पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना सोमवार को होगी। असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी की सभी सीटों के लिए मतगणना होगी, लेकिन पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से 293 पर मतों की गिनती की जाएगी। दक्षिण 24 परगना जिले की फलता सीट पर हुए मतदान को चुनाव आयोग ने पूरी तरह रद्द कर दिया है। अब वहां नए सिरे से मतदान होगा।
पश्चिम बंगाल की फलता सीट पर कुल 285 पोलिंग स्टेशन हैं और इन सभी पर 21 मई को फिर से वोटिंग होगी। वोटों की गिनती 24 मई को होगी। चुनाव आयोग ने शनिवार रात एक नोटिफिकेशन में इस विधानसभा क्षेत्र के लिए नए सिरे से मतदान की घोषणा की। आयोग के नोटिफिकेशन के मुताबिक, फलता के कई मतदान केंद्रों पर गंभीर चुनावी अपराध और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन के आरोप हैं। इस वजह से बुधवार, 29 अप्रैल को हुए पूरे विधानसभा क्षेत्र का मतदान रद्द कर दिया गया है।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा में कुल 294 सीटें हैं और बहुमत के लिए कम से कम 148 सीटें चाहिए। इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को 48.02 प्रतिशत वोट मिले थे और उसे 215 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। भारतीय जनता पार्टी को 37.97 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे और उसके 77 उम्मीदवार विजयी रहे थे। सीपीएम को 4.71 प्रतिशत और कांग्रेस को 3.03 प्रतिशत मत प्राप्त हुए थे। लेकिन इन दोनों पार्टियों में से किसी को एक भी सीट नहीं मिली थी।
पश्चिम बंगाल के पड़ोसी राज्य असम की विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं। यहां बहुमत के लिए 64 सीटों की जरूरत है। वर्ष 2021 के चुनाव में यहां भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगियों को 76 सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस को 48 और अन्य को दो सीटें प्राप्त हुई थीं
तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं यहां। बहुमत के लिए कम से कम 118 सीटें चाहिए। वर्ष 2021 के चुनाव में डीएमके और उसके सहयोगियों को 153 सीटें मिली थीं। एडीएमके को 80 सीटों पर जीत मिली थी।
दक्षिण के ही एक और प्रमुख राज्य केरल में भी सोमवार को मतगणना होनी है। यहां विधानसभा में कुल 140 सीटें हैं और बहुमत के लिए 71 सीटें चाहिए। पिछले चुनाव में यहां लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट को 99 और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट को 41 सीटें प्राप्त हुई थीं।
पुडुचेरी विधानसभा में 30 सीटें हैं और यहां सरकार बनाने के लिए 16 सीटें चाहिए। पिछले चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को 16 सीटें हासिल हुई थीं। ईडीपीए को 9 और अन्य को 5 मिली थी।