पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा, आठ दिन में तीसरी बार बढ़े दाम

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई है। पिछले आठ दिनों में यह तीसरी वृद्धि है। हालांकि सरकार ने कहा है कि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और घबराहट में खरीदारी की जरूरत नहीं है।

पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा, आठ दिन में तीसरी बार बढ़े दाम

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। पिछले आठ दिनों में यह तीसरी बार ईंधन कीमतों में वृद्धि की गई है।

इससे पहले सप्ताह की शुरुआत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि उससे कुछ दिन पहले ही 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई थी। इन संशोधनों से पहले सरकारी तेल कंपनियों ने संकेत दिया था कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण उन्हें हर महीने करीब 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल की 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गई है। कोलकाता में पेट्रोल 110.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.02 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में उपभोक्ताओं को पेट्रोल के लिए 108.49 रुपये प्रति लीटर और डीजल के लिए 95.02 रुपये प्रति लीटर चुकाने पड़ रहे हैं। वहीं चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 105.31 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 96.98 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

सीएनजी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आईजीएल ने सीएनजी की कीमत में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है, जो पिछले 10 दिनों में तीसरी वृद्धि है। ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में उपभोक्ताओं को 89.70 रुपये प्रति किलोग्राम चुकाने होंगे।

सरकारी तेल विपणन कंपनी बीपीसीएल ने हाल ही कहा कि वह वर्तमान में डीजल को 25-30 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल को 10-14 रुपये प्रति लीटर के नुकसान पर बेच रही है। 

ईंधन की बढ़ती मांग और आपूर्ति संबंधी चिंताओं के बीच पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने आश्वासन दिया है कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। मंत्रालय ने शुक्रवार देर रात एक्स पर जारी संदेश में लोगों से घबराहट में खरीदारी नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि जिम्मेदार खपत और जन सहयोग से ईंधन की उपलब्धता सुचारू बनी रहेगी।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!