बायर ने कपास किसानों के लिए 'ट्रांस' कीटनाशक लॉन्च किया, एफिड, जैसिड और व्हाइटफ्लाई पर करेगा नियंत्रण

बायर ने कपास किसानों के लिए नई पीढ़ी का कीटनाशक 'ट्रांस' लॉन्च किया है, जो एफिड, जैसिड और व्हाइटफ्लाई निम्फ जैसे रस चूसने वाले कीटों के प्रभावी नियंत्रण के लिए विकसित किया गया है। कंपनी का कहना है कि यह उत्पाद फसल की बेहतर सुरक्षा, अधिक उपज, टिकाऊ कीट प्रबंधन और किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेगा।

बायर ने कपास किसानों के लिए 'ट्रांस' कीटनाशक लॉन्च किया, एफिड, जैसिड और व्हाइटफ्लाई पर करेगा नियंत्रण

बायर ने अपने नए कीटनाशक 'ट्रांस' (Trance) को लॉन्च करने की घोषणा की है। इसे कपास की फसल में माहू (एफिड), जैसिड (हरा फुदका) और सफेद मक्खी के निम्फ (शुरुआती अवस्था वाली सफेद मक्खी) जैसे रस चूसने वाले कीटों के प्रभावी नियंत्रण के लिए विकसित किया गया है, जिससे कपास किसानों को बेहतर फसल सुरक्षा मिल सके।

इस उत्पाद को जुलाई 2026 से महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, राजस्थान, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम बंगाल सहित प्रमुख कपास उत्पादक राज्यों में उपलब्ध कराया जा रहा है। यह 100 मि.ली., 220 मि.ली. और 500 मि.ली. के पैक में उपलब्ध है।

भारत में कपास की खेती को लगातार कई तरह के रस चूसने वाले कीटों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। एक साथ कई तरह के कीटों के हमले, कीटों में कीटनाशकों के प्रति पैदा होती प्रतिरोधकता और इनके नियंत्रण के लिए किफायती विकल्पों की सीमित उपलब्धता के कारण दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इन चुनौतियों के कारण फसल की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, उपज में कमी आती है और किसानों की खेती की लागत बढ़ जाती है।

बायर का कहना है कि उसने इन बातों को ध्यान में रखते हुए ट्रांस को विकसित किया है। यह पौधे के भीतर दोनों दिशाओं में व्यवस्थित (टू-वे सिस्टमिक मूवमेंट) रूप से कार्य करता है तथा पत्तियों की दोनों सतहों तक प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। इससे पहले से मौजूद पत्तियों के साथ-साथ नई बढ़ने वाली पत्तियां भी सुरक्षित रहती हैं। इसके रेनफास्ट (वर्षा-प्रतिरोधी) फॉर्मूलेशन के कारण छिड़काव के लगभग दो घंटे बाद होने वाली बारिश भी इसके असर को कम नहीं कर सकती है। साथ ही, यह एकीकृत कीट प्रबंधन (इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट - आईपीएम) प्रोग्राम के साथ आसानी से जुड़कर फसल सुरक्षा देने में सक्षम है।

बायर का दावा है कि प्रभावी कीट नियंत्रण के अलावा 'ट्रांस' फसल के संपूर्ण स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। यह कीटों द्वारा रस चूसने की प्रक्रिया को तेजी से रोकता है, पत्तियों को अधिक स्वस्थ और साफ बनाए रखता है तथा ज्यादा स्वस्थ कैनोपी डेवलपमेंट को बढ़ावा देता है। फसल को होने वाले नुकसान को कम करने के साथ यह बार-बार कीटनाशक के छिड़काव की जरूरत को कम करता है।

बायर के क्रॉप साइंस डिवीजन (भारत) के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर मोहन बाबू ने कहा, “बायर में नवीनतम समाधानों की शुरुआत किसानों की बदलती जरूरतों और चुनौतियों को समझने से होती है। रस चूसने वाले कीटों का प्रकोप अब एक साथ कई कीटों के हमले और उनमें बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता के कारण नियंत्रण करना पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। ट्रांस दो परस्पर पूरक कार्यप्रणालियों (Modes of Action) को एक ही उत्पाद में समाहित करता है, जो प्रभावी और टिकाऊ कीट प्रबंधन सुनिश्चित करने के साथ-साथ किसानों को फसल का बेहतर स्वास्थ्य, अधिक उत्पादकता और बेहतर लाभ हासिल करने में मदद करता है।”

Subscribe Rural Voice Newsletter