रूस की यूरालकेम ने भारत में लॉन्च किया SOLAR कैल्शियम नाइट्रेट उर्वरक, 20% बाजार हिस्सेदारी का लक्ष्य
रूस की यूरालकेम ग्रुप ने भारत में अपना SOLAR कैल्शियम नाइट्रेट ग्रेन्युलर उर्वरक पेश किया है। कंपनी आने वाले वर्षों में कम से कम 10,000 टन आपूर्ति का लक्ष्य रखती है। खेतों में इसके परीक्षण से मिर्च की पैदावार 6.3% और आलू की 13% तक बढ़ने का दावा किया गया है।
रूस की खनिज उर्वरक और रासायनिक उत्पाद निर्माता कंपनी यूरालकेम ग्रुप भारत में अपनी SOLAR श्रृंखला के विशेष उत्पाद कैल्शियम नाइट्रेट ग्रेन्युलर (CNG) की बिक्री शुरू कर रही है। इस उत्पाद को भारत में पहली बार फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) के वार्षिक सेमिनार के साथ आयोजित प्रदर्शनी में पेश किया जा रहा है। यह आयोजन 26 से 28 नवंबर तक नई दिल्ली में हो रहा है। प्रदर्शनी में आने वाले किसानों को विभिन्न फसलों में SOLAR CNG के उपयोग के बारे में निःशुल्क सलाह भी दी जाएगी।
CNG एक विशिष्ट खनिज उर्वरक है, जिसका बाजार में कोई समकक्ष उत्पाद उपलब्ध नहीं है। इसमें सक्रिय तत्व यानी कैल्शियम नाइट्रेट की मात्रा 98 प्रतिशत है, जो सामान्य कैल्शियम उत्पादों की तुलना में 20-25 प्रतिशत अधिक है। पोषक तत्व की अधिक सांद्रता के कारण किसानों को इसकी कम मात्रा का इस्तेमाल करना पड़ता है। इससे उर्वरक के प्रयोग की मात्रा के साथ-साथ परिवहन और भंडारण की लागत भी कम होती है।
SOLAR CNG सब्जियों, फलों और अन्य फसलों में कैल्शियम की कमी को प्रभावी ढंग से दूर करता है। इससे उपज की गुणवत्ता, भंडारण अवधि और पैदावार में भी सुधार होता है। यह उर्वरक विशेष रूप से ग्रीनहाउस और अम्लीय मिट्टी में अधिक प्रभावी है।
इन विशेषताओं के कारण CNG भारतीय बाजार के लिए उपयुक्त है। देश में ड्रिप सिंचाई का विस्तार, फल एवं सब्जी क्षेत्र की बढ़ती गतिविधियां, प्रति इकाई क्षेत्र अधिक उत्पादन हासिल करने की जरूरत, उर्वरकों के बेहतर उपयोग पर जोर और कृषि उपज के गुणवत्ता मानकों में सुधार की मांग से उन्नत पोषण सॉल्यूशन की आवश्यकता बढ़ रही है।
भारत जैसी परिस्थितियों वाली मिट्टी और जलवायु में मिर्च की फसल पर किए गए CNG के परीक्षणों से पता चला कि फल पकने के दौरान इसका एक बार पत्तियों पर छिड़काव करने से पैदावार में 6.3 प्रतिशत की वृद्धि होती है। आलू की फसल पर किए गए परीक्षणों में 150 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से मिट्टी में इस उर्वरक का प्रयोग करने पर पैदावार में 13 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई।
यूरालकेम ग्रुप के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन डेवलपमेंट डायरेक्टर कॉन्स्टेंटिन शारिपोव ने कहा, “भारत दुनिया के सबसे बड़े खनिज उर्वरक बाजारों में से एक है और हमारी विस्तार योजनाओं में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। हम कई वर्षों से भारतीय कृषि क्षेत्र को गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की विश्वसनीय आपूर्ति कर रहे हैं। भारतीय बाजार में SOLAR CNG को पेश करना इस पारस्परिक लाभकारी सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में अगला कदम है।”
उन्होंने कहा, “आने वाले वर्षों में हमारी भारत में कम से कम 10,000 टन CNG आपूर्ति करने की योजना है। दीर्घकाल में हमारा लक्ष्य भारत के कैल्शियम नाइट्रेट बाजार में लगभग 20 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करना है।”

Join the RuralVoice whatsapp group



















