उत्तर भारत में अगले दो–तीन दिन शीतलहर का असर, पहाड़ों में कई जगह बर्फबारी
मौसम विभाग ने 8 और 9 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों में; 8 से 10 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में; तथा 9 से 12 जनवरी 2026 के दौरान राजस्थान में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर और तेज हो गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) के ताज़ा अनुमान के अनुसार, अगले दो–तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है और मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।
ठंड बढ़ने के साथ पंजाब के अमृतसर और लुधियाना, हरियाणा के अंबाला तथा राजस्थान के गंगानगर और जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट का अनुमान जताया है। यूपी का इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा जहाँ न्यूनतम तापमान 2.6°C दर्ज किया गया।
आज पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में कोहरे की चादर छाई रही। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कुछ शहरी इलाकों में दोपहर के समय हल्की धूप निकलने की संभावना है, लेकिन ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण इसका असर सीमित रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 से 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और उत्तर-पूर्व भारत में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।
मौसम विभाग ने 8 और 9 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों में; 8 से 10 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में; तथा 9 से 12 जनवरी 2026 के दौरान राजस्थान में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इस अवधि में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में घने से बहुत घने कोहरे की संभावना जताई गई है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और उत्तर-पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भी घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।
घने कोहरे के कारण देश के कई हिस्सों में रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। उत्तरी रेलवे के अनुसार, सुबह कम दृश्यता के चलते दिल्ली आने-जाने वाली 50 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जबकि उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में यह 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
गुलमर्ग और पहलगाम जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है। घाटी में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। शिमला, मनाली और बद्रीनाथ जैसे क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी का अनुमान है। उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में 'ग्राउंड फ्रॉस्ट' (पाला) की चेतावनी दी गई है, जो फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान ठंड और कोहरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर व कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना है, ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

Join the RuralVoice whatsapp group















