2026-27 में वैश्विक चीनी उत्पादन 5 प्रतिशत घटने का अनुमान, भारत का उत्पादन 295 लाख टन रहने की संभावना: USDA
USDA के अनुसार, 2026-27 में वैश्विक चीनी उत्पादन 5 प्रतिशत घटकर 17.81 करोड़ टन रह सकता है। इससे चीनी का भंडार 15 वर्षों के निचले स्तर पर पहुंच जाएगा। एजेंसी ने भारत का उत्पादन 295 लाख टन और निर्यात 31 लाख टन रहने का अनुमान जताया है।
वर्ष 2026-27 में वैश्विक चीनी उत्पादन में लगभग 5 प्रतिशत की गिरावट आने का अनुमान है। उत्पादन घटकर 17.81 करोड़ मीट्रिक टन रहने की संभावना है। भारत, ब्राजील और यूरोपीय संघ जैसे प्रमुख उत्पादक देशों में उत्पादन कम होगा, हालांकि चीन और रूस में उत्पादन में वृद्धि होने से कमी का असर सीमित रहने की उम्मीद है। उत्पादन में गिरावट और खपत लगभग स्थिर रहने के कारण वैश्विक चीनी आपूर्ति पर दबाव बढ़ेगा और भंडार 15 वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच सकता है।
अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) की विदेशी कृषि सेवा (FAS) की नवंबर 2026 में जारी रिपोर्ट शुगर: वर्ल्ड मार्केट्स एंड ट्रेड के अनुसार 2026-27 में वैश्विक चीनी खपत 17.64 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जो पिछले मार्केटिंग वर्ष के लगभग बराबर है। खपत अधिक रहने के कारण वैश्विक चीनी का अंतिम भंडार 12 प्रतिशत घटकर 3.98 करोड़ टन रह सकता है। यह 2011-12 के बाद का सबसे निचला स्तर होगा।
वैश्विक चीनी निर्यात 5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6.15 करोड़ टन रहने का अनुमान है। वहीं, आयात 4 प्रतिशत घटकर 5.52 करोड़ टन रह सकता है। चीन, भारत और संयुक्त अरब अमीरात की ओर से आयात में कमी की संभावना है, जबकि अमेरिका, सऊदी अरब और तुर्किये का आयात बढ़ सकता है।
भारत में उत्पादन और निर्यात घटने का अनुमान
भारत में 2026-27 के दौरान चीनी उत्पादन 295 लाख टन रहने का अनुमान है, जो 2025-26 के अनुमानित 300 लाख टन से 5 लाख टन कम है। USDA के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान कमजोर बारिश के कारण गन्ने की पैदावार प्रभावित हुई है। इसके साथ ही गन्ने से चीनी की रिकवरी में भी कमी आई है।
दूसरी ओर, देश में चीनी की खपत 2 प्रतिशत बढ़कर 3.08 करोड़ टन रहने का अनुमान है। शहरीकरण और आय में वृद्धि के कारण शीतल पेय, बेकरी उत्पादों तथा अन्य प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ रही है। औद्योगिक मांग को खपत में वृद्धि का प्रमुख कारण माना गया है।
घरेलू मांग पूरी करने के लिए भारत को लगभग 30 लाख टन चीनी आयात करनी पड़ सकती है। इसमें टैरिफ रेट कोटा (TRQ) के तहत 10 लाख टन शुल्क-मुक्त आयात भी शामिल है। हालांकि, उत्पादन और खपत के बीच अंतर को पूरा करने के लिए देश को अपने मौजूदा भंडार पर अधिक निर्भर रहना पड़ेगा।
भारत में सीजन के अंत में चीनी का भंडार घटकर 43 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले 20 वर्षों का सबसे निचला स्तर होगा। घरेलू उपलब्धता कम होने के कारण चीनी निर्यात में भी 13 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है। इसके 31 लाख टन रहने का अनुमान है, जो एक दशक का सबसे निचला स्तर होगा। USDA के अनुसार, भारत का चीनी आयात 2025-26 के 33.30 लाख टन से घटकर 2026-27 में 30.30 लाख टन रह सकता है।
ब्राजील में उत्पादन को झटका
दुनिया के सबसे बड़े चीनी उत्पादक और निर्यातक ब्राजील में भी उत्पादन घटने की आशंका जताई गई है। वर्ष 2026-27 में वहां चीनी उत्पादन 6 प्रतिशत घटकर 405 लाख टन रह सकता है। यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 30 लाख टन कम होगा।
ब्राजील के मध्य-दक्षिण क्षेत्र में भारी बारिश से गन्ने की गुणवत्ता और चीनी की रिकवरी प्रभावित हुई है। इसके कारण गन्ने का बड़ा हिस्सा चीनी के बजाय एथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल किए जाने की संभावना है।
ब्राजील का चीनी निर्यात लगभग 7 प्रतिशत घटकर 317 लाख टन रहने का अनुमान है। सामान्य तौर पर देश की कुल चीनी उपलब्धता का 70 प्रतिशत से अधिक निर्यात किया जाता है। इसलिए उत्पादन में गिरावट का अंतरराष्ट्रीय बाजार पर महत्वपूर्ण असर पड़ सकता है। घरेलू खपत भी 7 प्रतिशत घटकर 88 लाख टन रह सकती है।
यूरोपीय संघ और थाईलैंड में अलग-अलग स्थिति
यूरोपीय संघ में चीनी उत्पादन 19 प्रतिशत घटकर 1.31 करोड़ टन रहने का अनुमान जताया गया है। वर्ष 2025-26 में चीनी की कमजोर कीमतों के कारण चुकंदर का रकबा घटा था। इसके अलावा, यूरोप में शुष्क गर्मी के मौसम ने चुकंदर की पैदावार को प्रभावित किया है।
यूरोपीय संघ में चीनी की खपत एक प्रतिशत घटकर 156 लाख टन रहने का अनुमान है। उत्पादन में कमी की भरपाई के लिए आयात 20 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 22 लाख टन हो सकता है। इसके विपरीत, निर्यात घटकर 6 लाख टन रहने का अनुमान है, जो इस क्षेत्र का अब तक का सबसे निचला स्तर होगा।
थाईलैंड में भी चीनी उत्पादन 18 प्रतिशत घटकर 95 लाख टन रहने की संभावना है। अल नीनो से जुड़ी मौसम परिस्थितियों के कारण गन्ने की पैदावार प्रभावित होने की आशंका है।
हालांकि, उत्पादन में गिरावट के बावजूद थाईलैंड का चीनी निर्यात 13 प्रतिशत बढ़कर 70 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि 2025-26 में यह 62 लाख टन था। कीमतों के प्रति संवेदनशील आयातक देशों की मजबूत मांग से थाईलैंड को निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे अन्य प्रमुख निर्यातक देशों की आपूर्ति में आई कमी की कुछ हद तक भरपाई हो सकती है।
चीन में भंडार बढ़ने से आयात घटेगा
रिपोर्ट के अनुसार चीन की स्थिति वैश्विक बाजार के अन्य प्रमुख उत्पादक देशों से अलग रहेगी। वहां गन्ने की बेहतर फसल के कारण 2026-27 में चीनी उत्पादन बढ़कर 134 लाख टन हो सकता है। हालांकि, खपत में धीमी वृद्धि और घरेलू उत्पादन अधिक रहने से आयात पर निर्भरता घट रही है।
USDA के अनुसार, चीन का चीनी आयात 2025-26 के 43 लाख टन से घटकर 2026-27 में 36 लाख टन रहने का अनुमान है। वहीं, घरेलू भंडार बढ़कर 45 लाख टन हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, कम चीनी वाले और शुगर-फ्री पेय पदार्थों की बढ़ती मांग तथा उपभोक्ताओं की बदलती पसंद भी चीन में चीनी की खपत की वृद्धि को प्रभावित कर रही है।

Join the RuralVoice whatsapp group



















