राजस्थान के 5 जिलों में सूखा प्रबंधन के लिए 110 करोड़ रुपये की परियोजना, ICRISAT और CAZRI को मिली जिम्मेदारी

राजस्थान के पांच सूखा प्रभावित जिलों में कृषि उत्पादन स्थिर रखने के लिए 110 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू होगी। इसके तहत ICRISAT और CAZRI किसानों को जलवायु अनुकूल खेती, उन्नत फसल प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग की तकनीकें उपलब्ध कराएंगे।

राजस्थान के पांच सूखा प्रभावित जिलों में सूखे से निपटने और फसल उत्पादन को स्थिर बनाए रखने के लिए उन्नत कृषि तकनीकों का प्रसार किया जाएगा। इसके लिए राजस्थान के कृषि विभाग ने हैदराबाद स्थित इंटरनेशनल क्रॉप्स रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर द सेमी-एरिड ट्रॉपिक्स (ICRISAT) और जोधपुर के सेंट्रल एरिड जोन रिसर्च इंस्टीट्यूट (CAZRI) के साथ त्रिपक्षीय समझौता किया है।

राष्ट्रीय आपदा राहत कोष और राज्य आपदा राहत कोष से वित्त पोषित इस परियोजना के लिए 110 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके तहत जैसलमेर, नागौर, चूरू, जोधपुर और बाड़मेर जिलों में सूखे के प्रभाव को कम करने के उपाय किए जाएंगे।

समझौते के तहत ICRISAT जैसलमेर, नागौर और चूरू में, जबकि CAZRI जोधपुर और बाड़मेर में तकनीकी सहयोग देगा। दोनों संस्थानों के विशेषज्ञ स्थानीय जलवायु और कृषि परिस्थितियों के अनुसार उन्नत फसल प्रबंधन तकनीक और वैज्ञानिक खेती के तरीके विकसित करने के साथ उनका किसानों तक प्रसार करेंगे।

इस पहल के तहत किसानों को जलवायु अनुकूल खेती, बेहतर फसल प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों के उचित उपयोग के बारे में जानकारी दी जाएगी। इससे कम पानी में खेती करने, सूखे के असर को घटाने और फसल उत्पादन तथा उत्पादकता को स्थिर बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान के शुष्क और अर्ध शुष्क क्षेत्रों के किसानों को इसका लाभ मिलेगा।

समझौते पर राजस्थान के कृषि आयुक्त नरेश गोयल, ICRISAT के महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक और CAZRI के निदेशक डॉ. हनुमान सहाय जाट ने हस्ताक्षर किए। परियोजना का उद्देश्य सूखा प्रभावित क्षेत्रों में किसानों की जलवायु संबंधी चुनौतियों से निपटने की क्षमता बढ़ाना और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करना है।