कॉर्टेवा ने बीज कारोबार को अलग किया, अब फसल सुरक्षा कंपनी के रूप में काम करेगी
कॉर्टेवा ने अपने बीज कारोबार को अलग करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है और अब एक केंद्रित वैश्विक फसल सुरक्षा कंपनी के रूप में काम करेगी। इसकी 11 अरब डॉलर की पाइपलाइन में 12 नए सक्रिय घटक और पांच जैविक उत्पाद शामिल हैं।
कॉर्टेवा इंक ने अपने उन्नत बीज और जेनेटिक्स कारोबार को अलग करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब यह शुद्ध रूप से वैश्विक फसल सुरक्षा कंपनी के रूप में काम करेगी। कंपनी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नई संरचना से नवाचार, परिचालन उत्कृष्टता और दुनिया भर के किसानों के लिए फसल सुरक्षा तकनीकों के विकास पर अधिक ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी।
कॉर्टेवा के सीईओ ल्यूक किसाम ने कहा, “कॉर्टेवा के लिए यह एक नया दिन है और हम अधिक फोकस, तेजी तथा इनोवेशन और परिचालन उत्कृष्टता के प्रति नए सिरे से प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।”
उन्होंने कहा कि कृषि के सामने लगातार बदलती चुनौतियों से निपटने के लिए कंपनी अपने उत्पाद पोर्टफोलियो, कर्मचारियों और इनोवेशन पाइपलाइन का उपयोग करने के लिए तैयार है। कंपनी किसानों, वितरण साझेदारों और शेयरधारकों के लिए सुरक्षित, प्रभावी और टिकाऊ समाधान विकसित करने की दिशा में काम करेगी।
फसल सुरक्षा कारोबार में गति
कॉर्टेवा के अनुसार, 2020 से 2025 के बीच उसके फसल सुरक्षा कारोबार का राजस्व एक अरब डॉलर से अधिक बढ़ा, जबकि सेगमेंट स्तर पर ऑपरेटिंग एबिटा (EBITDA) मार्जिन में लगभग 250 आधार अंकों की बढ़ोतरी हुई।
कंपनी ने कहा कि इस वृद्धि के साथ उद्योग में अग्रणी जैविक और प्राकृतिक उत्पादों का प्लेटफॉर्म स्थापित किया गया तथा उसके उत्पाद मिश्रण को अलग पहचान रखने वाली तकनीकों की ओर ले जाया गया। कंपनी के अनुसार, अब ऐसी तकनीक की हिस्सेदारी फसल सुरक्षा बिक्री में लगभग 65% है।
कॉर्टेवा ने कहा कि इस बदलाव का उद्देश्य फसल सुरक्षा की उभरती जरूरतों के जवाब में किसानों के लिए नई तकनीक और उत्पादों को उपलब्ध कराना है।
11 अरब डॉलर की इनोवेशन पाइपलाइन
कंपनी ने कहा कि वह 11 अरब डॉलर की फसल सुरक्षा पाइपलाइन के साथ नए चरण में प्रवेश कर रही है, उसकी पाइपलाइन में अगले दशक के दौरान लॉन्च किए जाने वाले 12 नए सक्रिय घटक शामिल हैं, जिनमें पांच जैविक उत्पाद हैं।
कंपनी को उम्मीद है कि ये इनोवेशन उसके भविष्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, क्योंकि किसानों को मौसम, कीटों, खरपतवार और रोगों से जुड़ी बदलती चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
110 देशों में मौजूदगी
बीज कारोबार के अलग होने के बाद कॉर्टेवा ने कहा कि उसके लगभग 9,000 कर्मचारी करीब 110 देशों में किसानों के लिए काम गे। कंपनी खुद को एक वैश्विक फसल सुरक्षा कारोबार के रूप में पेश करती है, जिसके उत्पाद पोर्टफोलियो में पारंपरिक रसायन, जैविक उत्पाद, बीज उपचार तकनीक और प्रकृति से प्रेरित उत्पाद शामिल हैं।
कंपनी ने कहा कि उसका ध्यान अलग पहचान रखने वाले फसल सुरक्षा समाधान विकसित करने के साथ-साथ ग्राहकों के साथ संबंध मजबूत करने, परिचालन उत्कृष्टता और पूंजी के अनुशासित आवंटन पर बना रहेगा।

Join the RuralVoice whatsapp group



















