आज की प्रमुख चुनावी खबरें: भाजपा की एक और सूची जारी, लेकिन बृजभूषण पर सस्पेंस

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी है। सूची में सात उम्मीदवारों का एलान किया गया है। इसमें महाराष्ट्र की एक लोकसभा सीट के अलावा पंजाब की तीन, उत्तर प्रदेश की दो और पश्चिम बंगाल की एक सीट शामिल है। लेकिन उत्तर प्रदेश में बृजभूषण शरण सिंह की सीट कैसरगंज को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।

आज की प्रमुख चुनावी खबरें: भाजपा की एक और सूची जारी, लेकिन बृजभूषण पर सस्पेंस

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने सात उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी है। इसमें महाराष्ट्र की एक, पंजाब की तीन, उत्तर प्रदेश की दो और पश्चिम बंगाल की एक सीट शामिल है। लेकिन उत्तर प्रदेश में बृजभूषण शरण सिंह की कैसरगंज सीट को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। भाजपा ने महाराष्ट्र की सतारा लोकसभा सीट से छत्रपति उदयनराजे भोंसले, पंजाब में खडूर साहिब से मंजीत सिंह मन्ना मियाविंड, होशियारपुर (अजा) से अनिता सोम प्रकाश और बठिंडा से परमपाल कौर सिद्धू (पूर्व आईएएस) को टिकट दिया है। उत्तर प्रदेश की देवरिया सीट से शशांक मणि त्रिपाठी और फिरोजाबाद सीट से ठाकुर विश्वदीप सिंह को उम्मीदवार बनाया है। पश्चिम बंगाल की डायमंड हार्बर लोकसभा सीट से भाजपा ने अभिजीत दास (बॉबी) को टिकट दिया है। यूपी के देवरिया से भाजपा ने मौजूदा सांसद रमापति राम त्रिपाठी का टिकट काट दिया है। उनकी जगह शशांक मणि त्रिपाठी को चुनावी मैदान में उतारा गया है। फिरोजाबाद लोकसभा सीट से मौजूदा चंद्र सेन जादौन का टिकट भी काट दिया गया है। उनकी जगह ठाकुर विश्वदीप सिंह को टिकट दिया है। भाजपा ने पंजाब के होशियारपुर से मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश का टिकट काटकर उनकी पत्नी अनीता सोम प्रकाश को उम्मीदवार बनाया है। सोम प्रकाश फिलहाल मोदी सरकार में वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री हैं। 

कांग्रेस ने तीन उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में झारखंड की तीन लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है। जिसमें गोड्डा से दीपिका पांडे सिंह, चतरा से कृष्णा नंद त्रिपाठी और धनबाद से अनुपमा सिंह को टिकट दिया गया है। गोड्डा सीट पर दीपिका पांडे सिंह का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार निशिकांत दुबे से होगा। वहीं चतरा में कृष्णानंद त्रिपाठी के सामने भाजपा के कालीचरण सिंह की चुनौती है। धनबाद लोकसभा सीट पर कांग्रेस की अनुपमा सिंह को भाजपा के ढुलु महतो से मुकाबला करना होगा। झारखंड में झामुमो दुमका, राजमहल, गिरिडीह और सिंहभूम सीट पर अपने-अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। वहीं कांग्रेस खूंटी, लोहरदगा और हजारीबाग सीट पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। अब गोड्डा, चतरा और धनबाद से भी पार्टी ने उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। इस तरह कांग्रेस झारखंड में छह लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। 

मैनपुरी से डिंपल यादव के खिलाफ बसपा ने बदला प्रत्याशी

बसपा ने 11 लोकसभा प्रत्याशियों की एक और लिस्ट जारी कर मैनपुरी सीट से गुलशन देव शाक्य का टिकट काट दिया है। सपा की डिंपल यादव के खिलाफ मायावती ने अब यादव चेहरे पर दांव लगाया है। बसपा ने पूर्व विधायक शिव प्रसाद यादव को प्रत्याशी बनाया है। सपा के गढ़ कहे जाने वाले मैनपुरी से मायावती ने शिव प्रसाद यादव पर दांव लगाया है। इस सीट से भाजपा ने प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। टिकट कटने से नाराज गुलशन शाक्य तुरंत बीएसपी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। मैनपुरी में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण यानी 7 मई को मतदान होगा। मैनपुरी में डिंपल यादव के सामने शिव प्रसाद यादव और मंत्री जयवीर सिंह के मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है।   

हेमा मालिनी पर टिप्पणी को लेकर सुरजेवाला पर चुनाव आयोग का एक्शन!

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला पर चुनाव आयोग ने बड़ा एक्शन लेते हुए उनके चुनाव प्रचार करने पर 48 घंटे का बैन लगा दिया है। यह कार्रवाई मथुरा से सांसद हेमा मालिनी पर सुरजेवाला की विवादित टिप्पणी को लेकर की गई है। इस दौरान वे किसी सार्वजनिक बैठक, रोड शो, इंटरव्यू में बयान नहीं दे पाएंगे। भारत के संविधान के अनुच्छेद 324 और इस बारे में सक्षम अन्य सभी शक्तियों के तहत चुनाव आयोग उन्हें 16 अप्रैल, 2024 की शाम छह बजे से अगले 48 घंटों के लिए किसी भी सार्वजनिक बैठक, सार्वजनिक जुलूस, सार्वजनिक रैलियां, रोड-शो और साक्षात्कार, मीडिया में सार्वजनिक भाषण देने से रोक दिया है। 

टीएमसी ने बंगाल को गुंडों और घुसपैठियों को 'पट्टे पर' दे दिया: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में चुनावी रैलियां करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा, 'टीएमसी घुसपैठियों का समर्थन करती है, लेकिन शरणार्थियों को नागरिकता देने वाले सीएए का विरोध करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने पश्चिम बंगाल को गुंडों और घुसपैठियों को 'पट्टे पर' दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बालुरघाट में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह पहली रामनवमी है, जब रामलला अयोध्या में भव्य मंदिर में विराजमान हो चुके हैं। टीएमसी ने हमेशा यहां रामनवमी उत्सव को रोकने की पूरी कोशिश की। परन्तु जीत सत्य की ही होती है। इसलिए कोर्ट से अनुमति मिल गई है और कल पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ रामनवमी की शोभायात्राएं निकलेंगी।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!