कृषि अवशेषों से विशेष रसायनों का उत्पादन बढ़ाने के लिए altM ने जुटाए एक करोड़ डॉलर

altM ने Rainmatter by Zerodha और Mela Ventures के नेतृत्व में सीरीज ए फंडिंग राउंड में 1.03 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। बेंगलुरु स्थित यह स्टार्टअप कृषि अवशेषों से विशेष रसायनों का व्यावसायिक उत्पादन बढ़ाएगा, जिससे जीवाश्म आधारित औद्योगिक कच्चे माल पर निर्भरता घटेगी।

कृषि अवशेषों से विशेष रसायनों का उत्पादन बढ़ाने के लिए altM ने जुटाए एक करोड़ डॉलर

बेंगलुरु स्थित विशेष रसायन बनाने वाली स्टार्टअप कंपनी altM ने कृषि अवशेषों से उच्च प्रदर्शन वाले रसायनों का व्यावसायिक उत्पादन बढ़ाने के लिए सीरीज ए फंडिंग राउंड में 1.03 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। कंपनी का लक्ष्य औद्योगिक क्षेत्र में जीवाश्म आधारित कच्चे माल पर निर्भरता कम करना है।

इस फंडिंग राउंड में नए निवेशक रेनमैटर बाय जीरोधा और मेला वेंचर्स शामिल हुए हैं। इनके अलावा मौजूदा निवेशकों ओमनीवोर, थिया वेंचर्स, ऑरियोलिस वेंचर्स और स्पेक्ट्रम इंपैक्ट के साथ एंजेल निवेशकों ने भी निवेश किया है।

कंपनी के अनुसार, इस निवेश का इस्तेमाल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने, अनुसंधान एवं विकास, ग्राहकों के लिए उत्पादों की उपयुक्तता और गुणवत्ता संबंधी परीक्षण कार्यक्रमों तथा इंजीनियरिंग और वाणिज्यिक टीमों को मजबूत करने में किया जाएगा। कंपनी पायलट स्तर के उत्पादन से व्यावसायिक मैन्युफैक्चरिंग की ओर बढ़ रही है।

वर्ष 2022 में टेस्ला के पूर्व मैन्युफैक्चरिंग विशेषज्ञ अपूर्व गर्ग और युगल राज जैन ने altM की स्थापना की थी। बाद में बायोप्रोसेसिंग वैज्ञानिक डॉ. हर्षद वेलंकर कंपनी के मुख्य वैज्ञानिक अधिकारी के रूप में शामिल हुए।

कंपनी की तकनीक गन्ने की खोई, धान के पुआल और अन्य कृषि अवशेषों सहित लिग्नोसेल्यूलोसिक बायोमास को प्रसंस्कृत करके औद्योगिक उपयोग की सामग्री तैयार करती है। इनका इस्तेमाल सौंदर्य एवं पर्सनल केयर उत्पादों, कपड़ा, औद्योगिक रसायनों, निर्माण, पैकेजिंग और उपभोक्ता वस्तुओं में किया जा सकता है।

altM के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अपूर्व गर्ग ने कहा, “औद्योगिक मैन्युफैक्चरिंग एक सदी से अधिक समय से जीवाश्म कार्बन पर निर्भर रही है। हम कृषि अवशेषों से औद्योगिक कार्बन का एक नया स्रोत तैयार कर रहे हैं।”

वर्ष 2023 में 35 लाख डॉलर की सीड फंडिंग जुटाने के बाद कंपनी ने बेंगलुरु में एकीकृत अनुसंधान एवं पायलट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित किया है। कंपनी ने अपनी प्रयोगशाला का विस्तार लगभग पांच गुना किया है।

रेनमैटर बाय जीरोधा में क्लाइमेट एवं डीप टेक के प्रमुख अभिनव नेगी ने कहा कि कंपनी भारत के कृषि अवशेषों को उच्च प्रदर्शन वाले जैव-रसायनों में बदलकर औद्योगिक मूल्य सृजित कर रही है। मेला वेंचर्स के प्रबंध निदेशक कृष्णकुमार एन. ने कहा कि altM जीवाश्म आधारित कच्चे माल के समान प्रदर्शन करने वाली सामग्री विकसित करने की चुनौती पर काम कर रही है, जिसमें कार्बन का स्रोत बदला जा रहा है।

कंपनी के सह-संस्थापक एवं मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) युगल राज जैन ने कहा कि उत्पादन का स्तर बढ़ने के साथ लगातार एक जैसी गुणवत्ता वाली सामग्री तैयार करने वाली मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रियाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। ओमनीवोर के पार्टनर अभिलाष सेठी ने कहा कि altM ने वैज्ञानिक अनुसंधान को व्यावसायिक स्तर की मैन्युफैक्चरिंग में बदलने की क्षमता दिखाई है।

Subscribe Rural Voice Newsletter