पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनेंगे शुभेंदु अधिकारी, तमिलनाडु में लेफ्ट के समर्थन से सत्ता के करीब पहुंचे विजय

भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद राज्य का पहला भाजपा मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं तमिलनाडु में जोसफ विजय की टीवीके सरकार गठन के करीब पहुंच गई है, क्योंकि उसे वाम दलों और वीसीके का समर्थन मिल गया है।

ऐतिहासिक राजनीतिक घटनाक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाने जा रही है। वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) को मुख्यमंत्री पद के लिए चुना गया है। भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से अधिकारी के नाम की घोषणा की। विधायक दल की बैठक में सभी 207 नवनिर्वाचित भाजपा विधायक मौजूद थे।

नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक के बाद अमित शाह ने कहा, “कुल आठ प्रस्ताव आए थे, लेकिन सबमें एक ही नाम था। दूसरे नाम के लिए पर्याप्त समय दिया गया लेकिन किसी अन्य नाम का प्रस्ताव नहीं आया। इसलिए मैं पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा करता हूं।” इसके साथ ही अधिकारी राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने का रास्ता साफ हो गया है। वे शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी भाग लेने की संभावना है।

अधिकारी ने इस बार विधानसभा चुनाव में कोलकाता की भवानीपुर सीट पर तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक वोटों से हराया है। उन्होंने नंदीग्राम सीट पर भी जीत दर्ज की है। शुभेंदु ने 2021 के विधानसभा चुनाव में भी नंदीग्राम से ममता बनर्जी को 1956 वोटों से पराजित किया था।

कभी ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी रहे शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम भूमि अधिग्रहण आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बाद में उन्होंने वर्ष 2020 में तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़ दी। वर्ष 2021 से वह पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में कार्य कर रहे थे।

15 दिसंबर 1970 को पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी में जन्मे अधिकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री शिशिर अधिकारी के पुत्र हैं। उन्होंने वर्ष 1995 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की और बाद में 1998 में नवगठित तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। अधिकारी दिसंबर 2020 में भाजपा में शामिल हुए और 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ते हुए उन्हें पराजित किया।

वहीं तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने जोसफ विजय सरकार गठन के और करीब पहुंच गए हैं। उनकी पार्टी टीवीके (Tamilaga Vettri Kazhagam) को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की है। सीपीएम और वीसीके ने भी टीवीके को समर्थन देने का ऐलान किया है। पांच विधायकों वाली कांग्रेस पार्टी पहले ही टीवीके को समर्थन की घोषणा कर चुकी है।

यह समर्थन ऐसे समय में आया है जब टीवीके 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में 107 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, हालांकि वह बहुमत के आंकड़े 118 से पीछे रह गई। इसके बाद टीवीके ने सरकार बनाने के लिए DMK के सहयोगी दलों - सीपीआई, सीपीएम और वीसीके से समर्थन मांगा था। इन तीनों के दो-दो विधायक हैं।

CPI ने विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन के समर्थन में राज्यपाल को बिना शर्त समर्थन का पत्र सौंप दिया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव एम.ए. बेबी ने कहा कि वाम दल और वीसीके टीवीके को राज्यपाल के समक्ष बहुमत साबित करने के लिए यह कदम उठा रहे हैं।