किसानों की भाजपा नेताओं को खुली बहस की चुनौती, कुर्सियां लगाकर किया इंतजार

किसान संगठनों ने चंडीगढ़ के किसान भवन में खुली बहस के लिए भाजपा नेताओं का इंतजार किया

किसानों की भाजपा नेताओं को खुली बहस की चुनौती, कुर्सियां लगाकर किया इंतजार

पंजाब में लोकसभा चुनाव की हलचल के बीच किसान संगठनों ने भाजपा के नेताओं को खुली बहस की चुनौती दी है। चंडीगढ़ के किसान भवन में भाजपा के पांच बड़े नेताओं के लिए कुर्सियां लगाकर उनका इंतजार किया गया, लेकिन भाजपा का कोई नेता वहां नहीं पहुंचा।

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) तथा किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) ने भाजपा नेताओं को बहस की चुनौती दी थी। चंडीगढ़ के किसान भवन में किसानों ने भाजपा नेताओं का इंतजार किया। पंजाब में किसान संगठन अपने मुद्दों को लेकर भाजपा उम्मीदवारों को घेरने में जुटे हैं। कई जगह भाजपा नेताओं को किसानों के विरोध और सवालों का सामना करना पड़ा रहा है।  

किसान नेता गुरअमनीत सिंह मांगट ने कहा कि मंगलवार को चंडीगढ़ के किसान भवन में बीजेपी नेताओं का इंतजार किया, लेकिन कोई भी नेता डिबेट के लिए नहीं पहुंचा। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को खुली बहस का चैलेंज देते हुए 23 अप्रैल का दिन तय किया गया था। लेकिन भाजपा के नेता बहस से भाग रहे हैं।

किसान भवन में किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ के नाम और फोटो लगी कुर्सियां लगा दी। किसान नेताओं का कहना है कि वे खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर बहस के लिए भाजपा नेताओं को खुली चुनौती देते हैं और उनका इंतजार कर रहे हैं।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!