आंध्र प्रदेश में गैस आधारित उर्वरक परियोजना की संभावनाएं तलाशेंगे कृभको और गेल, APEDB के साथ किया समझौता
कृभको (KRIBHCO) और गेल (GAIL) ने आंध्र प्रदेश में 12.7 लाख टन सालाना क्षमता का गैस आधारित यूरिया संयंत्र स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के लिए APEDB के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। प्रस्तावित संयंत्र का उद्देश्य घरेलू यूरिया उत्पादन बढ़ाना और उर्वरक आत्मनिर्भरता मजबूत करना है।
भारत को उर्वरक उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (KRIBHCO) और गेल (इंडिया) लिमिटेड ने आंध्र प्रदेश इकोनॉमिक डेवलपमेंट बोर्ड (APEDB) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत आंध्र प्रदेश में गैस आधारित यूरिया संयंत्र स्थापित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इस समझौते पर 31वें सीआईआई पार्टनरशिप समिट 2026 के दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।
प्रस्तावित यूरिया संयंत्र की उत्पादन क्षमता 12.7 लाख मीट्रिक टन सालाना (1.27 MMTPA) होगी। इसे आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के मुलापेटा में गेल की श्रीकाकुलम-अंगुल प्राकृतिक गैस पाइपलाइन (SAPL) के निकट स्थापित करने की योजना है।
इस समझौता ज्ञापन पर कृभको के कार्यकारी निदेशक (तकनीकी) सी.एस. आजाद, गेल के कार्यकारी निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट, स्टार्टअप एवं रिसर्च एंड डेवलपमेंट) संजय अग्रवाल और APEDB के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सगिली शान मोहन ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर कृभको के चेयरमैन वी. सुधाकर चौधरी, प्रबंध निदेशक एस.एस. यादव और गेल के निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट) आर.के. सिंघल भी उपस्थित थे।
इस प्रस्तावित परियोजना में कृभको का उर्वरक क्षेत्र का अनुभव, गेल की प्राकृतिक गैस संबंधी क्षमताओं और आंध्र प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करने में APEDB की भूमिका को एक साथ लाने का प्रयास किया जाएगा। कृभको के लिए यह समझौता घरेलू यूरिया उत्पादन क्षमता बढ़ाने की संभावनाएं तलाशने और देश की कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में एक कदम है।
यह समझौता तीनों पक्षों को प्रस्तावित परियोजना की व्यवहार्यता और संभावनाओं पर मिलकर काम करने का आधार प्रदान करेगा। इसका व्यापक उद्देश्य देश में उर्वरकों की घरेलू उपलब्धता मजबूत करने के साथ-साथ आंध्र प्रदेश के औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा देना है।

Join the RuralVoice whatsapp group



















