‘फ्रेश पनीर’ और ‘100% ऑर्गेनिक’ जैसे दावों पर हेरिटेज फूड्स समेत तीन कंपनियों को FSSAI का नोटिस
FSSAI ने भ्रामक दावों और लेबलिंग संबंधी उल्लंघनों को लेकर हेरिटेज फूड्स, Dia Foods और Cipzer को नोटिस जारी किए हैं। नियामक ने ‘Fresh’, ‘Healthy’, ‘100% Organic’, ‘Vegan’ और स्वास्थ्य लाभ से जुड़े दावों पर सवाल उठाते हुए कंपनियों से सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
खाद्य नियामक भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने भ्रामक दावों और लेबलिंग संबंधी उल्लंघनों को लेकर हेरिटेज फूड्स लिमिटेड समेत तीन कंपनियों को नोटिस जारी किए हैं।
उपभोक्ताओं की शिकायतों के आधार पर FSSAI ने हेरिटेज फूड्स लिमिटेड से उसके उत्पाद ‘हेरिटेज फ्रेश पनीर’ पर किए गए दावों के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। कंपनी को ‘फ्रेश पनीर’ के दावे को लेकर नोटिस जारी किया गया है। नियामक का कहना है कि यह दावा खाद्य उत्पादों के लिए ‘फ्रेश’ शब्द के इस्तेमाल से संबंधित निर्धारित शर्तों को पूरा नहीं करता और उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकता है। हेरिटेज फूड्स लिमिटेड के ट्रेडमार्क ‘Healthy Happiness’ में ‘Healthy’ शब्द के इस्तेमाल को भी नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया है।
नियामक ने कंपनी से सात दिनों के भीतर यह स्पष्टीकरण देने को कहा है कि उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए।
Dia Foods और Cipzer को भी नोटिस जारी
FSSAI ने खाद्य उत्पादों पर भ्रामक दावों और लेबलिंग संबंधी उल्लंघनों के मामलों में Dia Foods और Cipzer को भी नोटिस जारी किए हैं। ये मामले पनीर, वेगन हेजलनट चॉकलेट स्प्रेड और न्यूट्रास्यूटिकल जूस कैप्सूल से जुड़े दावों से संबंधित हैं।
Dia Foods के ‘La Casa Vegan Hazelnut Chocolate Spread’ पर ‘ऑल नेचुरल’, ‘100% ऑर्गेनिक’ और ‘वेगन’ जैसे दावों को लेकर आपत्ति जताई गई है। FSSAI के अनुसार, ‘ऑल नेचुरल’ का दावा ‘नेचुरल’ शब्द के इस्तेमाल के लिए निर्धारित शर्तों को पूरा नहीं करता और इससे उपभोक्ताओं के भ्रमित होने की आशंका है। वहीं, ‘100% ऑर्गेनिक’ और ‘वेगन’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल से यह धारणा बनती है कि उत्पाद ऑर्गेनिक और वेगन है। हालांकि, FSSAI के अनुसार, कंपनी ने अपने लाइसेंस के तहत ऑर्गेनिक फूड और वेगन फूड संबंधी दावों के लिए आवश्यक पूर्व अनुमोदन प्राप्त नहीं किया है।
Cipzer के न्यूट्रास्यूटिकल जूस कैप्सूल के लेबल और प्रचार में किए गए दावों पर भी सवाल उठाए गए हैं। कंपनी ने ‘FSSAI Approved’, ‘Boost Your Immune System’ और ‘Made With Organic Vegetables’ जैसे दावे किए हैं।
खाद्य नियामक के अनुसार, उत्पाद पर ‘FSSAI Approved’ लिखा होना यह गलत धारणा पैदा कर सकता है कि FSSAI ने उत्पाद को विशेष रूप से मंजूरी दी है या उसका समर्थन किया है। इसलिए इस दावे को भ्रामक और धोखा देने वाला माना गया है। उत्पाद पर ‘रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने’ जैसे स्वास्थ्य संबंधी दावे भी किए गए हैं। हालांकि, FSSAI के अनुसार, इन दावों के समर्थन में कोई वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया गया है।
उत्पाद के पैक के सामने टमाटर, खीरा, ब्रोकली, पत्तागोभी और धनिया की तस्वीरें दिखाई गई हैं, जबकि इन सामग्रियों को उत्पाद की सामग्री सूची में घोषित नहीं किया गया है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब FSSAI खाद्य उत्पादों के नाम, लेबल और विज्ञापनों में किए जाने वाले भ्रामक दावों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज कर रहा है। FSSAI पिछले दो सप्ताह के दौरान भ्रामक दावों को लेकर विभिन्न खाद्य ब्रांडों और खाद्य कारोबार संचालकों को नोटिस जारी कर चुका है।

Join the RuralVoice whatsapp group















