यूपी में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान के एवज में 535 करोड़ रुपये मुआवजा

एसडीआरएफ से 535 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इससे उन करीब 15 लाख किसानों को मदद राशि दी जाएगी जिनकी फसलों को 2021-22 में बाढ़ से नुकसान हुआ था

यूपी में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान के एवज में 535 करोड़ रुपये मुआवजा

उत्तर प्रदेश सरकार ने बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को होने वाले नुकसान के मुआवजे के तौर पर 535 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। यह आवंटन मौजूदा वित्त वर्ष 2021-22 के लिए है। तीन केंद्रीय कृषि कानूनों, जिन्हें सरकार ने पिछले महीने वापस ले लिया, के खिलाफ किसानों की ती नाराजगी को देखते हुए प्रदेश की योगी सरकार ने उन्हें लुभाने के लिए इस तरह के कई फैसले किए हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार स्टेट डिजैस्टर रेस्पांस फंड (एसडीआरएफ) से 535 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इससे उन करीब 15 लाख किसानों को मदद राशि दी जाएगी जिनकी फसलों को 2021-22 में बाढ़ से नुकसान हुआ था। पिछले दिनों बारिश और ओले से भी किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। उसके मुआवजे के तौर पर राज्य सरकार ने 38 करोड़ रुपये जारी किए हैं।

उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि राहत आयुक्त कार्यालय को निर्देश दिया गया है कि वह बारिश से फसलों को नुकसान का विवरण उपलब्ध कराए, ताकि मुआवजे की रकम सीधे किसानों के बैंक खाते में जमा कराई जा सके। बेमौसम बारिश और ओले से राज्य में रबी की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है।

Subscribe here to get interesting stuff and updates!