रबी फसलों की बुवाई 9.27 प्रतिशत पिछड़ी, गेहूं और चने का रकबा घटा; तिलहन की स्थिति बेहतर
देश में 27 नवंबर तक रबी फसलों की बुवाई पिछले साल से 9.27 प्रतिशत पीछे है। गेहूं, चना और मोटे अनाजों का रकबा घटा है, जबकि तिलहन की बुवाई बढ़ी है। तेलंगाना, ओडिशा और महाराष्ट्र में सबसे अधिक गिरावट दर्ज हुई।
देश में रबी फसलों की बुवाई की रफ्तार इस साल पिछले वर्ष के मुकाबले धीमी बनी हुई है। 27 नवंबर 2026 तक कुल 400.82 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बुवाई हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि तक 441.76 लाख हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में बुवाई का रकबा 9.27 प्रतिशत कम है। रबी फसलों का पांच साल का औसत रकबा 645.15 लाख हेक्टेयर है। इसके मुकाबले अब तक औसतन 57 प्रतिशत क्षेत्र में ही बुवाई हो पाई है। फसलों के लिहाज से देखें तो गेहूं और दलहन की बुवाई में उल्लेखनीय गिरावट है। तिलहन फसलों का रकबा पिछले साल से आगे चल रहा है।
गेहूं और दलहन की बुवाई में गिरावट
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के उपज (UPAg) पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, रबी की सबसे प्रमुख फसल गेहूं की बुवाई अब तक 180.32 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक 204.04 लाख हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी। इस तरह गेहूं का रकबा सालाना आधार पर 11.63 प्रतिशत कम है।
दलहनी फसलों की बुवाई भी पिछले साल के मुकाबले 8.77 प्रतिशत पीछे है। अब तक 78.73 लाख हेक्टेयर में दलहन की बुवाई हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह रकबा 86.31 लाख हेक्टेयर था।
दलहन में सबसे प्रमुख फसल चने की बुवाई की स्थिति ज्यादा चिंताजनक है। इसका रकबा पिछले साल के 62.77 लाख हेक्टेयर से 17.82 प्रतिशत घटकर 51.58 लाख हेक्टेयर रह गया है। हालांकि, मसूर की बुवाई में तेजी देखने को मिली है। पिछले साल 11.39 लाख हेक्टेयर के मुकाबले इस साल अब तक 14.39 लाख हेक्टेयर में मसूर बोई जा चुकी है। यह 26.35 प्रतिशत की वृद्धि है।
मोटे अनाजों का रकबा भी पीछे
मोटे अनाजों की बुवाई में भी गिरावट का रुख है। 27 नवंबर तक इनका रकबा 23.53 लाख हेक्टेयर रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 29.02 लाख हेक्टेयर में बुवाई हुई थी। इस तरह मोटे अनाजों का रकबा 18.93 प्रतिशत कम है।
मोटे अनाजों में ज्वार की बुवाई पिछले साल के 15.16 लाख हेक्टेयर से 26.69 प्रतिशत घटकर 11.11 लाख हेक्टेयर रह गई है। वहीं, मक्के का रकबा भी पिछले साल के 8.70 लाख हेक्टेयर के मुकाबले घटकर 7.82 लाख हेक्टेयर हुआ है।
तिलहन की बुवाई पिछले साल से आगे
अन्य प्रमुख फसलों के मुकाबले तिलहन की बुवाई की स्थिति बेहतर है। इनका कुल रकबा पिछले साल के 83.99 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 86.21 लाख हेक्टेयर हो गया है। इसमें मुख्य योगदान रेपसीड एवं सरसों का है। इनकी बुवाई पिछले साल के 80.18 लाख हेक्टेयर के मुकाबले बढ़कर 82.49 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गई है।
कई राज्यों में बुवाई 20 फीसदी से ज्यादा पीछे
राज्यवार आंकड़ों में रबी बुवाई की स्थिति में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। नौ राज्यों में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले बुवाई 20 प्रतिशत से अधिक पीछे चल रही है। इनमें तेलंगाना, ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, झारखंड और गुजरात जैसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्य शामिल हैं।
तेलंगाना में रबी फसलों का रकबा पिछले साल की तुलना में 71.4 प्रतिशत कम है। ओडिशा में बुवाई 43.61 प्रतिशत, महाराष्ट्र में 33.39 प्रतिशत, कर्नाटक में 29 प्रतिशत, राजस्थान में 28.75 प्रतिशत, झारखंड में 26.5 प्रतिशत और गुजरात में 24.6 प्रतिशत पीछे है।
अन्य कई प्रमुख राज्यों में भी बुवाई की रफ्तार धीमी है। हिमाचल प्रदेश में रकबा पिछले साल से 15.3 प्रतिशत, तमिलनाडु में 12.96 प्रतिशत, हरियाणा में 10.3 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ में 6.5 प्रतिशत कम है।
इसके विपरीत, पंजाब में रबी फसलों की बुवाई पिछले साल के लगभग बराबर पहुंच गई है। मध्य प्रदेश में पिछले साल के मुकाबले 5.33 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश में 6.67 प्रतिशत अधिक क्षेत्र में बुवाई हुई है। पश्चिम बंगाल में रकबा 6.68 प्रतिशत और केरल में 7.1 प्रतिशत बढ़ा है। आंध्र प्रदेश और बिहार में बुवाई की स्थिति पिछले साल के मुकाबले काफी बेहतर है। आंध्र प्रदेश में रकबा 59.5 प्रतिशत और बिहार में 111 प्रतिशत अधिक दर्ज किया गया है।

Join the RuralVoice whatsapp group



















