क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का 456 करोड़ रुपये का आईपीओ 18 नवंबर को खुलेगा

क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का 456 करोड़ रुपये का आईपीओ 18 नवंबर को खुलेगा। कंपनी ने इसके लिए 259-272 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। आईपीओ में 355 करोड़ रुपये के नए शेयर और प्रमोटर अंकुर अग्रवाल की 100.7 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी की बिक्री शामिल है। जुटाई गई रकम का बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने में लगेगा।

क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का 456 करोड़ रुपये का आईपीओ 18 नवंबर को खुलेगा

एग्रोकेमिकल कंपनी क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) 18 नवंबर को खुलेगा। कंपनी इस आईपीओ के जरिए करीब 456 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसके लिए उसने 259-272 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब 4,438 करोड़ रुपये होगा।

आईपीओ में करीब 355 करोड़ रुपये के 1.30 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 37.02 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी। ओएफएस के जरिए करीब 100.7 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जाएंगे। कंपनी के प्रमोटर अंकुर अग्रवाल ही इस हिस्सेदारी की बिक्री करेंगे। अन्य प्रमोटर नंद किशोर अग्रवाल और कोमल अग्रवाल के साथ-साथ निवेशक आईएफसी और आईएफसी इमर्जिंग एशिया फंड ने ओएफएस से अपना नाम वापस ले लिया है।

कंपनी ने प्री-आईपीओ प्राइवेट प्लेसमेंट के बाद नए शेयरों के इश्यू का आकार भी घटाया है। इस प्लेसमेंट के जरिए उसने 272.07 रुपये प्रति शेयर की दर से शेयर जारी कर 84.2 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इससे पहले कंपनी ने 74.05 लाख शेयरों के ओएफएस के साथ 600 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करने का प्रस्ताव रखा था।

आईपीओ 20 नवंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा। संस्थागत निवेशकों के लिए एंकर बुक 17 नवंबर को खुलेगी। शेयरों का अलॉटमेंट 23 नवंबर तक अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है, जबकि बीएसई और एनएसई पर इनकी लिस्टिंग 26 नवंबर को प्रस्तावित है। रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम आवेदन एक लॉट यानी 55 शेयरों का होगा। ऊपरी प्राइस बैंड पर एक लॉट के लिए 14,960 रुपये का निवेश करना होगा।

कर्ज चुकाने में इस्तेमाल होगी आईपीओ की बड़ी रकम

क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन नए शेयरों से मिलने वाली रकम में से करीब 270 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में करेगी। इसमें कंपनी के कर्ज के लिए 247.94 करोड़ रुपये और उसकी सब्सिडियरी कंपनी सैफायर क्रॉप साइंस के कर्ज के भुगतान के लिए 22.06 करोड़ रुपये शामिल हैं। शेष राशि का इस्तेमाल अधिग्रहण, रणनीतिक पहलों और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा। अगस्त 2026 तक कंपनी का कुल समेकित उधार 962.6 करोड़ रुपये था। ऐसे में आईपीओ के जरिए जुटाई जाने वाली रकम का बड़ा हिस्सा कर्ज का बोझ घटाने में खर्च होगा।

कारोबार और वित्तीय प्रदर्शन

1994 में स्थापित क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का मुख्यालय नई दिल्ली में है। कंपनी का एकीकृत फसल समाधान कारोबार अनुसंधान एवं विकास, बीज प्रजनन, मैन्युफक्चरिंग और वितरण तक फैला है। इसके पोर्टफोलियो में खरपतवारनाशक, फफूंदनाशक, कीटनाशक, बायोस्टिमुलेंट, बायोप्रोटेक्टेंट, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर, तरल उर्वरक और सूक्ष्म पोषक तत्व शामिल हैं। कंपनी के पास 174 से अधिक फसल सुरक्षा उत्पाद ब्रांड हैं। इसके अलावा वह फील्ड क्रॉप, सब्जियों और फूलों के बीज भी उपलब्ध कराती है।

कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग इकाइयां महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में हैं। वह बांग्लादेश, नेपाल और अफ्रीका तथा एशिया के कई देशों में अपने उत्पादों का निर्यात भी करती है।

वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 22.4 प्रतिशत बढ़कर 144.9 करोड़ रुपये रहा, जबकि राजस्व 17.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3,152 करोड़ रुपये पहुंच गया। वित्त वर्ष 2026 की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी ने 1,197.1 करोड़ रुपये के राजस्व पर 135.7 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया। इस आईपीओ का प्रबंधन आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज, डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स और मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स कर रहे हैं।

Subscribe Rural Voice Newsletter