित यह परियोजना देश के एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम है।

इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है।

उन्होंने कहा, “यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे और लघु उद्योगों, यहां के नौजवानों के लिए अनेक नए अवसर लेकर आने वाला है। यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही यह विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का भी प्रतीक बनेगा। मैं विशेष कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता को इस एयरपोर्ट के लिए बधाई देता हूं।”

प्रधानमंत्री ने कहा, पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई देशों में खाने-पीने के समान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद जैसी कई जरूरी चीजों का संकट पैदा हो गया है। हर देश इस संकट का सामना करने के लिए कुछ न कुछ कोशिश कर रहा है। भारत भी इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है। भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस युद्ध से प्रभावित क्षेत्र से मंगाता है। सरकार हर वह कदम उठा रही है जिससे सामान्य परिवारों पर, हमारे किसान भाई-बहनों पर इस संकट का बोझ ना पड़े।