धीमी हुई मानसून के आगे बढ़ने की रफ्तार, जानें आपके राज्य में कब होगी बारिश

मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के चलते उत्तर और मध्य भारत में इसकी एंट्री देरी से हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक देश में मानसून की एंट्री भले ही समय से पहले हुई थी, लेकिन अब यह कमजोर पड़ने लगा है। इस वजह से अगले कुछ दिनों में इसकी रफ्तार धीमी पड़ सकती है।

धीमी हुई मानसून के आगे बढ़ने की रफ्तार, जानें आपके राज्य में कब होगी बारिश

भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत के लिए मानसून का इंतजार लंबा हो सकता है। इसकी वजह है मानसून का कमजोर पड़ना। आमतौर पर जून के पहले हफ्ते तक उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में मानसून की एंट्री हो जाती है। लेकिन, जून का तीसरा हफ्ता खत्म होने को है और बारिश का अभी तक कोई नामोनिशान नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार देश में मानसून की एंट्री भले ही समय से पहले हुई थी, लेकिन अब यह कमजोर पड़ने लगा है। इस वजह से अगले कुछ दिनों तक इसकी रफ्तार धीमी पड़ सकती है। इससे मध्य और उत्तर भारत के राज्यों में इसके फैलाव में देरी होने की आशंका है।

मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली करने वाली निजी वेबसाइट स्काईमेट वेदर के मुताबिक, महाराष्ट्र पहुंचने के बाद मानसून धीमा हो गया है और इसे फिर से गति पकड़ने में एक सप्ताह का वक्त लग सकता है। भले ही देश के दक्षिणी इलाकों में चक्रवात की समाप्ति से मानसून कमजोर पड़ गया है, लेकिन 15-16 जून के बीच पूर्वी भारत में यह फिर से सक्रिय हो सकता है। 22 जून तक यह पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश तक सक्रिय हो जाएगा। मानसून अभी अस्थायी तौर पर कमजोर हुआ है, और ऐसा हर साल होता है। 

इन राज्यों में हुई मानसून की एंट्री 

स्काईमेट के मुताबिक, 30 मई को केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में मानसून ने दस्तक दी थी। ये पिछले दस वर्षों में चौथी बार था जब मानसून पूर्वानुमान से पहले आया हो। वहीं, महाराष्ट्र और गुजरात में भी मानसून की एंट्री समय से पहले हुई। महाराष्ट्र में 9 जून और गुजरात में 11 जून को मानसून ने दस्तक दी। हालांकि, मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से अब इसके फैलाव में देरी के आसार हैं। दोनों राज्यों को कवर करने में इसे अभी एक हफ्ते तक का समय लग सकता है। 
 
उत्तर भारत में लू का प्रकोप जारी 

मानसून कमजोर पड़ने के बीच उत्तर और मध्य भारत में लू का प्रकोप भी जारी है। मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के डेली बुलेटिन के मुताबिक, 15 से 18 जून के बीच उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू संभाग, बिहार, झारखंड, राजस्थान, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और उत्तरी ओडिशा में लू चलने की आशंका है। 

इन राज्यों में बारिश का अनुमान

आईएमडी के मुताबिक, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में 15 से 19 जून तक मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। 

15 जून को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, 15 से 19 जून के बीच मेघालय, 17 से 19 जून के बीच असम और 15 से 19 जून के बीच ओडिशा में बारिश होने की संभावना है। इसी तरह, 17 और 18 जून को केरल, 16 जून को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और मराठवाड़ा, 19 जून को मध्य महाराष्ट्र और गुजरात क्षेत्र, 18 और 19 जून को कोंकण और गोवा में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। 

Subscribe here to get interesting stuff and updates!