उत्तर प्रदेश सरकार के हरित महाअभियान में शिक्षा विभाग के संस्थानों में रोपे गए 43 लाख पौधे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान-2026 के तहत उत्तर प्रदेश के शिक्षा विभाग ने 43 लाख पौधे लगाए। बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा संस्थानों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने व्यापक भागीदारी की। अभियान का उद्देश्य हरित परिसर विकसित करने के साथ नई पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान-2026 में शिक्षा विभाग ने भी उल्लेखनीय भागीदारी निभाई। अभियान के अंतर्गत बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग के संस्थानों में संयुक्त रूप से 43 लाख पौधे रोपे गए। प्रदेशभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में एक साथ चले पौधरोपण अभियान में विद्यार्थियों, शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सरकार का उद्देश्य पौधरोपण के साथ नई पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सतत विकास के संस्कार विकसित करना है।
'एक पेड़ मां के नाम' थीम के अंतर्गत राज्य मुख्यालय पर भी पौधरोपण महाअभियान उत्साहपूर्वक मनाया गया। लखनऊ में माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल, अपर राज्य परियोजना निदेशक (समग्र शिक्षा) वी.के. पांडेय, वृक्षारोपण अभियान की विभागीय नोडल अधिकारी रीटा जोशी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण किया। वहीं निशातगंज स्थित एससीईआरटी परिसर में निदेशक गणेश कुमार तथा संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान ने पौधरोपण किया। इस अवसर पर एससीईआरटी के अनेक अधिकारियों एवं प्रवक्ताओं ने भी पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 12 लाख पौधे रोपे गए। परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी), ब्लॉक संसाधन केंद्रों (बीआरसी), संकुलों तथा अन्य शैक्षणिक परिसरों में व्यापक पौधरोपण किया गया। विद्यार्थियों को जैव विविधता, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व की जानकारी दी गई तथा रोपे गए पौधों के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
राज्य स्तर पर भी बेसिक शिक्षा विभाग ने अभियान की सतत निगरानी की। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं वृक्षारोपण महाअभियान-2026 की नोडल अधिकारी मोनिका रानी ने झांसी जनपद में पौधरोपण कार्यक्रमों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण भी किया और अधिकारियों को रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने तथा जनभागीदारी को और मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 11 लाख पौधे रोपे गए। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों, मान्यता प्राप्त वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों, संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों, राजकीय एवं सहायता प्राप्त व्यावसायिक विद्यालयों तथा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसरों में व्यापक पौधरोपण किया गया।
उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत सर्वाधिक 20 लाख पौधे रोपे गए। प्रदेश के राजकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। परिसरों को हरित बनाने के साथ रोपे गए पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का स्थायी अभियान बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

Join the RuralVoice whatsapp group















