स्मार्टफोन बन सकता है उन्नत कृषि अनुसंधान के लाभ का जरिया

स्मार्टफोन उन्नत कृषि अनुसंधान और किसानों की रोजमर्रा की जरूरतों के बीच की दूरी कम कर सकते हैं। एआई, कंप्यूटर विजन, भू-स्थानिक विश्लेषण और बहुभाषी तकनीक के माध्यम से किसान अपने खेतों का विश्वसनीय रिकॉर्ड तैयार कर सकते हैं, बेहतर निर्णय ले सकते हैं और बाजार, बीमा तथा ऋण तक बेहतर पहुंच बना सकते हैं। किसानों के नियंत्रण में रहने वाला आंकड़ा कृषि मूल्य शृंखला में पारदर्शिता भी बढ़ा सकता है।

भारत का कृषि परिदृश्य डिजिटल बदलाव के दौर से गुजर रहा है। ग्रामीण परिवारों में स्मार्टफोन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। किसान परिवारों में भी बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं, जिनके पास कम से कम एक ऐसा उपकरण है, जिसके माध्यम से वे सूचनाओं, सेवाओं और बाजारों से जुड़ सकते हैं। हालांकि, खेती के तौर-तरीकों और कृषि को समझने की प्रक्रिया में बदलाव लाने की इस परिचित तकनीक की क्षमता का अभी तक पूरी तरह उपयोग नहीं हो पाया है।

आज कृषि क्षेत्र में सूचनाओं की कमी नहीं है। किसानों को मौसम की जानकारी, कृषि सलाह, बाजार के संकेत और खेती से जुड़ी सिफारिशें कई स्रोतों से मिलती हैं। इसके बावजूद, जब खेत में वास्तविक निर्णय लेने की बात आती है, तो इनमें से ज्यादातर सूचनाओं का किसान के अपने खेत की वास्तविक परिस्थितियों से सीधा संबंध नहीं बन पाता। मौसम का पूर्वानुमान पूरे जिले के लिए हो सकता है, लेकिन कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित दो खेतों में उसी बारिश का प्रभाव काफी अलग हो सकता है। इसी तरह, फसल की सेहत से जुड़ी कोई सलाह किसान के लिए तभी अधिक उपयोगी होती है, जब वह फसल की वास्तविक स्थिति, उसके बढ़ने के चरण, मिट्टी और खेत के आसपास के वातावरण को ध्यान में रखकर दी जाए।

असली अवसर इस बात में है कि उन्नत अनुसंधान को खेत के स्तर पर उपयोगी बनाया जाए, वह भी इस तरह कि किसानों को महंगे उपकरण खरीदने या जटिल सॉफ्टवेयर समझने की जरूरत न पड़े। स्मार्टफोन इस दिशा में एक व्यावहारिक शुरुआत हो सकता है। इसके माध्यम से किसान अपने खेत का दस्तावेजीकरण कर सकते हैं, खेती से जुड़ी गतिविधियों की विश्वसनीय जानकारी दर्ज कर सकते हैं और उसे ऐसे उपयोगी ज्ञान में बदल सकते हैं, जिसके आधार पर ठोस निर्णय लिए जा सकें।

उन्नत तकनीक को व्यावहारिक बनाना

कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), कंप्यूटर विजन, ऑगमेंटेड रियलिटी और भू-स्थानिक (जियो स्पेशियल) विश्लेषण जैसी तकनीकों में कृषि क्षेत्र को बदलने की काफी क्षमता है। हालांकि, इनकी वास्तविक उपयोगिता इस बात पर निर्भर करती है कि ये खेतों में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किस हद तक कर पाती हैं।

उदाहरण के लिए, एक किसान अपने खेत का रिकॉर्ड तैयार करते समय स्मार्टफोन के माध्यम से खेत के अलग-अलग हिस्सों का नक्शा बना सकता है, फसलों की तस्वीरें ले सकता है, खेती के तरीकों और इस्तेमाल किए गए कृषि निवेश का ब्योरा दर्ज कर सकता है और फसल बढ़ने के दौरान उसकी स्थिति में होने वाले बदलावों का रिकॉर्ड रख सकता है। किसान अपनी भाषा में बोलकर मोबाइल इंटरफेस के जरिए इस प्रक्रिया को आसान बना सकता है। इसके लिए किसान को डिजिटल तकनीक का बहुत अधिक ज्ञान होना भी जरूरी नहीं है।

कंप्यूटर विजन तस्वीरों का विश्लेषण करने, फसल की दिखाई देने वाली स्थिति को समझने और उससे जुड़ी महत्वपूर्ण विशेषताओं की पहचान करने में मदद कर सकता है। ऑगमेंटेड रियलिटी आंकड़े दर्ज करने के दौरान दिखने वाले संकेत और मार्गदर्शन उपलब्ध करा सकती है। इससे किसानों को यह समझने में मदद मिलेगी कि कौन-सी जानकारी दर्ज करनी है और कहां से करनी है। भू-स्थानिक तकनीक खेत के संबंधित हिस्सों के साथ इन बातों को जोड़ती है, जबकि समय का रिकॉर्ड यह बताता है कि जानकारी कब दर्ज की गई थी। 

इन सभी क्षमताओं को मिलाकर खेत का एक व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जा सकता है, जिसमें किसान द्वारा समय-समय पर दर्ज किए गए अवलोकन और कृषि गतिविधियां शामिल हों। अलग-अलग दर्ज किए गए अवलोकनों की आपस में संगति की जांच भी की जा सकती है और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के साथ उनका विश्लेषण किया जा सकता है। इससे इनकी विश्वसनीयता बढ़ती है और आगे के विश्लेषण तथा निर्णय लेने में इनकी उपयोगिता बेहतर होती है।

खेत स्तर पर प्रामाणिक जानकारी क्यों जरूरी है

कृषि संबंधी निर्णय लेने में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक सूचनाओं का बिखराव है। खेती के तौर-तरीकों, फसल की सेहत, कृषि उत्पादों की खरीद, टिकाऊ खेती, मौसम के प्रभाव और वित्तीय जोखिम से जुड़ा आंकड़ा अक्सर अलग-अलग हितधारकों द्वारा अलग-अलग उद्देश्यों के लिए जुटाया जाता है। नतीजतन, एक ही खेत का बार-बार आकलन किया जाता है, जबकि एक आकलन के दौरान जुटाई गई जानकारी अगले हितधारक या स्वयं किसान को उपलब्ध नहीं हो पाती।

एक बेहतर जुड़ी हुई व्यवस्था इस स्थिति को बदल सकती है। जब किसान अपने खेतों का नियमित और सत्यापन योग्य रिकॉर्ड तैयार करते हैं, तो वह एक बार इस्तेमाल होने वाले आकलन के बजाय बार-बार उपयोग किए जा सकने वाले संसाधन में बदल जाता है।

उदाहरण के लिए खेती के तरीकों, कृषि निवेश के इस्तेमाल और फसल की स्थिति का किसान द्वारा तैयार किया गया रिकॉर्ड किसी कृषि उद्यम को अपनी खरीद संबंधी जरूरतों का आकलन करने और उत्पादन की गुणवत्ता तथा एकरूपता समझने में मदद कर सकता है। यही जानकारी टिकाऊ खेती की निगरानी में सहायक हो सकती है, बीमा कंपनियों को खेत स्तर पर जोखिम का बेहतर आकलन करने में मदद कर सकती है और वित्तीय संस्थानों को ऋण संबंधी निर्णय लेने में सक्षम बना सकती है।

इससे किसानों के लिए अपने द्वारा तैयार की गई जानकारी से सीधे लाभ उठाने का अवसर पैदा होता है। खेती के तौर-तरीकों और उत्पादन की परिस्थितियों की बेहतर जानकारी से कंपनियां खरीद संबंधी बेहतर निर्णय ले सकती हैं। इसका लाभ किसानों को बेहतर कीमतों या खरीद की अधिक अनुकूल शर्तों के रूप में मिल सकता है। इसी तरह, खेत की स्थिति और जोखिम से जुड़ी अधिक विश्वसनीय जानकारी से बीमा प्रीमियम कम करने या अधिक अनुकूल ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।

हालांकि, ये लाभ तभी संभव होंगे, जब कृषि उद्यम और वित्तीय संस्थान खेत स्तर पर उपलब्ध विश्वसनीय जानकारी को मान्यता दें और बेहतर निर्णयों से पैदा होने वाले लाभ का कुछ हिस्सा किसानों तक पहुंचे। इस संबंध को स्थापित करना कृषि मूल्य शृंखला में किसानों की भागीदारी के तरीके में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है।

लंबे समय से किसान आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया का महज विषय बने रहे हैं। अक्सर उन्हें ऐसी प्रणालियों में केवल एक पहचान संख्या तक सीमित कर दिया जाता है, जिन्हें दूसरे लोग तैयार करते हैं। उनके पास अपने खेतों के बारे में जुटाई गई जानकारी पर न तो पर्याप्त अधिकार होता है और न ही यह तय करने की स्वतंत्रता कि उसका इस्तेमाल कैसे किया जाए। अधिक सहभागी व्यवस्था किसानों को अपने खेत की जानकारी तैयार करने, उसे देखने और यह तय करने का अधिकार देगी कि उसे किसके साथ साझा किया जाए। इस तरह उनके रिकॉर्ड अलग-अलग संस्थागत प्रणालियों तक सीमित रहने के बजाय विभिन्न जरूरतों और प्रक्रियाओं में उनके काम आ सकेंगे।

सिर्फ इंटरनेट कनेक्टिविटी से आगे की जरूरत

कृषि तकनीक की एक दूसरी वास्तविकता यह है कि खेतों में इंटरनेट कनेक्टिविटी हमेशा विश्वसनीय नहीं होती। जो तकनीकी समाधान लगातार क्लाउड से जुड़े रहने पर काम करता हो, वह भारत के विविध कृषि क्षेत्रों में व्यावहारिक साबित नहीं हो सकता। इसलिए तकनीक तैयार करते समय ऑफलाइन काम करने की सुविधा को बुनियादी आवश्यकता माना जाना चाहिए। खेत में किए गए अवलोकनों को बिना इंटरनेट के भी दर्ज और सुरक्षित रखा जा सके तथा कनेक्टिविटी उपलब्ध होने पर उन्हें संबंधित प्रणाली के साथ जोड़ दिया जाए।

भाषा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यदि किसानों से तकनीकी शब्दावली या केवल एक भाषा में तैयार किए गए इंटरफेस को समझने की अपेक्षा की जाएगी, तो तकनीक को उनके लिए सुलभ नहीं बनाया जा सकता। स्थानीय भाषाओं में आवाज के माध्यम से संवाद की सुविधा जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया को अधिक स्वाभाविक बना सकती है। खासकर उन क्षेत्रों में, जहां टाइप करने के बजाय बोलकर जानकारी देना अधिक आसान है।

भारत जैसे देश में ये बातें विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं, जहां अलग-अलग क्षेत्रों में खेती के तौर-तरीकों, खेतों के आकार, भाषाओं और डिजिटल तकनीक तक पहुंच में काफी अंतर है। किसी भी तकनीकी मंच को इस विविधता के अनुरूप ढलने और खेती की अलग-अलग परिस्थितियों तथा डिजिटल तकनीक से परिचित होने के विभिन्न स्तरों को ध्यान में रखने में सक्षम होना चाहिए।

स्मार्टफोन के माध्यम से जानकारी जुटाने, कंप्यूटर विजन, भू-स्थानिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्थानीय भाषाओं में संवाद की सुविधा को एक साथ जोड़कर उन्नत तकनीक को किसानों के लिए काफी अधिक सुलभ बनाया जा सकता है।

इन्हीं सिद्धांतों के आधार पर विंगश्योर (Wingsure) प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है। इसमें निर्धारित तरीके से आंकड़े जुटाने, कंप्यूटर विजन, ऑगमेंटेड रियलिटी, बहुभाषी वॉयस इंटरफेस और भू-स्थानिक विश्लेषण को एक साथ जोड़ा गया है, ताकि खेत के स्तर पर व्यवस्थित और सत्यापन योग्य रिकॉर्ड तैयार किए जा सकें।

यह प्लेटफॉर्म उपग्रहों और ड्रोन से प्राप्त सूचनाओं के साथ-साथ अन्य बाहरी स्रोतों और प्रणालियों के आंकड़ों को भी शामिल कर सकता है। इससे खेत में किए गए अवलोकनों को आसपास के व्यापक भौगोलिक परिदृश्य की जानकारी के साथ समझना संभव होता है। कंपनी का पहले से उपयोग में लाया जा रहा कॉफी संबंधी सूचना समाधान 'विंगश्योर कॉफिया' (Wingsure COFFEA™) किसी विशेष फसल और उसकी आपूर्ति शृंखला के लिए इस व्यापक प्लेटफॉर्म की अवधारणा का एक ठोस उदाहरण है।

इसका व्यापक उद्देश्य किसानों द्वारा अपने खेतों में देखी और दर्ज की गई परिस्थितियों को उन सूचनाओं से जोड़ना है, जिनकी जरूरत खेत और पूरी कृषि मूल्य शृंखला में बेहतर निर्णय लेने के लिए होती है। इसके बाद कृषि उद्यमों और किसानों, दोनों को इस व्यवस्था से लाभ मिलना चाहिए।

आंकड़े जुटाने से कृषि संबंधी उपयोगी जानकारी तैयार करने तक

आंकड़े जुटाने और उनसे उपयोगी कृषि जानकारी तैयार करने के बीच एक महत्वपूर्ण अंतर है। आंकड़े बताते हैं कि क्या दर्ज किया गया है। जबकि उपयोगी जानकारी यह समझने में मदद करती है कि उन आंकड़ों का क्या अर्थ है, वे दूसरे अवलोकनों से किस तरह जुड़े हैं और उनके आधार पर कौन-से निर्णय लिए जा सकते हैं।

बिना किसी संदर्भ के ली गई तस्वीर का उपयोग सीमित हो सकता है। लेकिन यदि किसी तस्वीर या अवलोकन को खेत के एक विशेष हिस्से से जोड़ा जाए, उसके दर्ज किए जाने का समय और परिस्थितियां भी बताई जाएं तथा ऐतिहासिक और पर्यावरण संबंधी जानकारी के साथ उसका विश्लेषण किया जाए, तो वह निर्णय लेने के लिए कहीं अधिक उपयोगी आधार बन सकता है।

समय के साथ ऐसे अवलोकनों का संचय किसी एक खेत की अधिक विस्तृत तस्वीर तैयार कर सकता है। इससे किसानों को फसल की स्थिति में होने वाले बदलाव को समझने, खेती के तरीकों की प्रगति पर नजर रखने और खेती से जुड़े अधिक सूचित निर्णय लेने में मदद मिल सकती है। किसान की सहमति से यही जानकारी उन दूसरे हितधारकों के निर्णयों में भी सहायक हो सकती है, जिनका उस खेत से वैध और प्रासंगिक संबंध है।

इससे यह भी बदलता है कि कृषि तकनीक का मूल्यांकन किस तरह किया जाना चाहिए। किसी मोबाइल एप्लिकेशन में मौजूद सुविधाओं की संख्या या उसके पीछे इस्तेमाल किए गए एल्गोरिदम की जटिलता ही उसकी सफलता का पैमाना नहीं हो सकती। यह भी देखना जरूरी है कि क्या वह किसानों को उपयोगी रिकॉर्ड तैयार करने में मदद करती है, खेत के स्तर पर जानकारी की गुणवत्ता बढ़ाती है, बार-बार आकलन की जरूरत कम करती है, सत्यापन को आसान बनाती है और अलग-अलग हितधारकों को खेत के बारे में एक समान समझ विकसित करने में सक्षम बनाती है।

अंततः कृषि संबंधी तकनीक से किसानों को भी प्रत्यक्ष और ठोस लाभ मिलना चाहिए। केवल कृषि उद्यमों के लिए बेहतर निर्णय लेने की सुविधा उपलब्ध कराना इसका उद्देश्य नहीं होना चाहिए।

कृषि इनोवेशन का अगला चरण

कृषि का डिजिटल बदलाव इस बात पर निर्भर करेगा कि अलग-अलग खेतों की वास्तविक परिस्थितियों को उन व्यापक प्रणालियों से किस तरह जोड़ा जाता है, जो कृषि संबंधी निर्णयों को प्रभावित करती हैं। एक साधारण स्मार्टफोन इस बदलाव का प्रवेश द्वार बन सकता है। इसके पीछे काम करने वाला उन्नत अनुसंधान तस्वीरों का विश्लेषण करने, अवलोकनों को व्यवस्थित करने, स्थान आधारित संदर्भ स्थापित करने और समय के साथ अधिक उपयोगी बनते जाने वाले रिकॉर्ड तैयार करने में मदद कर सकता है।

भारत जैसे देश में इसकी संभावनाएं विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं, जहां अलग-अलग क्षेत्रों, फसलों और किसान समुदायों में कृषि परिस्थितियां काफी भिन्न हैं। ऐसी तकनीक, जो इन विविधताओं के अनुरूप खुद को ढाल सके, कम इंटरनेट कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में भी काम करे और किसानों के लिए सुलभ बनी रहे, सार्थक बदलाव ला सकती है।

कृषि क्षेत्र में उन्नत तकनीक का भविष्य इस बात पर भी उतना ही निर्भर करेगा कि वह किसानों के अनुभव को कितना सरल बनाती है, जितना कि उस तकनीक की अपनी उन्नत क्षमताओं पर। वास्तविक उपलब्धि तभी होगी, जब अत्याधुनिक तकनीक को इस तरह सुलभ बनाया जाए कि वह खेती की रोजमर्रा की वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप हो।

सबसे सार्थक इनोवेशन के लिए किसी नए उपकरण या महंगी मशीन की जरूरत शायद न पड़े। इसके बजाय, स्मार्टफोन को ऐसा माध्यम बनाना ही पर्याप्त हो सकता है, जिसके जरिए उन्नत अनुसंधान का लाभ उस व्यक्ति तक पहुंचे, जिसे इसकी सबसे अधिक जरूरत है - किसान तक।

(लेखक विंगश्योर के सह-संस्थापक एवं मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी - सीटीओ हैं।)