कृषि मंत्रालय ने जारी किया 2025-26 का दूसरा अग्रिम अनुमान; चावल, गेहूं और मक्का के रिकॉर्ड उत्पादन की उम्मीद
कृषि मंत्रालय की तरफ से जारी दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार वर्ष 2025-26 में भारत का खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने का अनुमान है। धान, गेहूं और मक्का के अधिक उत्पादन के कारण यह वृद्धि संभव हुई है। खरीफ और रबी दोनों मौसमों का खाद्यान्न उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में 45-50 लाख टन अधिक रहने का अनुमान है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने वर्ष 2025-26 के लिए मुख्य फसलों (खरीफ एवं रबी) के उत्पादन के दूसरे अग्रिम अनुमान जारी कर दिए गए हैं। इसके मुताबिक चावल और गेहूं के अलावा मक्का और मूंगफली का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर रहने की उम्मीद है। खरीफ में खाद्यान्न उत्पादन 1741.44 लाख मीट्रिक टन और रबी में 1745.13 लाख मीट्रिक टन अनुमानित है। यह पिछले वर्ष के खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1694.60 लाख मीट्रिक टन और रबी खाद्यान्न उत्पादन 1691.66 लाख टन की तुलना में क्रमशः लगभग 46 लाख टन (2.8%) एवं 53 लाख टन (3.2%) अधिक है।
खरीफ चावल का उत्पादन रिकॉर्ड 1239.28 लाख टन होने का अनुमान है जो 2024-25 के 1227.72 लाख टन की तुलना में 11.56 लाख टन अधिक है। रबी चावल का उत्पादन 167.20 लाख टन अनुमानित है। गेहूं का उत्पादन रिकॉर्ड 1202.10 लाख टन अनुमानित है, जो पिछले वर्ष के 1179.45 लाख टन की तुलना में 22.65 लाख टन अधिक है।
श्री अन्न में खरीफ का उत्पादन 123.43 लाख टन और रबी का 30.98 लाख टन अनुमानित है। खरीफ मक्का का उत्पादन रिकॉर्ड 302.47 लाख टन और रबी मक्का का रिकॉर्ड 159.03 लाख टन अनुमानित है। पोषक/मोटे अनाज (खरीफ) का उत्पादन 425.89 लाख टन और इनका रबी का उत्पादन 213.41 लाख टन होने का अनुमान है।
तूर एवं चने का उत्पादन क्रमश: 34.55 लाख टन एवं 117.92 लाख टन होने का अनुमान है। मसूर का उत्पादन 17.33 लाख टन अनुमानित है।
खरीफ एवं रबी में मूंगफली का उत्पादन क्रमश: 112.94 लाख टन एवं 7.97 लाख टन अनुमानित है। खरीफ मूंगफली का उत्पादन पिछले वर्ष के 104.12 लाख टन की तुलना में 8.82 लाख मीट्रिक टन अधिक है। सोयाबीन का उत्पादन 127.20 लाख टन एवं रेपसीड और सरसों का 133.31 लाख टन होने का अनुमान है। कपास का उत्पादन 290.91 लाख गांठ (प्रत्येक गांठ 170 किलोग्राम) और गन्ने का उत्पादन 5001.97 लाख टन होने का अनुमान है।
कृषि मंत्रालय के अनुसार, खरीफ फसलों के उत्पादन अनुमान तैयार करते समय फसल कटाई प्रयोग (सीसीई) आधारित उपज पर विचार किया गया है। इसके अलावा, कुछ फसलों जैसे तूर, गन्ना, अरंडी आदि की सीसीई अभी जारी है। रबी फसलों का उत्पादन औसत उपज पर आधारित है।

Join the RuralVoice whatsapp group















