छोटे किसानों के लिए कैसे सुलभ बने कार्बन का बाजार

कार्बन खेती भारत के छोटे किसानों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर पैदा करने के साथ जलवायु अनुकूलता बढ़ा सकती है। हालांकि, छोटी जोतों, भूमि अभिलेखों की विसंगतियों, अधिक लागत, सत्यापन संबंधी चुनौतियों और नीतिगत अनिश्चितताओं के कारण इसका विस्तार सीमित है। डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन का एस (ACE) कार्यक्रम इस दिशा में एक उपयोगी मॉडल प्रस्तुत करता है।

वर्ष 2070 तक भारत नेट-जीरो उत्सर्जन लक्ष्य हासिल करने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। इस प्रक्रिया में देश की राष्ट्रीय जलवायु रणनीति का ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ाव महत्वपूर्ण है। देश के 70 करोड़ से अधिक छोटे और सीमांत किसानों की आजीविका का आधार कृषि क्षेत्र अब केवल जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील क्षेत्र के रूप में नहीं देखा जा रहा है। इसके बजाय, यह भूमि में कार्बन संचय और वायुमंडल से कार्बन हटाने के एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में उभर रहा है। 

भारत एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है। यह घरेलू कार्बन क्रेडिट ट्रेडिंग योजना लागू करने के साथ मापने, रिपोर्टिंग एवं सत्यापन के लिए राष्ट्रीय दिशानिर्देश तैयार कर रहा है। हालांकि राष्ट्रीय नीतियों और एक हेक्टेयर से भी कम आकार वाले छोटे तथा बिखरे खेतों की वास्तविकताओं के बीच की खाई पाटने के लिए संरचनात्मक बदलाव जरूरी हैं।

उत्सर्जन में कमी से आजीविका तक

खेती की मिट्टी और लंबे समय तक जीवित रहने वाली वनस्पति कार्बन संचित करने के सबसे किफायती माध्यमों में शामिल हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए कार्बन खेती के जरिए जलवायु परिवर्तन को सीमित करने का सीधा संबंध उसके प्रभावों के अनुरूप ढलने और आर्थिक मजबूती से भी है। 

भूमि प्रबंधन की रीजेनरेटिव कृषि पद्धतियां ऐसे तात्कालिक सह-लाभ प्रदान करती हैं, जो कृषि को अधिक स्थिर और टिकाऊ बनाने में मदद करती हैंः

  • मिट्टी में कार्बन की मात्रा बढ़ाना: फसल अवशेषों को मिट्टी में मिलाना, जुताई कम करना, कवर क्रॉप उगाना और बायोचार का उपयोग मिट्टी में जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ाता है। इससे मिट्टी की संरचना, पानी रोकने की क्षमता और सूक्ष्मजीव विविधता में सुधार होता है तथा कृत्रिम इनपुट पर निर्भरता घटती है।
  • कृषि वानिकी और बायोमास में कार्बन संचय: मौसमी फसलों के साथ स्थानीय प्रजातियों के पेड़ लगाने से लकड़ी जैसे बायोमास में लंबे समय तक कार्बन संचित होता है। साथ ही, लकड़ी, चारा और फल से किसानों की आय के स्रोत बढ़ते हैं।
  • जल प्रबंधन और मीथेन उत्सर्जन में कमी: धान में खेत को बारी-बारी से गीला और सूखा रखने की पद्धति अपनाकर मीथेन उत्सर्जन कम किया जा सकता है। इससे भूजल संसाधन का संरक्षण भी होता है।
  • सिंथेटिक नाइट्रोजन का बेहतर उपयोग: खेत की विशिष्ट जरूरतों के अनुसार पोषक तत्वों की योजना बनाकर उर्वरकों का सटीक प्रबंधन करने से नाइट्रस ऑक्साइड (N₂O) का उत्सर्जन घटाया जा सकता है। इस ग्रीनहाउस गैस की ग्लोबल वार्मिंग क्षमता कार्बन डाइऑक्साइड की तुलना में लगभग 273 गुना है। इससे कृषि इनपुट पर होने वाले खर्च को भी नियंत्रित किया जा सकता है।

ग्रामीण भारत के लिए कार्बन खेती के तीन बड़े लाभ

  • मिट्टी और पारिस्थितिकी तंत्र: मिट्टी में जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ना, पानी रोकने की बेहतर क्षमता, स्थानीय जलवायु का नियमन और मिट्टी के कटाव की रोकथाम।
  • आर्थिक स्थिरता: कृषि इनपुट की लागत में कमी, फसल एवं आय के स्रोतों में विविधता, जलवायु झटकों का सामना करने की क्षमता और कार्बन क्रेडिट से आय।
  • क्लाइमेट एक्शन: ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी और वायुमंडलीय कार्बन डाइऑक्साइड को लंबे समय तक जमीन में संचित करने की ऐसी प्रक्रिया, जिसके परिणामों का सत्यापन किया जा सके।

छोटे किसानों के सामने संरचनात्मक बाधाएं

कार्बन खेती की संभावनाएं व्यापक हैं, लेकिन छोटे किसानों तक कार्बन फाइनेंस पहुंचाने में कई चुनौतियां हैं।

  • लेन-देन की ऊंची लागतः छोटे किसानों के खेतों का औसत आकार 1.1 हेक्टेयर से भी कम है। ऐसे किसान परियोजना के सत्यापन, उपग्रह आधारित ऑडिट, मिट्टी की जांच और पंजीकरण का खर्च नहीं उठा सकते। इन्हें समूह या क्लस्टर के रूप में संगठित किए बिना परियोजना की लागत, संभावित कार्बन क्रेडिट से होने वाली आय से अधिक हो सकती है।
  • एफपीओ के सामने क्रियान्वयन की चुनौती: एफपीओ को किसानों को एकजुट करने का स्वाभाविक माध्यम माना जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर इन परियोजनाओं को लागू करना आसान नहीं है। बड़े पैमाने पर कार्बन उत्सर्जन में कमी के परिणाम हासिल करने के लिए समर्पित और विशेषज्ञ कार्यबल की जरूरत होती है, जो तय समयसीमा के भीतर व्यवस्थित परियोजना के रूप में काम कर सके। यह ढांचा अक्सर एफपीओ की मुख्य व्यावसायिक गतिविधियों, प्रशासनिक व्यवस्था और बहुआयामी जिम्मेदारियों के अनुरूप नहीं बैठता।
  • कार्बन बाजार से परे फाइनेंस की कमी: प्रति हेक्टेयर कार्बन से होने वाली आय सीमित होती है और कृषि पद्धतियों में बदलाव के कई वर्ष बाद मिलती है। कार्बन बाजार समय के साथ किसानों को भुगतान कर सकते हैं, लेकिन वे उन बुनियादी सुविधाओं के लिए वित्त उपलब्ध नहीं करा सकते, जिन पर कार्बन खेती निर्भर करती है। इनमें भूमि रिकॉर्ड, प्रशिक्षित कृषि प्रसार कार्यबल और क्षेत्रीय स्तर पर मिट्टी में कार्बन की आधारभूत स्थिति का आकलन शामिल हैं। यह कमी दूर करने के लिए कार्बन बाजारों के साथ सरकारी और मिश्रित वित्तपोषण व्यवस्था भी जरूरी है। केवल कार्बन बाजारों पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं होगा।
  • रेगुलेटरी स्पष्टता और बाजार के बीच तालमेल: परियोजनाएं विकसित करने वाली संस्थाओं और कार्बन क्रेडिट खरीदने वालों के सामने इस बात को लेकर अनिश्चितता है कि कृषि क्षेत्र से मिलने वाले कार्बन क्रेडिट का राष्ट्रीय कार्बन क्रेडिट ट्रेडिंग योजना के ऑफसेट तंत्र, स्वैच्छिक कार्बन बाजार और पेरिस समझौते के अनुच्छेद 6 के तहत अंतरराष्ट्रीय हस्तांतरण के साथ किस तरह तालमेल होगा। जब तक परियोजनाओं की पात्रता, बेस लाइन तय करने की पद्धतियों और कार्बन क्रेडिट की दोहरी गणना रोकने के उपायों पर स्पष्ट राष्ट्रीय नियम तय नहीं होते, तब तक छोटे किसानों की परियोजनाओं में दीर्घकालिक संस्थागत निवेश सीमित रहेगा।
  • भूमि रिकॉर्ड दुरुस्त करने की जरूरत: भारत में एक बड़ी समस्या आधुनिक और अद्यतन भूमि रिकॉर्ड का अभाव है। देश के बड़े हिस्से में आजादी के तुरंत बाद के दौर से अब तक व्यापक भौतिक सर्वेक्षण नहीं हुआ है। इसके कारण भूमि के बड़े हिस्से या तो नक्शों में दर्ज नहीं हैं या उनके रिकॉर्ड गलत हैं। जहां सरकारी आधुनिकीकरण योजनाओं के तहत डिजिटल डेटाबेस बनाए गए हैं, वहां भी अक्सर पुराने रिकॉर्ड को ही आगे बढ़ाया गया है। मतलब अनेक जमीनें आज भी उन पूर्वजों के नाम दर्ज हैं, जिनका निधन कई दशक पहले हो चुका है। पीढ़ियों तक उत्तराधिकार और नामांतरण की औपचारिक प्रक्रिया पूरी ही नहीं की गई। परिवारों के भीतर अनौपचारिक बंटवारे, बिना पंजीकरण के जमीन की बिक्री और जटिल कानूनी विवादों के कारण सरकारी रिकॉर्ड और वास्तविक स्थिति में बड़ा अंतर है। यह असमानता भूमि विवादों को बढ़ाती है और छोटे किसानों को संस्थागत ऋण तथा फसल बीमा जैसी सुविधाओं से वंचित करती है। यही समस्या कार्बन क्रेडिट के सत्यापन और जमीन में कार्बन संचय से जुड़ी परियोजनाओं के लिए भी संरचनात्मक बाधा है।
  • माप, रिपोर्टिंग एवं सत्यापन की चुनौती: कार्बन रजिस्ट्री में इस प्रमाण की जरूरत है कि अपनाई गई कृषि पद्धति से वास्तव में अतिरिक्त लाभ हुआ है। इसके साथ यह भी सुनिश्चित करना होता है कि संचित कार्बन लंबे समय तक जमीन में बना रहे। मिट्टी में जैविक कार्बन की पारंपरिक प्रयोगशाला जांच महंगी है। इसमें समय लगता है और लाखों छोटे खेतों पर इसे बड़े पैमाने पर लागू करना कठिन है।
  • प्रशिक्षित कार्यबल की कमी: भारत में ऐसे प्रशिक्षित कृषि प्रसार कर्मियों की गंभीर कमी है, जो डिजिटल जियो-टैगिंग, उपग्रह की मदद से जमीनी स्थिति का सत्यापन, रिमोट सेंसिंग के लिए आंकड़े जुटाने और खेतों में परियोजनाओं का सत्यापन करने जैसे काम कर सकें।
  • जानकारी की असमानता: अधिकांश किसानों के पास कार्बन क्रेडिट, पात्रता के मानदंडों और जमीन से जुड़ी दीर्घकालिक प्रतिबद्धताओं के बारे में स्पष्ट और सरल भाषा में जानकारी उपलब्ध नहीं है।

डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन के ‘एस’ का अनुभव

इन संरचनात्मक कमियों को दूर करने के लिए जमीनी स्तर पर आजमाए गए मॉडल उपयोगी कार्यप्रणाली प्रस्तुत करते हैं। इसका एक प्रमुख उदाहरण डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन का एक्शन फॉर क्लाइमेट एंड एनवायरनमेंट (एस) कार्यक्रम है। खास तौर पर छोटे किसानों की चुनौतियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह मॉडल बताता है कि समुदाय आधारित कृषि प्रसार, तकनीक के इस्तेमाल और संस्थागत तालमेल के जरिए क्लाइमेंट एक्शन का विस्तार करने के साथ किसानों की आय भी बढ़ाई जा सकती है।

एस मॉडल के प्रमुख स्तंभ

  • समुदाय आधारित कृषि प्रसार व्यवस्था: डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन स्थानीय ग्रामीण कृषि प्रसार कार्यकर्ताओं का विकेंद्रीकृत नेटवर्क तैयार करता है, जिन्हें ‘लीड फार्मर’ कहते हैं। इसके अलावा, फाउंडेशन प्रशिक्षित और प्रमाणित ग्रामीण युवाओं तथा महिलाओं को सीधे जियो-टैगिंग, बेसलाइन सर्वेक्षण और डिजिटल फील्ड ऑडिट में लगाने की योजना बना रहा है। यह कार्यबल माप, रिपोर्टिंग एवं सत्यापन की परिचालन लागत घटाने के साथ गांवों के समूहों में भरोसा कायम करने में भी मदद करेगा।
  • कृषि वानिकी और पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली: आंध्र प्रदेश सहित विभिन्न पारिस्थितिक क्षेत्रों में कृषि वानिकी को बढ़ावा देने जैसी पहलों के तहत पेड़ लगाने की रिमोट सेंसिंग प्लेटफॉर्म की मदद से व्यवस्थित मैपिंग की जाती है। प्रत्येक पौधे को जियो-टैग किया जाता है, जिससे उसके बचे रहने की निगरानी, बायोमास का आकलन और अंतरराष्ट्रीय कार्बन मानकों के अनुरूप ऑडिट करना संभव होता है।
  • कार्बन उत्सर्जन घटाने वाली कृषि पद्धतियां: धान में खेतों को बारी-बारी से गीला और सूखा रखने की पद्धति को मिट्टी में बायोचार के इस्तेमाल के साथ जोड़कर यह कार्यक्रम मीथेन उत्सर्जन घटाने और कमजोर हो चुकी मिट्टी में कार्बन संचित करने का प्रयास करता है।
  • आर्थिक और पर्यावरणीय प्रभाव के प्रमाण: हजारों किसानों को शामिल करने वाले विभिन्न क्षेत्रों में एस मॉडल ने पानी की बचत, रासायनिक कृषि इनपुट पर निर्भरता में कमी, ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में गिरावट और प्रति एकड़ खेती से होने वाले शुद्ध मुनाफे में बढ़ोतरी जैसे मापने योग्य परिणाम प्रदर्शित किए हैं।

निष्कर्ष: ग्रामीण भारत के लिए सुदृढ़ भविष्य

कार्बन खेती भारत के ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक समृद्धि को वैश्विक जलवायु लक्ष्यों के साथ जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। छोटे और बिखरे हुए खेतों को सामूहिक ताकत में बदलकर, डिजिटल माप, रिपोर्टिंग एवं सत्यापन प्रणालियों को मानकीकृत करके, नियामकीय स्पष्टता सुनिश्चित करके और प्रशिक्षित जमीनी कार्यबल तैयार करके भारत कृषि क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन घटाने और कार्बन संचय को बढ़ावा देने का बढ़िया मॉडल विकसित कर सकता है। इसके लिए मिश्रित फाइनेंसिंग का सहयोग भी जरूरी होगा।

डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन के एक्शन फॉर क्लाइमेट एंड एनवायरनमेंट (एस) जैसे कार्यक्रम दिखाते हैं कि जब विज्ञान, सामुदायिक भागीदारी और डिजिटल तकनीक एक साथ काम करते हैं, तो रीजेनरेटिव कृषि जलवायु संबंधी चुनौतियों का सामना करने की क्षमता बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था की समृद्धि में भी योगदान दे सकती है। 

(लेखक हैदराबाद स्थित क्लाइमेट एक्शन एंड रूरल लाइवलीहुड्स, डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन के डायरेक्टर हैं)