मानसून की कम बारिश का खरीफ की धान पर पड़ा असर, पहले अग्रिम अनुमान में उत्पादन घटकर 10.63 करोड़ टन रहने की संभावना

अल नीनो के चलते इस साल मानसून की बारिश प्रभावित होने का असर धान उत्पादन पर पड़ने की संभावना की पुष्टि सरकार ने भी कर दी है। इसे देखते हुए सरकार ने फसल वर्ष 2023-24 के खरीफ सीजन में धान उत्पादन का अनुमान 10.63 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया है। यह पिछले फसल वर्ष के समान सीजन के उत्पादन 11.05 करोड़ टन से 3.79 फीसदी कम है।

मानसून की कम बारिश का खरीफ की धान पर पड़ा असर, पहले अग्रिम अनुमान में उत्पादन घटकर 10.63 करोड़ टन रहने की संभावना

अल नीनो के चलते इस साल मानसून की बारिश प्रभावित होने का असर धान उत्पादन पर पड़ने की संभावना की पुष्टि सरकार ने भी कर दी है। इसे देखते हुए सरकार ने फसल वर्ष 2023-24 के खरीफ सीजन में धान उत्पादन का अनुमान 10.63 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया है। यह पिछले फसल वर्ष के समान सीजन के उत्पादन 11.05 करोड़ टन से 3.79 फीसदी कम है। धान खरीफ सीजन की मुख्य फसल है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने फसल वर्ष 2023-24 (जुलाई-जून) की प्रमुख खरीफ फसलों के उत्पादन का पहला अग्रिम अनुमान जारी कर दिया। इसके मुताबिक, खरीफ खाद्यान्नों का उत्पादन 14.85 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया गया है। अग्रिम अनुमान के मुताबिक, खरीफ की प्रमुख फसल धान का रकबा पिछले वर्ष के अंतिम अनुमान से लगभग 2 लाख हेक्टेयर और औसत रकबे से लगभग 4.5 लाख हेक्टेयर अधिक रहा है। इसका उत्‍पादन भी औसत खरीफ धान उत्पादन की तुलना में लगभग 1 लाख टन अधिक अनुमानित है।

कृषि मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि खरीफ की प्रमुख दलहन फसल तूर (अरहर) का उत्पादन 34.21 लाख टन अनुमानित है जो पिछले वर्ष के उत्पादन के लगभग बराबर है। जबकि मूंग का उत्पादन 14.05 लाख टन होने का अनुमान है। इसके अलावा, उड़द का उत्पादन 15.05 लाख टन अनुमानित है। वर्ष 2023-24 के दौरान कुल खरीफ दलहन उत्पादन 71.18 लाख टन अनुमानित है।

पहले अग्रिम अनुमान में खरीफ की तिलहन फसलों का उत्पादन 215.33 लाख टन रहने का अनुमान जताया गया है। खरीफ की प्रमुख तिलहन फसल मूंगफली का उत्पादन 78.29 लाख टन और सोयाबीन का उत्पादन 115.28 लाख टन रहना अनुमानित है।

इसी तरह, खरीफ का मक्का और ज्वार का रकबा पिछले वर्ष के रकबे और इन फसलों के औसत रकबे की तुलना में अधिक अनुमानित है। खरीफ मक्का का उत्‍पादन 213.51 लाख टन औसत उत्पादन की तुलना में लगभग 11 लाख टन अधिक रहने का अनुमान लगाया गया है। इसका उत्पादन 224.82 लाख टन अनुमानित है। बयान के मुताबिक, वर्ष 2023-24 के दौरान मोटे अनाजों का उत्पादन 351.37 लाख टन अनुमानित है जो 350.91 लाख टन औसत उत्पादन की तुलना में थोड़ा अधिक है।

नकदी फसलों में गन्‍ने का उत्‍पादन 43.47 करोड़ टन अनुमानित है जो 42.22 करोड़ टन औसत गन्ना उत्पादन से अधिक है। कपास का उत्पादन 316.57 लाख गांठे (प्रत्येक 170 किलोग्राम) और  पटसन और मेस्ता का उत्पादन 91.91 लाख गांठे (प्रत्येक 180 किलोग्राम) अनुमानित है। वर्ष 2023-24 (केवल खरीफ) के लिए यह पहला उत्पादन अनुमान मुख्य रूप से पिछले 3 वर्षों की औसत उपज पर आधारित है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!