गेहूं की खरीद लक्ष्य के करीब पहुंची, अब तक करीब 330 लाख टन गेहूं खरीदा गया

रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 में गेहूं की सरकारी खरीद 345 लाख टन की तुलना में 330 लाख टन के करीब पहुंच गई है। पंजाब और हरियाणा में लक्ष्य से अधिक खरीद के बाद खरीदी बंद हो गई है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में अभी खरीद चल रही है।

गेहूं की खरीद लक्ष्य के करीब पहुंची, अब तक करीब 330 लाख टन गेहूं खरीदा गया

रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 में गेहूं की खरीद लक्ष्य के करीब पहुंचती लग रही है। सरकार ने इस वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 344.97 लाख टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा है, और अब तक करीब 330 लाख टन गेहूं खरीदा जा चुका है। पिछले साल पूरे सीजन में 300.35 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी। रबी 2026-27 के दौरान सरकार ने पहले 303 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा था, जो पिछले साल के लगभग बराबर था। लेकिन बाद में इसे करीब 14 प्रतिशत बढ़ाकर 344.97 लाख टन किया गया। 

हर साल की तरह इस बार भी सबसे अधिक खरीद पंजाब में ही हुई है। वहां 122 लाख टन के लक्ष्य की जगह कुल 123 लाख टन गेहूं खरीदा गया। राज्य में गेहूं की खरीद अब पूरी हो चुकी है। हरियाणा में भी खरीद अब बंद हो गई है। यहां 75 लाख टन के लक्ष्य की जगह 80.89 लाख टन गेहूं खरीदा गया है। इस वर्ष केंद्र सरकार ने गेहूं का एमएसपी 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

अन्य प्रमुख राज्यों में, मध्य प्रदेश में अभी खरीदी जारी है। वहां पहले 23 मई तक खरीद की जानी थी, लेकिन इसे बढ़ाकर 28 मई किया गया है। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत के अनुसार बुधवार तक 93.31 लाख टन गेहूं की खरीद की गई है। राज्य में पहले 78 लाख टन खरीद का लक्ष्य रखा गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 100 लाख टन किया गया। यहां समर्थन मूल्य के ऊपर 40 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस भी दिया जा रहा है। 

उत्तर प्रदेश की मंडियों में भी अभी गेहूं की खरीद जारी है। यहां पूरे सीजन में 25 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा गया था, जबकि अभी तक 14.98 लाख टन की ही खरीद हो पाई है। यानी अभी तक लक्ष्य की तुलना में 59.86 प्रतिशत गेहूं की खरीदा जा सका है। यहां 30 मार्च को खरीद शुरू हुई थी। राजस्थान में भी खरीद धीमी चल रही है। यहां 23 लाख टन खरीद का लक्ष्य था, जबकि कई दिन पहले तक 16.25 लाख टन गेहूं ही खरीदा जा सका था। यहां सरकार ने समर्थन मूल्य के ऊपर 150 प्रति क्विंटल का बोनस देने की घोषणा की थी।

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सेंट्रल फूडग्रेन प्रोक्योरमेंट पोर्टल (CFPP) पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार 21 मई तक गुजरात में 46,201 टन, बिहार में 34,777 टन, हिमाचल प्रदेश में 4,413 टन और उत्तराखंड में 4,549 टन गेहूं की खरीद हुई है। 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!