मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को 203 करोड़ की मदद, सीएम शिवराज ने ऑनलाइन भेजी रकम

मुख्यमंत्री ने 26 जिलों के प्रभावित 1 लाख 46 हजार से अधिक किसानों के खाते में 202 करोड़ 90 लाख रुपये की राहत राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से डाली। कोविड पॉजिटिव होने की वजह से मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में वर्चुअली उपस्थित रहे

मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को 203 करोड़ की मदद, सीएम शिवराज ने ऑनलाइन भेजी रकम

मध्यप्रदेश में जनवरी 2022 में प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा ने फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया। ओलावृष्टि और असमय बारिश की वजह से प्रदेश के 26 जिलों के किसानों की फसलों को नुकसान हुआ था। किसानों पर आए संकट की घड़ी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को नुकसान की भरपाई करने हेतु राहत राशि का वितरण किया। 17 फरवरी को मुख्यमंत्री ने 26 जिलों के प्रभावित 1 लाख 46 हजार से अधिक किसानों के खाते में 202 करोड़ 90 लाख रुपये की राहत राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से डाली। कोविड पॉजिटिव होने की वजह से मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में वर्चुअली उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसान भाई-बहनों से संवाद कर फसल नुकसान, फसल का सर्वे और दी गई राहत राशि के बारे में बातचीत की। उन्होंने किसानों से कृषि कल्याण और अन्य योजनाओं से मिलने वाले लाभ के बारे में भी चर्चा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “किसान भाइयों के हर संकट के समय सरकार खड़ी है। फसल बीमा योजना की राशि और मिलेगी, इसके लिए भी हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।” चौहान ने कहा कि दो साल में जीरो परसेंट ब्याज पर 29 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि किसानों को दिलवाई गई है। 

26 जिलों की फसलों को हुआ था नुकसान  

प्रदेश में गत दिनों असामयिक वर्षा एवं ओला-वृष्टि से 26 जिलों के किसानों की फसलों को नुकसान हुआ था। प्रदेश में एक लाख 34 हजार 19 हेक्टेयर क्षेत्र की फसलें प्रभावित हुई थी। सर्वे के बाद प्रभावित किसानों को फसल क्षति की राशि का वितरण किया गया है। 

मुख्यमंत्री ने लिया था नुकसान का जायजा

ओलावृष्टि और असामयिक वर्षा से प्रभावित जिलों में मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त सरसों, गेहूं, चना और मसूर की फसलों का जायजा लिया था। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विदिशा, राजगढ़, निवाड़ी और अशोकनगर जिले के प्रभावित गांवों में फसलों का अवलोकन कर किसानों को राहत राशि देने का आश्वासन दिया था। 

फसल बीमा योजना की सबसे बड़ी सहायता राशि का वितरण

12 फरवरी को मुख्यमंत्री ने बैतूल से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में देश में सबसे बड़ी 7618 करोड़ रुपये की सहायता राशि का वितरण सिंगल क्लिक से किया था। पीएम फसल बीमा योजना में प्रदेश के 49 लाख दावों के लिए किसानों को 7600 करोड़ रुपये का भुगतान सिंगल क्लिक के माध्यम से किया गया था। इस फसल बीमा में खरीफ 2020 और रबी 2020-21 की फसलों के दावे शामिल थे। इससे पूर्व भी फसलें खराब होने पर 2876 करोड़ रुपये सीधे किसानों के खाते में डाले गए थे। किसानों को राज्य सरकार द्वारा अब तक 10 हजार 494 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की गई है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!